Datia By Election Voting 2026: मतदान समाप्त होने तक 71.4 प्रतिशत वोटिंग, 2023 की तुलना में 9 फीसदी कम

Live Updates
07:15 PM 30/07/26
मतदान समाप्त होने तक 71.4 प्रतिशत वोटिंग, 2023 की तुलना में 9 फीसदी कम
दतिया विधानसभा उपचुनाव में शाम 6 बजे तक 71.4% वोटिंग हुई है। यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। हालांकि वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में यह 9 प्रतिशत कम है। तब दतिया में 79.04 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, जबकि वर्ष 2018 में 77.35 प्रतिशत व वर्ष 2013 में 75.59 प्रतिशत। इस बार कम वोटिंग का कारण दोपहर में हुई बारिश को भी बताया जा रहा है। यहां भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह आमने-सामने हैं।
06:45 PM 30/07/26
मतदान खत्म, पॉलिटेक्निक कॉलेज में जमा हो रही ईवीएम
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शाम 6 बले समाप्त हो गया है। मतदान खत्म होने के बाद पीठासीन अधिकारी और मतदान दल ईवीएम जमा करने के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंच रहे हैं। यहां के स्टोर रूम में ईवीएम रखी जाएंगी। ये ईवीएम 3 अगस्त को निकाली जाएंगी जिस दिन मतगणना है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार भी पिछली बार की तरह वोटिंग प्रतिशत रहेगा। 2023 में यहां 80 प्रतिशत मतदान हुआ था।
05:30 PM 30/07/26
शाम 5 बजे तक 69.36 प्रतिशत मतदान
दतिया विधानसभा उपचुनाव: तीन बजे के बाद मतदान प्रतिशत में कमी आई है। इसकी एक वजह बारिश भी है। बारिश के कारण मतदाताओं को कुछ परेशानी हुई। शाम 5 बजे तक 69.36 प्रतिशत वोटिंग हुई है, जिसमें 83,370 पुरषों व 69,508 महिलाओं ने किया मतदान। अभी तक कुल 1 लाख 52 हजार 880 मतदाताओं ने अपनी मताधिकार का प्रयोग किया है। वोटिंग शाम 6 बजे तक होगी।
05:00 PM 30/07/26
कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को थाने ले गई पुलिस
दतिया विधानसभा क्षेत्र के रामसागर गांव में उस वक्त हंगामा हो गया जब पुलिसकर्मियों और कांग्रेस एजेंट के बीच बहस हो गई। इसके बाद पुलिस कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को थाने ले गई। पुलिस ने पोलिं एजेंट पर मतदाताओं से बात करने का आरोप लगाया। इस दौरान पोलिंग एजेंट के साथियों ने वीडियो बनाने की कोशिश की तो उन्हें रोक दिया गया। पोलिंग एजेंट को थाने ले जाने पर कई कांग्रेस नेता थाने पहुंच गए, इसके बाद पुलिस ने समझाइश देकर पोलिंग एजेंट को छोड़ दिया।
03:45 PM 30/07/26
तीन बजे के बाद 62 प्रतिशत से ज्यादा मतदान, कांग्रेस ने की गड़बड़ी की शिकायत
दतिया विधानसभा उपचुनाव में दोपहर तीन बजे तक 61.99% वोटिंग हुई। विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं का उत्साह ज्यादा देखा जा रहा है। अच्छे मतदान के बीच कांग्रेस नेताओं ने सिरोल में गड़बड़ी की आशंका जाहिर की है। इस सूचना पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी घनश्याम सिंह सिरोल पहुंचे और अधिकारियों को समस्या बताई। हालांकि चुनाव अधिकारी ने किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने की बात कही है।
03:20 PM 30/07/26
राजेंद्र भारती ने साधा निशाना
कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने दतिया उपचुनाव के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह उनकी तैयार की गई राजनीतिक जमीन पर चुनाव लड़ रहे हैं। भारती ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में दतिया में डर का माहौल था और 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता ने बदलाव का फैसला लिया।
03:09 PM 30/07/26
लखनपुर में फिर शुरू हुआ मतदान
दतिया के बसई क्षेत्र के ग्राम लखनपुर में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का विरोध किया था। प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीण मतदान के लिए तैयार हुए और केंद्र पर वोटिंग शुरू हुई। गांव में अब तक 30 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया जा चुका है।
02:57 PM 30/07/26
EVM खराबी पर तुरंत कार्रवाई
मतदान शुरू होने से पहले कुछ केंद्रों पर कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट और वीवीपैट में तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी। निर्वाचन प्रशासन ने तुरंत कदम उठाते हुए खराब मशीनों को बदल दिया। इसके बाद सभी प्रभावित केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया बिना किसी बड़ी परेशानी के आगे बढ़ती रही।
02:34 PM 30/07/26
दिव्यांग और बुजुर्गों को मिली सुविधा
दतिया के मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। कई बूथों पर व्हीलचेयर और सहायता के लिए स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई है। इससे ऐसे मतदाताओं को मतदान करने में आसानी हो रही है और उन्हें लंबी कतारों में अधिक समय तक खड़ा नहीं रहना पड़ रहा है। प्रशासन की इस पहल की मतदाता भी सराहना कर रहे हैं।
02:21 PM 30/07/26
दोपहर तक आधे से ज्यादा मतदान
दतिया उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 50.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। अब तक 1 लाख 10 हजार 768 मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल कर चुके हैं। इनमें 60,799 पुरुष और 49,969 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों पर लगातार मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है।
02:09 PM 30/07/26
उमंग सिंघार ने किया दावा
बंपर मतदान को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया कि ज्यादा वोटिंग अक्सर सत्ता के खिलाफ माहौल का संकेत होती है। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता बदलाव के लिए मतदान कर रही है। सिंघार ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लोगों के बीच डर का माहौल था और अब मतदाता उससे बाहर निकलकर अपने अधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
11:28 AM 30/07/26
फर्जी पत्र वायरल होने से बढ़ी हलचल
सोशल मीडिया पर वायरल पत्र को लेकर भाजपा मध्य प्रदेश ने कहा कि ऐसा कोई पत्र पार्टी की ओर से जारी नहीं किया गया है। भाजपा ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें। वहीं भाजपा दतिया जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा ने भी वायरल खबर को झूठा और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पद से हटाए जाने की खबर पूरी तरह गलत है।

पुलिस अब वायरल पत्र की सत्यता और इसे फैलाने वालों की जांच कर रही है।
11:21 AM 30/07/26
नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों पर किया पलटवार
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस का बयान उसकी बेचैनी और निराशा को दिखाता है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा और उसके विकास कार्यों के पक्ष में मतदान करेगी। मिश्रा ने बताया कि वह अपने कार्यकर्ताओं को आई चोटों को देखकर भावुक हुए थे। उन्होंने कहा कि इसे हार से जोड़ना गलत है, क्योंकि उन्होंने कोई चुनाव हारा ही नहीं है। उनका टिकट पहले ही रद्द कर दिया गया था। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक प्रतिक्रिया बताया।
10:53 AM 30/07/26
नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा जीत का जताया भरोसा
नरोत्तम मिश्रा ने दतिया उपचुनाव में वोट डालने के बाद कहा कि उन्होंने दतिया के विकास और भाजपा की जीत के संकल्प के साथ मतदान किया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं में उत्साह है और इस बार अच्छा मतदान होने की उम्मीद है। कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि जब भी कांग्रेस को हार नजर आती है, तब वह इस तरह के आरोप लगाती है। उन्होंने इसे कांग्रेस की निराशा और हताशा बताया।
10:25 AM 30/07/26
सुकर्ण मिश्रा ने जताया भरोसा
सुकर्ण मिश्रा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी बड़ी जीत हासिल करेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता का समर्थन भाजपा के साथ है और मतदाता विकास के मुद्दे पर फैसला कर रहे हैं। मतदान के बीच भाजपा नेताओं की ओर से जीत के दावे किए जा रहे हैं। अब अंतिम फैसला दतिया के मतदाता करेंगे, जिसका परिणाम मतगणना के बाद सामने आएगा।
10:05 AM 30/07/26
सुबह के घंटों में दिखा मतदान का उत्साह
दतिया विधानसभा सीट पर जारी उपचुनाव में शुरुआती दो घंटे में 16.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। सुबह 9 बजे तक बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लगातार लोगों से वोट डालने की अपील कर रहा है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार सभी केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है और शाम तक मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
09:52 AM 30/07/26
कलेक्टर ने मतदान व्यवस्था बताई
कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने बताया कि दतिया विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग सुचारु रूप से चल रही है। कुछ स्थानों पर कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट और वीवीपैट में तकनीकी समस्या आई थी, जिसे CCTV निगरानी में बदला गया। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों के एजेंटों की मौजूदगी और हस्ताक्षर भी लिए गए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है और मतदाता शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कर रहे हैं।
09:51 AM 30/07/26
बारिश के बीच भी मतदाताओं का उत्साह बरकरार
मौसम खराब होने के बावजूद दतिया में मतदान को लेकर लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई मतदान केंद्रों पर लोग छाता और रेनकोट के साथ पहुंचते नजर आए। प्रशासन ने बारिश को देखते हुए मतदाताओं से सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है और सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
09:47 AM 30/07/26
सड़क मांग पर मतदान बहिष्कार
लखनपुर गांव के ग्रामीणों ने उपचुनाव में वोटिंग से दूरी बनाकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि गांव में सड़क सुविधा की कमी लंबे समय से बनी हुई है और कई बार मांग उठाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक सड़क निर्माण की दिशा में कदम नहीं उठाया जाएगा, तब तक वे मतदान नहीं करेंगे। प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा हुआ है।
09:42 AM 30/07/26
घनश्याम सिंह ने लगाए आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में अपना वोट डालने के बाद जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता कांग्रेस के समर्थन में मतदान कर रही है और पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिलेगी। घनश्याम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूक हैं और बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। प्रशासन से उन्होंने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने की उम्मीद जताई।
09:30 AM 30/07/26
मुख्यमंत्री ने वोटिंग की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संदेश में कहा कि दतिया विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में जरूर भाग लें। उन्होंने लिखा कि मतदान करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और आपका वोट दतिया के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। सीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पहले मतदान करें और उसके बाद ही अन्य काम करें। उन्होंने विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में जनता की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
09:17 AM 30/07/26
घनश्याम सिंह ने साधा निशाना
दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदान के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मतदाताओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि जनता इस चुनाव में कांग्रेस को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी। घनश्याम सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में सरकार के कई बड़े नेता और मंत्री क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग भी की।
09:06 AM 30/07/26
शांतिपूर्ण मतदान के बीच ADM बोले- प्रशासन पूरी तरह तैयार
दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान प्रशासन ने मतदान व्यवस्था को लेकर संतोष जताया है। अपर जिला दंडाधिकारी अक्षय कुमार टेमरवाल ने कहा कि जिले में वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है और अब तक किसी तरह की परेशानी सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रशासन ने मतदान कर्मियों, पुलिस बल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पहले से पूरी तैयारी कर रखी है।
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदान के साथ ही राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए। दूसरी ओर बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में ग्रामीणों की नाराजगी खत्म होने के बाद वोटिंग शुरू हो गई। मतदान से पहले कुछ केंद्रों पर ईवीएम मशीनों में तकनीकी समस्या आई, लेकिन निर्वाचन प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मशीनों को बदल दिया और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रही।
सुबह 7 बजे से मतदान शुरू
दतिया विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर शुरुआत से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इस चुनाव में कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी की नजर अब इस बात पर है कि दतिया की जनता किस उम्मीदवार पर भरोसा जताती है। मतदान के बाद मतगणना 3 अगस्त को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
भाजपा उम्मीदवार ने विकास पर जताया भरोसा
भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर लोगों में अच्छा उत्साह दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार मतदाता बिना किसी डर के मतदान कर रहे हैं और विकास के नाम पर अपना फैसला दे रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जीतू पटवारी के बयान गंभीर राजनीति से ज्यादा राजनीतिक टिप्पणी जैसे लगते हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि दतिया की जनता किसे अपना नया विधायक चुनती है।
जीतू पटवारी ने भविष्य और सम्मान की कही बात
मतदान के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक चुनाव नहीं बल्कि दतिया के भविष्य, सम्मान और विकास का फैसला है। उनके अनुसार जनता का हर वोट यह तय करेगा कि आने वाले समय में लोगों की आवाज मजबूत होगी या सत्ता का प्रभाव बढ़ेगा। उन्होंने मतदाताओं से सोच-समझकर मतदान करने की अपील भी की।
मतदान व्यवस्था पूरी तरह तैयार
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह निर्धारित समय से मतदान शुरू हो गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है।
36 सेक्टरों में बंटी चुनावी व्यवस्था
दतिया विधानसभा उपचुनाव में 291 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है। क्षेत्र को बेहतर निगरानी और सुचारु चुनाव प्रक्रिया के लिए 36 सेक्टरों में बांटा गया है। कुल 2,20,410 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1,16,116 पुरुष और 1,04,284 महिला मतदाता शामिल हैं। 233 संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। करीब 2500 जवान तैनात हैं और 36 सेक्टर अधिकारी निगरानी कर रहे हैं।
मतदाता चुनेंगे नया विधायक
दतिया विधानसभा सीट पर आज होने वाला उपचुनाव पूरे जिले के लिए अहम माना जा रहा है। इस बार कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और सभी ने अपनी जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी है। अब फैसला जनता के हाथ में है। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी आवाजाही देखी जा रही है। चुनाव आयोग ने लोगों से बिना किसी डर या दबाव के मतदान करने की अपील भी की है।
291 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग
पूरे विधानसभा क्षेत्र में 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 185 केंद्र ग्रामीण इलाकों में और 106 केंद्र शहरी क्षेत्रों में हैं। कई संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सेक्टर अधिकारी, माइक्रो ऑब्जर्वर और बड़ी संख्या में मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन लगातार सभी केंद्रों की निगरानी कर रहा है।
ये भी पढ़ें: किसान आंदोलन पर बड़ा फैसला: मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाकर 60 % तय की, खरीदी की तारीख 20 अगस्त तक बढ़ाई
क्यों हो रहा है दतिया विधानसभा में उपचुनाव
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। एक पुराने बैंक धोखाधड़ी मामले में अदालत से सजा मिलने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म कर दी गई। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव कराने का फैसला लिया। हालांकि इस मामले को लेकर उनकी याचिका अभी सुप्रीम कोर्ट में लंबित बताई जा रही है।
मुख्य मुकाबले पर सबकी नजर
इस उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से घनश्याम सिंह मैदान में हैं। इसके अलावा दामोदर यादव भी चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। इनके साथ अन्य उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अब अंतिम फैसला दतिया की जनता अपने वोट से करेगी।
क्या इस बार टूटेगा मतदान का पुराना रिकॉर्ड?
दतिया विधानसभा में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान 80.20 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो अब तक का सबसे अधिक मतदान रहा है। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां करीब 66 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई थी। इस बार भी प्रशासन और राजनीतिक दल ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने की कोशिश कर रहे हैं। अगर मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे, तो पिछला रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में किसानों का बड़ा आंदोलन: मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच बैठक जारी
3 अगस्त को आएगा जनता का फैसला
मतदान पूरा होने के बाद सभी की नजर अब मतगणना पर रहेगी। 3 अगस्त को वोटों की गिनती होगी और उसी दिन यह साफ हो जाएगा कि दतिया विधानसभा की जनता ने किस उम्मीदवार को अपना नया विधायक चुना है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।




















