Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में 2 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी, विद्यार्थियों के लिए बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी

सीहोर में चार वार्डों में लंबे समय से सुविधाओं के लिए इंतजार कर रहे नागरिकों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। विधायक निधि से 2 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत से पांच महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इनमें दो सामुदायिक भवन, विद्यार्थियों के लिए आधुनिक लाइब्रेरी रूम, श्रद्धालुओं के लिए टीनशेड और शहीद स्थल परिसर में स्टेज विद ग्रीन रूम का निर्माण शामिल है।
सीहोर में 2 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी, विद्यार्थियों के लिए बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी
सीहोर में 2 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी

सीहोर। विधायक सुदेश राय ने इन कार्यों को स्वीकृति देकर शहर के विकास को नई गति देने की पहल की है। नगर पालिका अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर ने भी निर्माण कार्यों की स्वीकृति पर विधायक का आभार जताया है। वार्ड क्रमांक 11 स्थित अंबेडकर नगर गंज में 25 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। भवन बनने के बाद सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए लोगों को एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। अब छोटे-बड़े आयोजनों के लिए लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

शहीद स्थल परिसर में एक करोड़ का भवन

वार्ड क्रमांक 4 स्थित शहीद स्थल परिसर में एक करोड़ रुपए की लागत से भव्य सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। शहीदों की स्मृतियों से जुड़े इस परिसर में आयोजित होने वाले विभिन्न सार्वजनिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए यह भवन महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। इसी परिसर में 6 लाख रुपए की लागत से स्टेज विद ग्रीन रूम का निर्माण भी कराया जाएगा। इससे कार्यक्रमों के आयोजन के दौरान मंच और कलाकारों की तैयारियों के लिए अलग व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।

ये भी पढ़ें: सीहोर में कवियों ने जमाया रंग, सलमान खान से लेकर मायावती तक पर चुटीले कटाक्ष; ठहाकों से गूंजा मैदान

श्रद्धालुओं को टीनशेड की सुविधा

वार्ड क्रमांक 29 में सीवन नदी स्थित शिव आराध्या माता मंदिर के पास 15 लाख रुपए की लागत से टीनशेड का निर्माण कराया जाएगा। मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को इससे राहत मिलेगी। धार्मिक आयोजनों और विशेष अवसरों पर यहां आने वाले लोगों को बैठने और धूप-बारिश से बचाव के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

विद्यार्थियों के लिए 76 लाख की लाइब्रेरी

वार्ड क्रमांक 5 के पलटन एरिया में शासकीय प्राथमिक स्कूल भवन के पास 76 लाख रुपए की लागत से सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी रूम बनाया जाएगा। यह निर्माण विद्यार्थियों और अध्ययन करने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात होगा। उन्हें पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में यह लाइब्रेरी उपयोगी साबित होगी।

Breaking News

जल्द जारी होंगे वर्क ऑर्डर

पांचों निर्माण कार्यों की कुल स्वीकृत लागत 2 करोड़ 22 लाख रुपए बनती है। नगर पालिका परिषद द्वारा जल्द ही निर्माण कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे। इसके बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी। इन सुविधाओं के तैयार होने पर शहर के हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। विकास कार्यों की इस सौगात पर पार्षद लोकेंद्र वर्मा, पार्षद राजेश मांझी, पार्षद सत्यनारायण बारिया सहित क्षेत्रीय नागरिकों ने विधायक सुदेश राय का आभार व्यक्त किया है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts