Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायपुर में नवजात की सौदेबाजी, मां को बनाया बंधक, 3 महिलाएं गिरफ्तार

ओडिशा से प्रसव कराने के बहाने रायपुर बुलाया, बच्चे को निःसंतान दंपती को बेचने का बनाया दबाव,पूछताछ में शिशुओं की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का भी खुलासा,रायपुर में नवजात शिशु को बेचने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। ओडिशा की गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया। प्रसव के बाद मां-बच्चे को बंधक बनाने का आरोप है।
रायपुर में नवजात की सौदेबाजी, मां को बनाया बंधक, 3 महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ओडिशा के सुंदरगढ़ की गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया। आरोप है कि प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को बेचने की साजिश रची गई और विरोध करने पर मां को बच्चे समेत बंधक बना लिया गया। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता के संकेत मिले हैं।

निःशुल्क इलाज का झांसा, फिर नवजात को बेचने की साजिश

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाया। इसी झांसे में महिला ओडिशा के सुंदरगढ़ से रायपुर पहुंची। यहां उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या नाम की महिलाओं से कराई गई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

संबंधित खबर: नवजात शिशु तस्करी पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- अगर बच्चा चोरी हुआ तो हॉस्पिटल की जवाबदेही, लाइसेंस होगा रद्द

बच्चे के बदले मोटी रकम का दिया लालच

आरोप है कि तीनों महिलाओं ने पीड़िता की कमजोर आर्थिक स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश की। उसे बताया गया कि उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने पर मोटी रकम मिल सकती है। हालांकि, महिला ने अपना बच्चा बेचने से साफ इनकार कर दिया।

प्रसव के बाद मां-बच्चे को बनाया बंधक

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को प्रसव होने के बाद महिला को उसके नवजात शिशु के साथ दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। महिलाओं ने धमकी दी कि प्रसव और इलाज में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। पीड़िता की मर्जी के बिना नवजात को बेचने का प्रयास किया जा रहा था।

आजाद चौक थाने में FIR, तीनों आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आजाद चौक पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

संबंधित खबर: भिलाई में इंसानियत शर्मसार, गटर में मिला 2 दिन का नवजात, सफाई के दौरान मचा हड़कंप

पूछताछ में बड़े नेटवर्क के संकेत, पुलिस खंगाल रही कड़ियां

इस मामले में सबसे गंभीर पहलू प्रारंभिक पूछताछ के दौरान सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं ने अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पूर्व में कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई और इसके पीछे कौन लोग काम कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान जिस भी व्यक्ति की भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts