Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में किसानों का बड़ा आंदोलन:मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच बैठक जारी

मूंग खरीदी, ई-टोकन सिस्टम रद्द करने समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर भोपाल में किसानों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी है। आंदोलन के बीच समाधान निकालने के लिए मंत्रालय में सरकार और किसान संगठनों के बीच बातचीत जारी है। वहीं प्रदर्शन के दौरान कई जगह तनाव की स्थिति भी देखने को मिली।
मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच बैठक जारी
16 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ मंत्रालय में बैठक शुरू

भोपाल। मंत्रालय में तीन मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किसानों के 16 प्रतिनिधियों की बैठक चल रही है। दूसरी ओर प्रदर्शन कर रहे किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जबकि कुछ किसानों ने अर्धनग्न होकर और सड़क पर दाल-बाटी बनाकर विरोध जताया। प्रदर्शन के समर्थन में विभिन्न संगठन और युवा भी पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने कई रास्तों पर बैरिकेडिंग की और कुछ स्कूलों की छुट्टी भी कर दी गई। 

मंत्रालय में शुरू हुई किसानों और मंत्री समूह की बैठक

मूंग खरीदी, ई-टोकन सिस्टम रद्द करने समेत तीन मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों के 16 प्रतिनिधियों की मंत्रालय में तीन मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर गठित मंत्री समूह किसानों की मांगों पर चर्चा कर रहा है। बैठक में कृषि मंत्री इंदल सिंह कंसाना, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर मौजूद हैं। सरकार का प्रयास बातचीत के माध्यम से आंदोलन का समाधान निकालने का है।

पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

बैठक से पहले एमपी नगर क्षेत्र में किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान कुछ किसानों के कपड़े भी फट गए। प्रदर्शनकारी रास्ते में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर पहुंचे और वहां नारेबाजी करते हुए घेराव किया। इसके बाद किसान मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने लगे। रोशनपुरा चौराहे से सीएम हाउस तक के रास्ते पर पुलिस बल तैनात किया गया और बसों, डंपरों की मदद से बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई।

किसानों की चेतावनी, सड़क पर दाल-बाटी और हवन कर जताया विरोध

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे मुख्यमंत्री निवास का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश करेंगे। आंदोलन में शामिल कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार ने अपना वादा तोड़ा है और किसान भीख नहीं, बल्कि अपना अधिकार मांग रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कुछ किसानों ने अर्धनग्न होकर विरोध दर्ज कराया, जबकि कुछ ने सड़क पर ही दाल-बाटी बनाकर भोजन किया। किसानों के समर्थन में Gen-Z के युवा भी पहुंचे और सरकार की सद्बुद्धि के लिए हवन किया।

Twitter Post

CJP का मिला समर्थन

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि भोपाल में किसानों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दे रहा है और उनकी टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई मार्गों पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक रोका, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नर्मदापुरम रोड के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों से बातचीत के लिए मंत्रियों की कमेटी बनाई गई है, जबकि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर किसानों की मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts