मध्यप्रदेश में 21 और 22 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन कराने का मौका

सोहागपुर। मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार और रविवार, 21 एवं 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकेंगे। साथ ही नए मतदाता नाम जुड़वाने और पहले से दर्ज जानकारी में आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। विशेष रूप से 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की गई है।
अवकाश के दिनों में मतदान केंद्र पहुंचकर जांचें अपना नाम
प्रदेश में 12 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन और कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देशन में मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में स्वीप आइकॉन सारिका घारू ने जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को विशेष शिविरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कामकाज और अन्य व्यस्तताओं के कारण कई लोग सामान्य दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क नहीं कर पाते हैं। ऐसे नागरिक शनिवार और रविवार के अवकाश का उपयोग कर अपने मतदान केंद्र पहुंच सकते हैं।
18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा भरें फॉर्म-6
सारिका घारू ने विशेष रूप से उन युवाओं से अपील की है, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। ऐसे युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए निर्धारित फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार प्राप्त करने के लिए पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। इसलिए पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को समय रहते पंजीयन की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
विवाह के बाद पता बदलने वाली महिलाएं भी कराएं संशोधन
सारिका घारू ने विवाह के बाद दूसरे स्थान पर रहने वाली नवविवाहिताओं और महिलाओं से भी विशेष शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं का निवास स्थान बदल गया है, वे अपने नए पते के अनुसार मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए परिस्थितियों के अनुसार फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। वहीं, पहली बार मतदाता के रूप में पंजीयन कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा।
सोहागपुर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस-आबकारी विभाग की कार्रवाई, 4 महिलाओं पर केस दर्ज
परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम सुनिश्चित करें
स्वीप आइकॉन सारिका घारू ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक पात्र नागरिक को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसका नाम मतदाता सूची में सही जानकारी के साथ दर्ज हो। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर न केवल अपने नाम की जांच करें, बल्कि परिवार के अन्य पात्र सदस्यों के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करें।




















