Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कोयला घोटाला चार्जशीट में बड़ा खुलासा,कवि कुमार विश्वास को 25 लाख भुगतान का जिक्र, देवेंद्र यादव-सूर्यकांत तिवारी की चैट बनी आधार

EOW की पूरक चार्जशीट में हमर भांचा राम कार्यक्रम का उल्लेख, पेज नंबर 66 पर कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये भुगतान की जानकारी दर्ज,छत्तीसगढ़ के कोयला घोटाला मामले में EOW की पूरक चार्जशीट से नया खुलासा सामने आया है। चार्जशीट के पेज नंबर 66 में चर्चित कवि डॉ. कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये भुगतान का उल्लेख बताया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार यह भुगतान कथित तौर पर कोयला घोटाले से जुड़ी राशि से किया गया
कोयला घोटाला चार्जशीट में बड़ा खुलासा,कवि कुमार विश्वास को 25 लाख भुगतान का जिक्र, देवेंद्र यादव-सूर्यकांत तिवारी की चैट बनी आधार

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले की जांच में अब एक नया कनेक्शन सामने आया है। EOW की ओर से कोर्ट में पेश की गई पूरक चार्जशीट में चर्चित कवि डॉ. कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये भुगतान का उल्लेख किया गया है। जांच एजेंसी के मुताबिक यह भुगतान कथित तौर पर कोयला घोटाले से जुड़ी राशि से किया गया था। चार्जशीट में इस लेनदेन का आधार कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और आरोपी सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई चैट को बताया गया है।

चार्जशीट में 25 लाख के भुगतान का जिक्र

EOW की पूरक चार्जशीट में राजधानी रायपुर में आयोजित ‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम से जुड़े खर्चों का उल्लेख किया गया है। जांच एजेंसी के दस्तावेजों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान देश के चर्चित कवियों को आमंत्रित किया गया था। चार्जशीट में विशेष रूप से कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये भुगतान किए जाने का जिक्र है। EOW का दावा है कि इस भुगतान का संबंध कोयला घोटाले से जुड़ी कथित राशि से है।

संबंधित खबर: कोयला लेवी केस भिलाई में सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी संपत्ति पर IT का कब्जा, ढोल बजाकर कराई मुनादी

देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी की चैट से कनेक्शन

इस मामले में सबसे अहम बिंदु कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और कोयला कारोबारी एवं मामले के आरोपी सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई चैट बताई जा रही है। EOW ने इसी चैट और उससे जुड़े दस्तावेजों के आधार पर कार्यक्रम के भुगतान को अपनी जांच का हिस्सा बनाया है। चार्जशीट में दर्ज जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम से संबंधित आर्थिक लेनदेन की जांच के दौरान यह कनेक्शन सामने आया।

चार्जशीट के पेज-66 पर दर्ज है भुगतान

जांच से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण जानकारी चार्जशीट के पेज नंबर 66 में बताई गई है। इसमें कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये दिए जाने का उल्लेख किया गया है। हालांकि उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल अन्य कवियों को किए गए भुगतान का इसी हिस्से में कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है। चार्जशीट में खास तौर पर कुमार विश्वास को किए गए 25 लाख रुपये के भुगतान का जिक्र सामने आया है।

संबंधित खबर: छग के बहुचर्चित कोल लेवी घोटाले में EOW ने 9 हजार पन्नों का दाखिल किया छठा पूरक चालान,देवेंद्र यादव समेत 12 आरोपी रडार पर

क्या था ‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम?

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में कांग्रेस शासनकाल के दौरान ‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें कुमार विश्वास समेत कई चर्चित कवियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। यह कार्यक्रम उस समय भी राजनीतिक चर्चा में आया था और इसके आयोजन को लेकर भाजपा ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी।

खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान उठा था विवाद

‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के दौरान आयोजित हुआ था। उस समय भाजपा ने कार्यक्रम को लेकर निर्वाचन आयोग के समक्ष आपत्ति जताई थी। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया था कि एक तरफ रामनवमी की शोभायात्रा को अनुमति नहीं दी जा रही थी, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस से जुड़े कार्यक्रम में कुमार विश्वास को बुलाया गया।

संबंधित खबर: कोल लेवी घोटाले में आज ‘फाइनल वार’, EOW दाखिल करेगी अंतिम चार्जशीट, देवेंद्र यादव समेत 9 आरोपी कोर्ट में होंगे पेश

अब कोयला घोटाले की चार्जशीट में फिर चर्चा

कार्यक्रम का नाम एक बार फिर चर्चा में तब आया, जब EOW की पूरक चार्जशीट में इसके भुगतान से जुड़ी जानकारी सामने आई। 25 लाख रुपये के भुगतान का उल्लेख और देवेंद्र यादव-सूर्यकांत तिवारी की चैट का हवाला इस मामले को राजनीतिक और जांच के नजरिए से महत्वपूर्ण बना रहा है। हालांकि किसी व्यक्ति की आपराधिक भूमिका तय होना अदालत के अंतिम निर्णय पर निर्भर करता है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...Read More

Latest Posts