कार में बैठकर पी रहे थे शराब, अचानक लगी आग, नोएडा में युवक की जिंदा जलकर मौत

उत्तर प्रदेश के नोएडा में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां सेक्टर-126 इलाके में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। हादसे के समय कार के अंदर दो युवक बैठकर शराब पी रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि एक युवक को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। वह कार के अंदर ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई। वहीं, आग लगने के कुछ देर बाद कार में लगे CNG सिलेंडर में भी जोरदार धमाका हो गया। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कार में मौजूद दूसरा युवक सुरक्षित बच गया।
देर रात कार में बैठकर पी रहे थे शराब
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार देर रात करीब 11 बजे की है। नोएडा के सेक्टर-126 स्थित ट्रक मार्केट के पास कैब चालक राजेंद्र अपनी कार में सुशील नाम के युवक के साथ बैठा था। बताया जा रहा है कि दोनों कार के अंदर शराब पी रहे थे। इसी दौरान राजेंद्र किसी काम से कार से बाहर उतर गया। उसके बाहर जाने के कुछ ही देर बाद अचानक कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार के अंदर मौजूद सुशील को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। वह अंदर ही फंस गया और आग की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: अनूपपुर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में 3 की मौत; 4 गंभीर घायल
आग के बाद CNG सिलेंडर में हुआ धमाका
कार में आग लगने के बाद कुछ ही देर में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। दरअसल, कार में CNG सिलेंडर लगा हुआ था। आग की चपेट में आने के बाद सिलेंडर में भी ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद कार की जांच की गई और अंदर से युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान सुशील के रूप में की है। हालांकि, अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि सुशील मूल रूप से कहां का रहने वाला था।
बीड़ी पीने के दौरान आग लगने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में कार में बीड़ी पीने के दौरान आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कैब चालक राजेंद्र शराब पीने का आदी है और आसपास के इलाके में ही रहता है। वह अक्सर लोगों के साथ बैठकर शराब पीता था। घटना वाली रात भी वह शराब के ठेके के पास एक युवक को अपनी कार में बैठाकर शराब पी रहा था। हालांकि, अभी तक आग लगने की असली वजह की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले में एडिशनल डीसीपी अभय कुमार ने बताया कि कार में CNG सिलेंडर लगा हुआ था। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक सुशील कहां का रहने वाला था, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है। इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। साथ ही कार चालक राजेंद्र से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी पूरी जानकारी मिल सके। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार में आग कैसे लगी और हादसे के पीछे की असली वजह क्या थी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही वजह सामने आ सकेगी।




















