देश में एनीमिया के मामलों में आई कमी, ICMR का सर्वेक्षण आया सामने

ICMR के SAMPADA 2023-25 सर्वेक्षण में 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 183 जिलों के 2 लाख से अधिक लोगों को शामिल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया की दर 2% से कम रही है और अधिकतर मामले हल्के स्तर के हैं। सर्वेक्षण के आंकड़े एनीमिया की रोकथाम और इलाज के लिए नई रणनीति तैयार करने में मददगार होंगे।
2 लाख से ज्यादा लोगों पर किया गया सर्वेक्षण
ICMR के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग की ओर से जारी SAMPADA 2023-25 सर्वेक्षण में देश की पोषण और सूक्ष्म पोषक तत्वों की स्थिति का आकलन किया गया। दुनिया के सबसे बड़े पोषण सर्वेक्षणों में शामिल इस अध्ययन में 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 183 जिलों के 2 लाख से अधिक लोगों और 81 हजार से ज्यादा परिवारों को शामिल किया गया। हीमोग्लोबिन की जांच के लिए 1.70 लाख से अधिक खून के सैंपल का टेस्ट किया गया।
महिलाओं में एनीमिया की व्यापकता 56%
सर्वेक्षण के अनुसार, 12 से 59 महीने के बच्चों में एनीमिया की दर 42% दर्ज की गई है। वहीं, 10 से 19 साल की किशोरियों में यह आंकड़ा 46% और किशोर लड़कों और 20 से 59 साल के पुरुषों में करीब 22 से 23% रहा। प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं में एनीमिया की व्यापकता सबसे ज्यादा 56% दर्ज की गई।
आधुनिक तकनीक से की गई हीमोग्लोबिन की जांच
इस सर्वेक्षण में नस से रक्त का नमूना लेकर आधुनिक स्वचालित विश्लेषकों के जरिए हीमोग्लोबिन की जांच की गई। इस तरीके को अधिक सटीक और भरोसेमंद माना जाता है। इसके साथ ही लोगों में आयरन, फोलेट और विटामिन बी-12 की स्थिति का भी आकलन किया गया।
आधे मामलों में आयरन की कमी जिम्मेदार
रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के करीब आधे मामलों की वजह आयरन की कमी है। हालांकि, एनीमिया के लिए संक्रमण, आनुवंशिक रक्त संबंधी विकार और पुरानी बीमारियों से जुड़ी सूजन जैसे दूसरे कारण भी जिम्मेदार हो सकते हैं। इसलिए इन वजहों पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई गई है।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान को मिलेगी मजबूती
ICMR के महानिदेशक और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव डॉ. राजीव बहल ने कहा कि SAMPADA सर्वेक्षण से बच्चों, किशोरों, वयस्कों, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के साथ बुजुर्गों में भी एनीमिया की स्थिति के राष्ट्रीय स्तर के आंकड़े मिले हैं। इन आंकड़ों से एनीमिया मुक्त भारत अभियान को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
जरूरत के हिसाब से तैयार होंगी रोकथाम की रणनीतियां
ICMR-NIN की निदेशक डॉ. भारती कुलकर्णी के मुताबिक, सर्वेक्षण के नतीजे अलग-अलग आयु वर्ग और आबादी की जरूरत के अनुसार एनीमिया की रोकथाम और उपचार की रणनीति बनाने में मदद करेंगे। इसके आधार पर अभियान के तहत लक्षित समूहों की पहचान, समय पर जांच और प्रभावी इलाज की दिशा में काम किया जा सकेगा।



















