Raipur News:रायपुर में तेज रफ्तार कार ने 8 साल की छात्रा को मारी टक्कर, पैर की हड्डी टूटी, गंभीर हालत में एम्स रेफर:video वायरल

रायपुर: रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार शाम तेज रफ्तार कार ने स्कूल से घर लौट रही 8 वर्षीय छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची का पैर टूट गया और उसकी हालत गंभीर होने पर एम्स रायपुर रेफर किया गया। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा
राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। कोतवाली थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर गली में स्कूल से घर लौट रही चौथी कक्षा की छात्रा महिमा ध्रुव (8) सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
ऑटो से उतरकर घर जा रही थी बच्ची
परिजनों के मुताबिक, महिमा ध्रुव अपनी बहन खुशी ध्रुव और हर्ष ध्रुव के साथ कटोरा तालाब स्थित स्कूल से ऑटो में घर लौट रही थी। कंकाली तालाब के पास ऑटो से उतरने के बाद तीनों पैदल डीमार्ट गली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5:55 बजे तेज रफ्तार कार (CG 04 QH 9231) ने महिमा को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल छात्रा को एंबुलेंस की मदद से श्रीकृष्णा अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स रायपुर रेफर कर दिया।
पैर की हड्डी टूटी, इलाज जारी
डॉक्टरों के अनुसार हादसे में छात्रा के पैर की हड्डी टूट गई है। फिलहाल एम्स रायपुर में उसका इलाज जारी है। परिवार के लोग अस्पताल में मौजूद हैं और बच्ची की हालत पर नजर रखी जा रही है।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: Raipur News: 45 करोड़ निवेश का झांसा देकर 1.13 करोड़ की ठगी, 'ब्लैक मनी वॉश' गैंग की दो महिला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दिया जल्द गिरफ्तारी का भरोसा
पुलिस का कहना है कि कार और चालक की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है।












