Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

QUAD में ट्रंप का बड़ा ऐलान, अगले साल होगा बिजनेस लीडर्स फोरम, PM मोदी को बताया अपना दोस्त

QUAD बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगले साल बिजनेस लीडर्स फोरम आयोजित करने का ऐलान किया। उन्होंने PM मोदी को अपना मित्र और दुनिया का सम्मानित नेता बताया। बैठक में चारों देशों ने महत्वपूर्ण खनिजों, सप्लाई चेन और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं, PM मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से भी मुलाकात की।
QUAD में ट्रंप का बड़ा ऐलान, अगले साल होगा बिजनेस लीडर्स फोरम, PM मोदी को बताया अपना दोस्त
ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, QUAD में आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति

QUAD Summit: मनीला में हुई क्वाड (QUAD) बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच आर्थिक और व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्वाड को बेहद अहम समूह बताते हुए अगले साल पहले क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम के आयोजन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चारों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सुरक्षा को लेकर सहयोग लगातार बढ़ रहा है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी खास चर्चा हुई। ट्रंप ने उन्हें अपना दोस्त बताते हुए दुनिया भर में सम्मानित नेता कहा।

अगले साल होगा पहला QUAD बिजनेस फोरम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि क्वाड के चारों देश आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। इसी दिशा में अगले साल पहले क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम का आयोजन किया जाएगा। इसका मकसद चारों देशों के कारोबारियों और व्यापारिक संगठनों के बीच सहयोग बढ़ाना है। ट्रंप ने महत्वपूर्ण खनिजों और दुर्लभ खनिजों (रेयर अर्थ) को लेकर हुए नए समझौतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन समझौतों से जरूरी खनिजों की सप्लाई को सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही किसी एक विदेशी देश या सप्लायर पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने आगे कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों और रेयर अर्थ के क्षेत्र में चारों देश मिलकर काम कर रहे हैं। आने वाले 12 महीनों में कई ऐसी पहल की जाएंगी, जिनका असर पूरी दुनिया में देखने को मिलेगा। ट्रंप ने क्वाड बैठक को वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इस बार दुनियाभर के मीडिया का ध्यान भी इस बैठक पर है।

PM मोदी को बताया अपना दोस्त

बैठक के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने मोदी को अपना मित्र बताते हुए कहा कि वह दुनियाभर में सम्मानित नेता हैं। ट्रंप के इस बयान को भारत और अमेरिका के रिश्तों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मनीला और क्वाड का रिश्ता काफी पुराना और खास रहा है। पीएम मोदी ने बताया कि साल 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक मनीला में ही हुई थी। इसके बाद साल 2017 में भी इसी शहर से क्वाड बातचीत दोबारा शुरू हुई थी। ऐसे में मनीला में एक बार फिर क्वाड बैठक होना एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले साल जनवरी से अब तक चारों देशों के विदेश मंत्री पांच बार मुलाकात कर चुके हैं। यह दिखाता है कि सभी देश क्वाड को लेकर गंभीर हैं और मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

समुद्री सुरक्षा और सप्लाई चेन पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि भारत के लिए क्वाड एक भरोसेमंद और सकारात्मक साझेदारी है। इसके जरिए चारों देश समुद्री सुरक्षा, जरूरी सामान की सप्लाई, नई तकनीक और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि मनीला में हुई यह बैठक भविष्य में सहयोग के नए रास्ते खोलेगी। साथ ही चारों देशों के बीच साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए नए लक्ष्य तय करने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें: मनीला में मोदी-ट्रंप की मुलाकात, अमेरिकी राष्ट्रपति ने की पीएम की तारीफ; बोले- मेरे बहुत अच्छे दोस्त और शानदार नेता

सिंगापुर के प्रधानमंत्री से भी मिले PM मोदी

क्वाड बैठक के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से भी मुलाकात की। यह बैठक 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के दौरान हुई। दोनों नेताओं ने सितंबर 2025 में लॉरेंस वोंग की भारत यात्रा के दौरान बनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की कार्ययोजना पर हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग को और बढ़ाने पर भी बातचीत हुई।

इन 8 क्षेत्रों में बढ़ेगा भारत-सिंगापुर सहयोग

बैठक में भारत और सिंगापुर के बीच आठ प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा हुई। इनमें आर्थिक सहयोग, कौशल विकास, डिजिटल तकनीक, सतत विकास, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और चिकित्सा, रक्षा एवं सुरक्षा के साथ लोगों के बीच संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान शामिल हैं। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए। इसके अलावा पीएम मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग को आसियान की आगामी अध्यक्षता के लिए शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि भारत, सिंगापुर की सफल आसियान अध्यक्षता के लिए पूरा सहयोग करेगा। इस तरह मनीला दौरे के दौरान क्वाड देशों के साथ-साथ भारत और सिंगापुर के रिश्तों को मजबूत करने पर भी खास जोर दिया गया।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts