अंतरराष्ट्रीय सांची महोत्सव 28 और 29 नवंबर को; देश-विदेश से आएंगे श्रद्धालु, भगवान बुद्ध केे शिष्यों के अस्थि कलश के होंगे दर्शन

सांची/रायसेन। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं ऐतिहासिक नगरी सांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध श्रद्धा और संस्कृति के अनूठे आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। रायसेन जिले के सांची में 28 और 29 नवंबर को दो दिवसीय सांची महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु और पर्यटक शामिल होंगे। इस दौरान भगवान बुद्ध के दो परम शिष्यों के पवित्र अस्थि कलश श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखे जाएंगे। इस विशेष आयोजन को लेकर बौद्ध अनुयायियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पहले दिन सुबह 8 बजे से निकलेगी शोभायात्रा
महोत्सव के पहले दिन 28 नवंबर को सुबह 8 बजे महाबोधि सोसाइटी से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें देश-विदेश से आए बौद्ध अनुयायियों के साथ वियतनाम का विशेष दल भी शामिल होगा। शोभायात्रा में भगवान बुद्ध की प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन को लेकर सांची में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
दो दिन श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखे जाएंगे पवित्र अस्थि कलश
सांची महोत्सव का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण भगवान बुद्ध के दो परम शिष्यों के पवित्र अस्थि कलश होंगे। महोत्सव के दौरान चेतियागिरि विहार मंदिर के गर्भगृह को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोला जाएगा। महाबोधि सोसाइटी और जिला प्रशासन की मौजूदगी में मंदिर से पवित्र अस्थि कलश बाहर निकाले जाएंगे। विशेष पूजा-अर्चना के बाद इन्हें दो दिनों तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा जाएगा। इन पवित्र अवशेषों के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायियों के पहुंचने की संभावना है।
कलेक्टर ने बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की
सांची महोत्सव के आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने सांची में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आयोजन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा में पूरी कर ली जाएं। कलेक्टर ने विशेष रूप से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़ें: नर्मदा नदी के घाट पर मिला दांतों वाला रहस्यमयी पत्थर, मिट्टी खोद रहे बच्चों को दिखी अनोखी आकृति; वैज्ञानिक करेंगे जांच
आपातकालीन व्यवस्थाओं के लिए 26 नवंबर को मॉक ड्रिल
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर भी गंभीर है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर एंबुलेंस की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही अस्पतालों में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था भी रखी जाए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की तैयारियों को परखने के लिए 26 नवंबर को सांची में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें आपात स्थिति के दौरान त्वरित कार्रवाई और विभागों के बीच तालमेल का परीक्षण किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन और पार्किंग स्थलों का भी किया निरीक्षण
बैठक के बाद कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने सांची रेलवे स्टेशन और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन, पार्किंग और अन्य सुविधाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: सड़क पर बनी इस लकीर के दोनों तरफ रखा कदम, क्या सच में बदल जाता है मौसम?
सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य स्वरूप की कोशिश
प्रशासन का प्रयास है कि दो दिवसीय सांची महोत्सव को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य स्वरूप में संपन्न कराया जाए, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांची की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को और मजबूती मिले। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवारा अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, महाबोधि सोसाइटी के बौद्ध धर्मगुरु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




















