रूस में छत्तीसगढ़ के 2 युवक बंधक, नौकरी का झांसा, ड्रग्स केस और आर्मी में भर्ती का दबाव

रायपुर: विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का सपना लेकर रूस गए छत्तीसगढ़ के दो युवक कथित तौर पर वहां फंस गए हैं। परिजनों का आरोप है कि टेलीग्राम के जरिए नौकरी का झांसा देकर उन्हें रूस बुलाया गया। वहां पहुंचने के बाद न नौकरी मिली और न ही भारत लौटने का रास्ता। परिवारों का दावा है कि युवकों को ड्रग्स के मामले में फंसाने की धमकी देकर रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। रायपुर के टिकेश्वर साहू और बिल्हा के विनीत कुमार के मामले ने परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। विनीत का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहा है।
टेलीग्राम पर नौकरी का ऑफर, रूस पहुंचते ही फंसे युवक
परिजनों के मुताबिक, दोनों युवकों को टेलीग्राम के माध्यम से रूस में नौकरी का प्रस्ताव मिला था। आकर्षक वेतन का भरोसा देने के साथ ही टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था करने की बात कही गई। उन्हें बताया गया कि रूस पहुंचने के बाद काम और नौकरी की शर्तों की जानकारी दी जाएगी। लेकिन रूस पहुंचने के बाद परिस्थितियां कथित तौर पर बदल गईं। परिवारों का आरोप है कि युवकों को हिरासत में रखकर प्रताड़ित किया जा रहा है और भारत लौटने नहीं दिया जा रहा। इतना ही नहीं, ड्रग्स के मामले में 15 से 20 साल की जेल होने का डर दिखाकर सेना में भर्ती होने का दबाव बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: सरकारी नौकरी का झांसा, फर्जी आई-कार्ड और वर्दी... पटना में जीजा-साले गिरफ्तार
इंटरव्यू देने गए थे टिकेश्वर, अब रूस में हिरासत का दावा
रायपुर के गुढ़ियारी स्थित श्रीनगर निवासी मनोरमा साहू के पति टिकेश्वर साहू (38) सेल्स एंड मार्केटिंग के क्षेत्र में 17 साल का अनुभव रखते हैं। वह करीब 10 साल पहले दुबई में भी नौकरी कर चुके हैं। इस बार उन्हें टेलीग्राम के जरिए रूस में नौकरी का ऑफर मिला। पैकेज अच्छा बताया गया और दिल्ली से मॉस्को होते हुए वोल्गोग्राद तक पहुंचने के लिए टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था का भरोसा दिया गया। टिकेश्वर 7 सितंबर को रूस रवाना हुए थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि पहले इंटरव्यू देंगे और नौकरी पसंद आने पर ही वहां रुकेंगे। अन्यथा 23 सितंबर की वापसी टिकट से भारत लौट आएंगे।
45 दिन तक संपर्क नहीं, फिर आया ड्रग्स केस का फोन
परिवार के मुताबिक, 16 सितंबर के बाद टिकेश्वर से अचानक संपर्क टूट गया। शुरुआत में परिजनों ने इसे नेटवर्क या काम की व्यस्तता समझा। लेकिन 22 अक्टूबर को रूस के एक नंबर से फोन आया। पत्नी मनोरमा का दावा है कि फोन पर टिकेश्वर थे। उनका चेहरा सूजा हुआ था और वह रो रहे थे। उन्होंने बताया कि रूसी पुलिस ने उन्हें ड्रग्स के मामले में फंसा दिया है और 15 से 20 साल की सजा होने की बात कही जा रही है। इसके बाद मनोरमा ने रूस में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों से संपर्क किया और वकील की मदद ली। परिवार के मुताबिक, वकील के माध्यम से पता चला कि टिकेश्वर को वोल्गोग्राद में हिरासत में रखा गया है। हालांकि, उनसे मिलने में भी कई तरह की बाधाएं आने का आरोप है।
बीमार होने के बावजूद दवाइयां नहीं मिलने का आरोप
मनोरमा के मुताबिक, 25 अक्टूबर को वकील के माध्यम से टिकेश्वर से मुलाकात हो सकी। इस दौरान उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर से उनकी तबीयत खराब है। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड और साइटिका की समस्या है। परिवार का आरोप है कि हिरासत के दौरान उन्हें नियमित दवाइयां भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इससे पत्नी और परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: CG NEWS: महादेव सट्टा एप पर इंटरनेशनल शिकंजा! श्रीलंका में 147 भारतीय हाउस अरेस्ट, मास्टरमाइंड सिकंदर फरार
गिरफ्तारी का CCTV फुटेज मांगने पर भी नहीं मिला जवाब
मनोरमा का आरोप है कि उनकी वकील ने रूसी अधिकारियों से टिकेश्वर की गिरफ्तारी की परिस्थितियों, गिरफ्तारी की जगह और उनके पास से कथित तौर पर बरामद सामान की जानकारी मांगी थी। परिवार ने गिरफ्तारी और एयरपोर्ट के CCTV फुटेज उपलब्ध कराने की मांग भी की, लेकिन उनके मुताबिक अब तक फुटेज नहीं दिया गया है। पत्नी का दावा है कि ड्रग्स केस में लंबी सजा का डर दिखाकर टिकेश्वर को रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
बिल्हा का 21 वर्षीय विनीत भी रूस में फंसा
इसी तरह बिल्हा निवासी 21 वर्षीय विनीत कुमार भी नौकरी की तलाश में 1 अक्टूबर को रूस गए थे। उनकी बहन आशी दुबे के मुताबिक, विनीत को टेलीग्राम पर नौकरी का ऑफर मिला था। उन्हें वहां एक दुकान के स्टोरेज रूम में काम करने की जानकारी दी गई थी। टिकट और वीजा की व्यवस्था भी नौकरी का ऑफर देने वालों ने की थी। रूस पहुंचने के बाद विनीत ने परिवार को इसकी जानकारी दी। कुछ दिन बाद उन्होंने बहन से कहा कि वह भारत वापस आना चाहते हैं और इसके लिए कुछ पैसों की जरूरत पड़ सकती है। बहन ने 70 से 75 हजार रुपये भेजने की बात कही, लेकिन विनीत ने जरूरत पड़ने पर बताने की बात कही। इसके बाद उनसे संपर्क टूट गया।
वकील के नाम पर 7 लाख रुपये लेने का आरोप
आशी दुबे का आरोप है कि बाद में एक युवक ने परिवार से संपर्क किया और बताया कि विनीत पर नारकोटिक्स यानी ड्रग्स का मामला दर्ज किया गया है। उन्हें रूसी सेना में शामिल होने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। परिवार को वकील की व्यवस्था कराने के नाम पर 7 लाख रुपये देने के लिए कहा गया। परिजनों का दावा है कि उन्होंने यह रकम भी दे दी। इसके बाद 27 अक्टूबर को पिता को फोन आया कि विनीत ने आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनकर पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। हालांकि, बाद में विनीत ने खुद अपनी बहन से संपर्क कर आत्महत्या की खबर को गलत बताया।
यह भी पढ़ें: कांकेर: 35 युवतियां झारखंड में बंधक, नौकरी दिलवाने का दिया लालच; मैसेज से खुला पूरा राज
विनीत का वीडियो वायरल, बंदूक दिखाकर धमकाने का दावा
रूस में फंसे विनीत का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भारत सरकार से मदद की अपील कर रहा है। वीडियो में विनीत का दावा है कि भारतीय युवकों को टेलीग्राम के जरिए नौकरी का ऑफर देकर रूस बुलाया जा रहा है। उनके मुताबिक, रूस पहुंचने पर एयरपोर्ट के आसपास कुछ लोग उन्हें लेने आते हैं। इसके बाद नौकरी और काम की जानकारी दी जाती है। काम करने से मना करने पर बंदूक दिखाकर गोली मारने की धमकी देने का आरोप भी वीडियो में लगाया गया है। विनीत का दावा है कि भारतीयों को ड्रग्स के मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है और बाद में रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीयों के अलावा दूसरे देशों के नागरिक, स्टूडेंट और टूरिस्ट भी इस तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
परिवारों की गुहार- सिर्फ दो नहीं, सभी भारतीयों को बचाइए
दोनों युवकों के परिजनों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय पुलिस, प्रशासन, मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाई है। भारतीय और रूसी दूतावास को भी ईमेल भेजे गए हैं। रायपुर निवासी मनोरमा साहू का कहना है कि उनकी दो बेटियां हैं और परिवार में बुजुर्ग सास-ससुर भी हैं। वहीं, आशी दुबे के परिवार में पिता की तबीयत खराब रहती है। ऐसे में रूस में अपनों की सुरक्षा को लेकर दोनों परिवार बेहद परेशान हैं। परिजनों की मांग है कि भारत सरकार विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के माध्यम से रूस में फंसे युवकों की वास्तविक स्थिति का पता लगाए। उन्हें कानूनी सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराकर जल्द से जल्द भारत वापस लाया जाए।
यह भी पढ़ें: मंत्रालय में नौकरी का झांसा देकर ठगी! रायगढ़ में 23 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर किया फ्रॉड
बड़ा सवाल: विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर भारतीय युवाओं को कथित तौर पर ऐसे हालात में कौन धकेल रहा है? क्या टेलीग्राम पर चल रहे नौकरी के इस नेटवर्क की जांच होगी और रूस में फंसे युवकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हो पाएगी?




















