Raipur:आजादी की गाथा से विकास की तस्वीर तक, टाउन हॉल प्रदर्शनी में दिखा छत्तीसगढ़ का गौरव और भविष्य

रायपुर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत और बदलते वर्तमान की तस्वीर पेश करती सात दिवसीय प्रदर्शनी शुरू हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने को महत्वपूर्ण दायित्व बताया। प्रदर्शनी में वीर नायकों की गाथाओं के साथ प्रदेश में सड़क, रेल, उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे बदलावों को भी प्रदर्शित किया गया है।
यह भी पढ़ें: Raipur: राष्ट्रीय ध्वज का अनादर,पेंड्रारोड स्टेशन परिसर में झुका मिला तिरंगा, रेलवे की संवेदनशीलता पर उठे सवाल
वीर नायकों की गाथा से नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में छत्तीसगढ़ के वीर स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान गौरवशाली इतिहास का हिस्सा है। उनके संघर्ष और त्याग की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों की प्रेरणा मिलती है और यही प्रेरणा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की ऊर्जा बनती है।

इतिहास के साथ दिखी विकास की तस्वीर
प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव के साथ प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। बेहतर सड़क एवं रेल संपर्क, औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश और रोजगार के नए अवसरों सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे बदलावों की झलक यहां देखने को मिल रही है। प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत और तेजी से आकार लेते भविष्य को एक साथ सामने रखती है।
यह भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में प्रेम विवाद का खौफनाक अंत,गर्लफ्रेंड को रोकने बोनट पर चढ़ा कारोबारी, 200 मीटर बाद गिरकर मौत
एआई से पर्यटन का नया अनुभव
प्रदर्शनी का सबसे आकर्षक हिस्सा आधुनिक तकनीक और छत्तीसगढ़ की विरासत का संगम है। एआई आधारित विशेष पहल के जरिए आगंतुक प्रदेश के प्रमुख तीर्थ और पर्यटन स्थलों की पृष्ठभूमि के साथ अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा सकते हैं। बच्चों और युवाओं में इस पहल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
तकनीक से विरासत को जोड़ने की कोशिश
एआई आधारित डिजिटल अनुभव के जरिए नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की पर्यटन, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से रोचक अंदाज में जोड़ने का प्रयास किया गया है। आगंतुक इन डिजिटल तस्वीरों को प्रदर्शनी की यादगार के रूप में भी अपने साथ ले जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Raipur: कोसा साड़ी में रैंप पर उतरीं सरेंडर महिला नक्सली, बदली पहचान की दिखी नई तस्वीर
विजिटर डायरी में दर्ज होंगे लोगों के विचार
प्रदर्शनी स्थल पर विजिटर डायरी भी रखी गई है, जिसमें लोग स्वतंत्रता दिवस, राष्ट्रप्रेम और छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा से जुड़े अपने विचार और अनुभव दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास यात्रा पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की जा रही है।
विजिटर बुक में सीएम साय ने लिखा संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजिटर बुक में अपने विचार दर्ज करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के साथ शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का यह उपयोगी प्रयास है।

युवाओं और विद्यार्थियों से प्रदर्शनी देखने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने इतिहास और विरासत को जानना हमें वर्तमान के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है और बेहतर भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, विधायक पुरंदर मिश्रा, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर गौरव सिंह, अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव सहित जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
21 अगस्त तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी
कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में आयोजित यह प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त 2026 तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी का समय प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया है।













