DSP कल्पना वर्मा मामले से चर्चा में आई दीपक टंडन पर 7 दिन में 5 FIR, पत्नी बरखा भी हुई गिरफ्तार

रायपुर: राजधानी रायपुर में न्यूज पोर्टल संचालक और होटल कारोबारी अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक सप्ताह के भीतर उसके खिलाफ पांच FIR दर्ज होने के बाद अब रायपुर पुलिस उसे बिलासपुर जेल से रायपुर लाने की तैयारी में है। वहीं, उसकी पत्नी बरखा टंडन को भी धोखाधड़ी और धमकी के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब दोनों से जुड़े मामलों में पूछताछ कर डिजिटल साक्ष्य खंगालने की तैयारी कर रही है।
एक सप्ताह में पांच FIR, पति-पत्नी पर शिकंजा
दीपक टंडन के खिलाफ अलग-अलग आरोपों में एक सप्ताह के भीतर पांच आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें दो मामलों में उसकी पत्नी बरखा टंडन को भी आरोपी बनाया गया है। रायपुर में दर्ज मामलों में धोखाधड़ी, धमकी, होटल पर कथित अवैध कब्जा और जमीन के सौदे में रकम वसूलने जैसे आरोप शामिल हैं।
संबंधित खबर: दीपक टंडन पर ठगी की FIR की हैट्रिक, कोयला टेंडर, लग्जरी कार और रेस्टोरेंट के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी के आरोप
होटल पर कब्जे से लेकर 36 लाख की धोखाधड़ी तक आरोप
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर होटल कारोबारी सरिता बाजपेयी के होटल पर अवैध कब्जा करने, धमकाने और दुर्व्यवहार करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
जमीन के सौदे में 36 लाख रुपये लेने का आरोप
दूसरे मामले में दीपक और बरखा टंडन पर दूसरे की जमीन का सौदा कर 36 लाख रुपये लेने का आरोप है। शिकायत में एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने की बात भी सामने आई है। इस मामले में दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
SUV सौदे में 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी
तीसरे मामले में एसयूवी बेचने का सौदा कर 20 लाख रुपये लेने के बाद कथित रूप से धोखाधड़ी करने का आरोप दीपक टंडन पर लगा है। पुलिस अब रकम के लेन-देन और वाहन सौदे से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगी।
अधिकारियों से नजदीकी बताकर कारोबारियों से वसूली?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में पुलिस और प्रशासन के कुछ अधिकारियों से नजदीकी होने का हवाला देकर कारोबारियों से रकम लेने के आरोप भी हैं। शिकायतों में टेंडर दिलाने, अधिकारियों के तबादले और मनचाही पदस्थापना कराने के नाम पर पैसे लेने की बात सामने आई है। आरोप है कि कई मामलों में वादा पूरा नहीं होने के बावजूद संबंधित लोगों को उनकी रकम वापस नहीं की गई। हालांकि, इन आरोपों को लेकर अधिकारियों की ओर से अब तक कोई औपचारिक शिकायत सामने नहीं आई है। पुलिस इन पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
AI से अश्लील फोटो-वीडियो बनाने का आरोप, बिलासपुर से हुई गिरफ्तारी
दीपक टंडन के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत बिलासपुर से हुई थी। आरोप है कि उसने अपने न्यूज पोर्टल के माध्यम से एक मीडियाकर्मी के खिलाफ AI से तैयार आपत्तिजनक फोटो और वीडियो प्रसारित किए थे। इसके साथ ही जादू-टोने से जुड़े आरोप भी लगाए गए थे। मीडियाकर्मी की शिकायत के बाद बिलासपुर पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह बिलासपुर जेल में बंद है।
मोबाइल में मिले चैट और वीडियो खोल सकते हैं नए राज
रायपुर पुलिस अब दीपक टंडन को यहां लाकर दर्ज मामलों में पूछताछ करेगी। उसके मोबाइल फोन में मिले चैट, फोटो और वीडियो की जांच की जाएगी। होटल में आयोजित पार्टियों और बैठकों के कथित वीडियो भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस पति-पत्नी से पूछताछ कर लेन-देन, ब्लैकमेलिंग और अन्य लोगों की संभावित भूमिका का पता लगाने की कोशिश करेगी। जांच में नए तथ्य सामने आने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।




















