Raipur News:नेहरू मेडिकल कॉलेज में करोड़ों की खरीदी पर सवाल: 35 लाख की ओटी टेबल 80 लाख में खरीदने का आरोप, जांच रिपोर्ट के बाद भुगतान रुका

सीएसआर फंड से खरीदी गई 8 ओटी टेबल विवादों में, जांच कमेटी ने स्पेसिफिकेशन में गड़बड़ी बताई, सीजीएमएससी ने एक वेंडर का भुगतान रोका, एमडी ने नहीं दिया जवाब। JNMC को कोल इंडिया और पावर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड की ओर से सीएसआर मद के तहत करीब 12 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए गए थे। इस राशि से आंबेडकर अस्पताल के लिए अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर टेबल खरीदी गईं, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।
नेहरू मेडिकल कॉलेज में करोड़ों की खरीदी पर सवाल: 35 लाख की ओटी टेबल 80 लाख में खरीदने का आरोप, जांच रिपोर्ट के बाद भुगतान रुका

रायपुर: राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में करोड़ों रुपए की ओटी (ऑपरेशन थिएटर) टेबल खरीदी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि करीब 35 लाख रुपए कीमत वाली ओटी टेबल 75 से 80 लाख रुपए तक में खरीदी गई। जांच कमेटी ने टेंडर के अनुरूप उपकरण नहीं मिलने की पुष्टि की है, जिसके बाद एक वेंडर का भुगतान रोक दिया गया है। मामले ने अब प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर भी हलचल मचा दी है।

रायपुर मेडिकल कॉलेज खरीदी विवाद

पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज JNMC को कोल इंडिया और पावर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड की ओर से सीएसआर मद के तहत करीब 12 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए गए थे। इस राशि से आंबेडकर अस्पताल के लिए अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर टेबल खरीदी गईं, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

35 लाख की टेबल 80 लाख में खरीदने का आरोप

खरीदी प्रक्रिया पर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि जिन ओटी टेबल की बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई जा रही है, उन्हें 75 से 80 लाख रुपए तक की दरों पर खरीदा गया। इसे लेकर मेडिकल कॉलेज और सीजीएमएससी की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जांच कमेटी की रिपोर्ट में मिली गड़बड़ी

शिकायतों के बाद छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) ने विशेष जांच समिति बनाई। समिति ने निरीक्षण के दौरान पाया कि सप्लाई की गई कई ओटी टेबल टेंडर में तय तकनीकी स्पेसिफिकेशन के अनुरूप नहीं हैं। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया कि जिन सुविधाओं का उल्लेख टेंडर में था, वे उपकरणों में नहीं मिलीं।

भुगतान पर लगी रोक

जांच रिपोर्ट आने के बाद सीजीएमएससी ने संबंधित वेंडर का भुगतान रोक दिया है। हालांकि, एक अन्य कंपनी का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। अब पूरे मामले की प्रशासनिक स्तर पर समीक्षा की जा रही है।

किन विभागों में लगी हैं टेबल

विवादित ओटी टेबल आंबेडकर अस्पताल के ऑर्थोपेडिक, जनरल सर्जरी, ऑन्को सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, नेत्र रोग और कैंसर विभाग में स्थापित की गई हैं। ऑर्थोपेडिक विभाग में लगी एडवांस टेबल का उपयोग किया जा रहा है, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार कुछ जरूरी अटैचमेंट अभी भी उपलब्ध नहीं हैं।

अधिकारी बोले- जानकारी लेकर बताएंगे

आंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कहा कि ओटी टेबल सीएसआर फंड से खरीदी गई हैं। उन्होंने बताया कि सभी उपकरण पूरी तरह कार्यरत हैं या नहीं, इसकी विस्तृत जानकारी संबंधित विभागों से लेने के बाद ही दी जा सकेगी।

एमडी का जवाब नहीं आया

मामले में सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल से संपर्क करने की कोशिश की गई। उन्होंने बैठक में व्यस्त होने की बात कहते हुए बाद में चर्चा करने की बात कही, लेकिन समाचार तैयार होने तक उनका विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...Read More

Latest Posts