PU Special :कैंसर की सस्ती दवाएं बाजार से गायब, सरकारी रेट पर नहीं मिल रहे इंजेक्शन, मरीजों को चुकाने पड़ रहे कई गुना ज्यादा दाम

सरकार ने कैंसर की कई दवाओं के दाम घटाए, लेकिन मरीजों को सस्ती दवाएं नहीं मिल रहीं। निजी अस्पतालों में भी ब्रांड और कीमतों की मनमानी के आरोप हैं।
कैंसर की सस्ती दवाएं बाजार से गायब, सरकारी रेट पर नहीं मिल रहे इंजेक्शन, मरीजों को चुकाने पड़ रहे कई गुना ज्यादा दाम

प्रवीण श्रीवास्तव, भोपाल। कैंसर का इलाज पहले ही महंगा है, अब मरीजों को सस्ती दवाओं के लिए भी भटकना पड़ रहा है। सरकार ने जिन दवाओं की कीमतें घटाईं, वे बाजार में नहीं मिल रहीं। निजी अस्पतालों में भी सस्ती दवा के विकल्प सीमित हैं। नतीजा, मरीजों के परिवारों को एक ही इंजेक्शन के लिए कई गुना ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है।

केस एक : एक महीने में 6 इंजेक्शन, हर बार 12 हजार रुपए का अंतर

38 साल की रागिनी पेट के कैंसर से जूझ रही है और एक निजी अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टर ने उसे वेक्टीिबिक्स इंजेक्शल लिखा जाे अस्पताल में करीब 40 हजार रुपए का मिलता है। महीने में छह इंजेक्शन दिए जाने हैं। रागिनी के परिजन ने जब बाहर पता किया तो यही इंजेक्शन 27 से 30 हजार रुपए मे मिल रहा है, लेकिन अस्पताल बाहर से दवा लाने नहीं दे रहा।

केस दो 2: सस्ती दवा के लिए भटके, आखिर में चार गुना कीमत चुकाई

कैंसर के मरीज डॉ. क्षितिज को केब्रोट्रैक्स इंजेक्शन लिखा। सरकार ने इस इंजेक्शन की कीमत करीब 2500 रुपए तय की है। डॉ. क्षितिज के बेटे ने बताया कि वे करीब आठ से दस दुकानों पर गए लेकिन उन्हें कहीं सरकारी रेट पर इंजेक्शन नहीं मिला। अंत में उसे यही इंजेक्शन 16500 रुपए में खरीदना पड़ा। सस्ते इंजेक्शन को ढूंढने में तीन दिन से ज्यादा लग गए, जिसमें उनकी बीमारी बढ़ गई।

कैंसर से लड़ाई सिर्फ बीमारी तक सीमित नहीं है, मरीजों और उनके परिवारों को दवाओं की कीमतों और निजी अस्पतालों के नियमों से भी जूझना पड़ता है। कहीं एक इंजेक्शन अस्पताल में 40,000 रुपए का मिल रहा है, जबकि बाहर वही इंजेक्शन 30,000 रुपए में उपलब्ध है। कहीं सस्ती दवा तलाशने के लिए परिजनों को कई दुकानों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और आखिर में छह से आठ गुना तक ज्यादा कीमत चुकानी पड़ती है।

कैंसर की 1,364 दवाओं की नई कीमतें लागू: 96.45% तक घटे दाम, मरीजों को हर साल 3,540 करोड़ रुपए की राहत

बाजार और सरकारी दर में भारी अंतर

ये दोनों मामले तो सिर्फ बानगी हैं, जो बताते हैं कि कैंसर का इलाज कराना कितना मुश्किल होता जा रहा है। पीपुल्स पड़ताल में कैंसर की दवाओं की सरकारी खरीद दर और बाजार में दर्ज कीमतों के बीच भी कई गुना अंतर सामने आया है। 

सवाल सिर्फ दवाओं के महंगे होने का नहीं, बल्कि मरीजों को उचित कीमत पर दवा उपलब्ध कराने और इलाज का खर्च कम करने के विकल्पों का भी है। लंबे समय तक चलने वाले कैंसर के उपचार में दवाओं की कीमत का हर अंतर परिवार के बजट पर भारी पड़ सकता है।

सरकार और बाजार में कैंसर की दवाओं की कीमतों का अंतर...

दवा का नाम

सरकारी दर (रुपए)

बाजार में कीमत (रुपए)

एजासिटिडाइन 100 MG

538

8,700

कैबोजैन्टिनिब 60 MG

2,640

5,000 से 12,000

ईटोपोसाइड IV

89

175 से 200

मेथोट्रेक्सेट 50 MG

22

75 से 150

पैक्लीटेक्सेल 100 MG

960

3,500 से 4,000

बाजार में 8,888 रुपए तक कीमत

पड़ताल में सामने आया कि एग्जिटिडाइन 100 एमजी इंजेक्शन की सरकारी खरीद दर 538 रुपए दर्ज है, जबकि बाजार में एक ब्रांड की कीमत 8,888 रुपए बताई गई है। यानी दोनों दरों के बीच बड़ा अंतर है। वहीं इसके अन्य ब्रांड की कीमत भी 5 हजार रुपए तक है। बाजार मे कई जगह ढूंढने पर भी सरकारी कीमत वाला इंजेक्शन नहीं मिला।

एक ही दवा के अलग ब्रांड

मरीजों के साथ सबसे बड़ी समस्या यह है कि रोक के बावजूद डॉक्टर प्रिस्क्रीप्शन में ब्रांड का नाम लिखते हैं, जबकि वही दवा दूसरे ब्रांड में कम कीमत में मिल जाती है, लेकिन अस्पताल उसे मान्य नहीं करता। एक मरीज ने बताया कि डॉक्टर ने उसे एजासिटीडाइन नामक दवा लिखी। डॉक्टर ने अजाफैब ब्रांड नेम से दवा दी जो बाजार में करीब नौ हजार रुपए की थी जबकि यही दवा एजाडाइन करीब 6 हजार रुपए में मिल रही थी। वहीं अन्य ब्रांड भी कम कीमत में मिल रहे थे।

कैंसर की दवा 11 हजार की, निजी अस्पताल में 1.30 लाख की क्यों? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से पूछे सख्त सवाल

विशेषज्ञ का कहना

जेपी अस्पताल के पूर्व अधीक्षक, डॉ. एसके सक्सेना ने बताया कि कैंसर मरीजों को राहत देने का काम सरकार का है। सरकार को दवाओं की कीमतों पर सख्ती से कंट्रोल करना चाहिए। इसके साथ ही निजी अस्पतालों पर भी लगाम लगानी चाहिए कि वे मरीज को किसी खास ब्रांड की दवा लेने का दबाव ना बनाएं। दवाओं के एमआरपी बहुत ज्यादा होती है, इसे भी कंट्रोल करना चाहिए।

वहीं, सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने भी कहा है कोई भी अस्पताल मरीजों को खास ब्रांड की दवा लेने के लिए दवाब नहीं डाल सकता। अगर कोई पीड़ित है तो हमें शिकायत करे हम कार्रवाई करेंगे।

Jitendra Shrivastava
By Jitendra Shrivastava

शांत स्वभाव और सौम्य व्यक्तित्व के साथ खबरों की गहरी समझ। यही पहचान है जितेंद्र श्रीवास्तव की। पिछले...

Latest Posts