AIIMS रायपुर में स्पीड डेटिंग पर बवाल, NSUI-बजरंग दल के विरोध के बाद कार्यक्रम रद्द

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित AIIMS में वार्षिक ओरियाना फेस्ट के दौरान प्रस्तावित स्पीड डेटिंग कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। NSUI और बजरंग दल के विरोध के बाद संस्थान प्रबंधन ने कार्यक्रम रद्द कर दिया। दोनों संगठनों ने AIIMS जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा एवं शैक्षणिक संस्थान में इस तरह के आयोजन पर आपत्ति जताते हुए संस्थान की गरिमा और सामाजिक-सांस्कृतिक मर्यादा का मुद्दा उठाया। वहीं, NSUI ने कार्यक्रम के लिए पंजीयन कराने वाले विद्यार्थियों की फीस वापस करने की मांग भी की है।
फेस्ट में मनोरंजन या मर्यादा पर सवाल?
NSUI ने AIIMS परिसर पहुंचकर प्रस्तावित स्पीड डेटिंग कार्यक्रम के खिलाफ डिप्टी डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपा। छात्र नेता पुनेश्वर लहरे ने आरोप लगाया कि फेस्ट के नाम पर शराब, मादक पदार्थों के सेवन और अश्लील गानों जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की परंपरा, संस्कृति और अस्मिता के साथ किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: रायपुर AIIMS में 100 रूपए की डेटिंग पर बवाल, बजरंग दल ने दी आंदोलन की चेतावनी
बजरंग दल ने भी खोला मोर्चा
स्पीड डेटिंग कार्यक्रम को लेकर बजरंग दल ने भी विरोध दर्ज कराया। संगठन ने आयोजन की प्रकृति पर सवाल उठाते हुए इसे AIIMS जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान की गरिमा और सामाजिक-सांस्कृतिक मर्यादा के विपरीत बताया। संगठन ने संस्थान प्रबंधन से कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने की मांग की थी।
NSUI ने ज्ञापन में रखीं पांच मांगें
NSUI ने डिप्टी डायरेक्टर को सौंपे ज्ञापन में पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें परिसर में शराब और मादक पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध, स्पीड डेटिंग कार्यक्रम रद्द करना और पंजीयन कराने वाले विद्यार्थियों की फीस वापस करना शामिल है। इसके अलावा संगठन ने अश्लील गानों और आपत्तिजनक गतिविधियों पर रोक लगाने तथा ओरियाना फेस्ट के सभी कार्यक्रमों और शुल्क व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
फेस्ट के खिलाफ नहीं, विवादित गतिविधियों पर आपत्ति
NSUI ने स्पष्ट किया कि संगठन ओरियाना फेस्ट या विद्यार्थियों के मनोरंजन के खिलाफ नहीं है। उसका विरोध केवल उन गतिविधियों से है, जिन्हें संगठन शैक्षणिक संस्थान की गरिमा और सामाजिक-सांस्कृतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं मानता। संगठन का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर संस्कृति और परंपराओं से समझौता नहीं होना चाहिए।
आखिर क्या होता है स्पीड डेटिंग कार्यक्रम?
स्पीड डेटिंग एक सामाजिक परिचय से जुड़ा आयोजन होता है। इसमें कई प्रतिभागी तय समय के लिए एक-दूसरे से बातचीत करते हैं। कुछ मिनट बाद प्रतिभागियों को अगले व्यक्ति से मिलने और बातचीत करने का मौका दिया जाता है। इस प्रक्रिया के जरिए लोग कम समय में कई नए लोगों से परिचित होते हैं और आपसी पसंद-नापसंद समझते हैं।
यह भी पढ़ें: महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर 14 दिन और जेल में रहेंगे बंद, शुभम सोनी पर ED का शिकंजा
विरोध के बाद रद्द हुआ कार्यक्रम
AIIMS रायपुर के ओरियाना फेस्ट में प्रस्तावित स्पीड डेटिंग कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है। NSUI और बजरंग दल के विरोध के बाद कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। हालांकि, पंजीयन कराने वाले विद्यार्थियों की फीस वापसी और फेस्ट की शुल्क व्यवस्था को लेकर NSUI की मांगें भी चर्चा में हैं।




















