Instagram पर अब नहीं चलेगा अश्लील कंटेंट! Meta ने बदले नियम, Reels और Feed पर पड़ेगा असर

Instagram New Update: अगर आप भी Instagram खोलते ही Reels स्क्रॉल करने लगते हैं और कब एक घंटा निकल जाता है, पता ही नहीं चलता, तो आपके लिए एक जरूरी अपडेट है। अब Instagram पर आपको पहले की तरह हर तरह का कंटेंट सुझावों में नहीं दिखेगा। Meta ने अपने कंटेंट दिखाने वाले सिस्टम में बदलाव किया है। इसके तहत आपत्तिजनक, संवेदनशील और कम गुणवत्ता वाले कंटेंट को यूजर्स के सामने लाने से बचने की कोशिश की जाएगी। इसका असर Instagram के Reels, Explore और Feed पर देखने को मिल सकता है। यानी अब वीडियो और पोस्ट दिखाने में सिर्फ आपकी पसंद ही नहीं, बल्कि कंटेंट की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाएगा।
अब Instagram पर नहीं दिखेगा हर तरह का कंटेंट
अभी तक Instagram पर यूजर्स को उनकी पसंद और एक्टिविटी के हिसाब से पोस्ट और वीडियो दिखाए जाते हैं। आपने कौन-सी Reel देखी, किस पोस्ट को लाइक किया और किस तरह के अकाउंट पर ज्यादा समय बिताया, इन सब बातों को Instagram का सिस्टम समझता है। इसके बाद आपको वैसे ही दूसरे वीडियो और पोस्ट सुझावों में दिखने लगते हैं। खास बात यह है कि इसमें उन अकाउंट का कंटेंट भी शामिल होता है, जिन्हें आपने फॉलो नहीं किया है। उदाहरण के लिए, अगर आप Instagram पर खाने-पीने की जगहों, रेस्टोरेंट और किताबों से जुड़ी पोस्ट देखते हैं, तो आपके Explore और Reels में इसी तरह का कंटेंट ज्यादा दिखाई दे सकता है। लेकिन अब Meta इस सिस्टम में कुछ बदलाव कर रहा है। कंपनी की कोशिश है कि यूजर्स को ऐसे वीडियो और पोस्ट कम दिखें, जो आपत्तिजनक, संवेदनशील या खराब गुणवत्ता वाले हो सकते हैं।
Reels और Explore में क्या बदलेगा?
Meta ने अपने रिकमेंडेशन सिस्टम के लिए कुछ खास नियम बनाए हैं। इन नियमों का मकसद ऐसे कंटेंट को सुझावों में आने से रोकना है, जो Instagram की तय गाइडलाइंस पर खरा नहीं उतरता। इसके लिए कंपनी AI और दूसरी तकनीकों की मदद से कंटेंट और अकाउंट की पहचान करती है। अगर कोई पोस्ट या अकाउंट इन नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसके कंटेंट को यूजर्स के सुझावों में शामिल करने से बचा जा सकता है।
इसका सबसे ज्यादा असर Instagram के तीन फीचर्स पर पड़ सकता है।
- Reels: यहां वीडियो देखते समय आपत्तिजनक और कम गुणवत्ता वाले वीडियो कम सुझाए जा सकते हैं।
- Explore: नए अकाउंट और पोस्ट खोजते समय कंटेंट की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाएगा।
- Feed: यूजर्स को दिखाई देने वाली सुझाई गई पोस्ट में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि Instagram पर ऐसा हर कंटेंट पूरी तरह हटा दिया जाएगा। कंपनी का फोकस खासतौर पर ऐसे कंटेंट को सुझावों में कम जगह देने पर है।
सरकार की एडवाइजरी के बाद बदला सिस्टम
Instagram के इस बदलाव के पीछे भारत सरकार की एडवाइजरी भी अहम वजह है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 10 अक्टूबर को Meta को एडवाइजरी जारी की थी। इसमें कंपनी से अपने कंटेंट रिकमेंडेशन और रैंकिंग सिस्टम की समीक्षा करने को कहा गया था। सरकार की चिंता थी कि सोशल मीडिया का एल्गोरिदम गलत और भ्रामक जानकारी के साथ आपत्तिजनक कंटेंट को भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा सकता है। दरअसल, सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट तेजी से वायरल होती है तो वह कुछ ही समय में लाखों लोगों तक पहुंच सकती है। ऐसे में अगर गलत जानकारी या आपत्तिजनक कंटेंट को ज्यादा लोगों के सुझावों में दिखाया जाता है, तो इसका असर यूजर्स पर पड़ सकता है।
AI की मदद से कंटेंट पर रखी जाएगी नजर
सरकार की एडवाइजरी के बाद Meta ने भारत में Instagram के सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए AI आधारित तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया है। इसकी मदद से कंपनी ऐसे कंटेंट और अकाउंट की पहचान करने की कोशिश कर रही है, जिन्हें सुझावों में जगह नहीं मिलनी चाहिए। हालांकि, Meta ने इन बदलावों को सीधे तौर पर सरकार की एडवाइजरी का नतीजा नहीं बताया है। अब देखना होगा कि इस नए सिस्टम के लागू होने के बाद Instagram यूजर्स के Reels और Explore में कितना बदलाव आता है। फिलहाल इतना साफ है कि अब वीडियो दिखाने के मामले में सिर्फ आपकी पसंद ही नहीं, कंटेंट की क्वालिटी भी मायने रखेगी।




















