कोल्डप्ले गायक क्रिस मार्टिन बोले- ‘किस कैम’ नहीं होगा बंद... वायरल विवाद के बाद दिया बयान

कोल्डप्ले गायक क्रिस मार्टिन बोले- ‘किस कैम’ नहीं होगा बंद... वायरल विवाद के बाद दिया बयान

लंदन। मशहूर ब्रिटिश बैंड कोल्डप्ले के गायक और फ्रंटमैन क्रिस मार्टिन ने साफ कर दिया है कि वह अपने कॉन्सर्ट में चलने वाली मशहूर ‘किस कैम’ ट्रेडिशन को बंद नहीं करेंगे। हाल ही में अमेरिका में हुए एक विवाद के बाद ऐसा कयास लगाया जा रहा था कि बैंड इसे रोक सकता है, लेकिन मार्टिन ने इंग्लैंड के हल (Hull) शहर में हुए शो के दौरान मंच से इसका जवाब दिया।

कैसे शुरू हुआ विवाद

पिछले महीने मैसाचुसेट्स के गिलेट स्टेडियम में हुए कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट में ‘किस कैम’ पर पूर्व Astronomer कंपनी के सीईओ एंडी बायरन और एचआर हेड क्रिस्टिन कैबट कैमरे में कैद हो गए थे। दोनों को नजदीक आते और फिर कैमरा देखते ही चेहरा छिपाते देखा गया। क्रिस मार्टिन ने उस वक्त मजाक में कहा था, “या तो ये लोग अफेयर में हैं या बहुत शर्मीले हैं।”

इस क्लिप ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा दिया और कंपनी को दोनों को छुट्टी पर भेजना पड़ा। अगले ही दिन एंडी बायरन ने सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया।

क्रिस मार्टिन का जवाब

हल में हुए कॉन्सर्ट के दौरान मार्टिन ने कहा, “हम लंबे समय से जंबोट्रॉन कर रहे हैं और हाल ही में यह कुछ और बन गया… जिंदगी कभी नींबू देती है तो हमें उससे नींबू पानी बनाना चाहिए। इसलिए हम इसे जारी रखेंगे क्योंकि इससे हम आप सब से मिल पाते हैं।”

मार्टिन ने शो में मौजूद फैंस के साथ भी बातचीत की और उनके हाथों में लिखे साइन पढ़े। उन्होंने एक फैन को खास तौर पर धन्यवाद दिया जो तीन महीने में तीन बार कॉन्सर्ट देखने आया था। मजाक करते हुए मार्टिन ने कहा, “तुम उस बोस्टन शो में भी थे… खैर, उस झंझट के बाद फिर से आने के लिए शुक्रिया।”

(इनपुट एएनआई)

Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...

Latest Posts