Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बालोद मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी,चिता स्थल पर मिला नारियल-दीया, तीसरी घटना से गांव में दहशत

आखिर मृतका की अस्थियां कौन और किस मकसद से ले गया? 94 वर्षीय विद्यावती शर्मा की अस्थियां प्रयागराज में गंगा विसर्जन के लिए ले जानी थीं, लेकिन उससे पहले ही मुक्तिधाम से गायब हो गईं। चिता स्थल पर पूजा-पाठ के निशान मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के खैरवाही गांव में 94 वर्षीय विद्यावती शर्मा की अस्थियां अंतिम संस्कार के अगले दिन मुक्तिधाम से गायब मिलीं।
बालोद मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी,चिता स्थल पर मिला नारियल-दीया, तीसरी घटना से गांव में दहशत

रायपुर/बालोद:  छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक ऐसी घटना सामने आई है,जिसने पूरे गांव को हैरानी और दहशत में डाल दिया है। गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही में 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के बाद उनकी अस्थियां मुक्तिधाम से गायब हो गईं। परिजन जब दूसरे दिन अस्थियां लेने पहुंचे तो चिता स्थल पर नारियल, दीया और अगरबत्ती रखी मिली। राख में अस्थियां तलाशने पर कुछ नहीं मिला। हैरानी की बात यह है कि गांव के इसी मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। परिजनों ने गुरुर थाने में शिकायत कर जांच और अस्थियां वापस दिलाने की मांग की है।

चिता की राख में नहीं मिलीं अस्थियां, पूजा के निशान ने बढ़ाया रहस्य

गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही निवासी 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हो गया था। 13 नवंबर को दोपहर साढ़े 12 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के अगले दिन यानी 14 नवंबर की शाम उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अस्थियां लेने और पूजा करने मुक्तिधाम पहुंचे। वहां चिता स्थल पर नारियल, दीया और अगरबत्ती रखी देखकर परिजन चौंक गए। जब परिवार ने चिता की ठंडी हो चुकी राख में अस्थियां तलाशनी शुरू कीं तो वे गायब मिलीं। इसके बाद गांव में इसकी जानकारी दी गई और आसपास भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

/img/129/1795083314153

संबंधित खबर: Raipur: रक्षाबंधन पर मातम,बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचा भाई खारुन नदी में डूबा,तलाश जारी

94 साल तक सुरक्षित रहीं, अब अस्थियां भी नहीं बचीं

मृतका की पोती ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि उनकी दादी 94 साल तक सुरक्षित रहीं, लेकिन निधन के बाद अंतिम दो दिनों में परिवार उनकी अस्थियों की सुरक्षा नहीं कर पाया। पोती के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने चिता स्थल पर पूजा-पाठ किया और अस्थियां उठा ले गया। आखिर किसने ऐसा किया और इसके पीछे क्या उद्देश्य है, यह समझ से परे है। शोक में डूबे परिवार के लिए यह घटना किसी गहरे सदमे से कम नहीं है।

मां की अंतिम इच्छा अधूरी, प्रयागराज में करना था अस्थि विसर्जन

दिवंगत विद्यावती रुखमणी शर्मा के मंझले बेटे और सिंचाई विभाग के पूर्व एसडीओ रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनकी मां बेहद धार्मिक स्वभाव की थीं। परिवार और गांव के धार्मिक आयोजनों में वे हमेशा सक्रिय रहती थीं। उनकी अंतिम इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियां प्रयागराज ले जाकर मां गंगा में विसर्जित की जाएं। परिवार भी उनकी इसी इच्छा के अनुसार विधि-विधान से अस्थि विसर्जन करना चाहता था। बेटे बालमुकुंद शर्मा, गिरेन्द्र कुमार शर्मा, श्याममूर्ति शर्मा और शारदा प्रसाद शर्मा सहित पूरा परिवार इस धार्मिक परंपरा को पूरा करने की तैयारी में था। लेकिन अस्थियां गायब होने से परिवार की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी की पहचान की जाए, एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और अस्थियां परिवार को वापस दिलाई जाएं।

/img/129/1795083311400

एक नहीं, तीन बार हुई अस्थियां गायब होने की घटना

ग्रामीणों के मुताबिक, खैरवाही के मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके पिता का निधन हुआ था। गांव के इसी मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। बाद में जब परिवार अस्थियां लेने पहुंचा तो वे भी गायब मिली थीं। उस समय गांव में इसकी जानकारी दी गई, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। कई लोगों ने इसे परिवार का निजी मामला बताकर बात टाल दी थी। अब तीसरी बार इसी तरह की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोग जानना चाहते हैं कि आखिर मुक्तिधाम में बार-बार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं और इसके पीछे कौन है?

संबंधित खबर: CG News : 'पापा की चिता से अस्थियां चुरा ले गईं मां और मौसी...' रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचे नाबालिग भाई-बहन

पुलिस तक पहुंचा मामला, बयान के बाद शुरू होगी जांच

मामले में गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से शिकायत मिली है। फिलहाल परिवार क्रियाकर्म में व्यस्त है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि चिता स्थल पर नारियल, दीया और अगरबत्ती किसने रखी? क्या अस्थियां किसी धार्मिक मान्यता के चलते उठाई गईं या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts