Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कनाडा में 6 साल, लाखों की नौकरी... फिर अचानक भारत लौटने की जिद, आखिर क्यों?

कनाडा में 6 साल नौकरी और लाखों की कमाई के बाद प्रीति बिस्निक ने भारत लौटने का फैसला किया। न नौकरी गई, न कोई मजबूरी थी, फिर आखिर क्यों लिया यह फैसला?
कनाडा में 6 साल, लाखों की नौकरी... फिर अचानक भारत लौटने की जिद, आखिर क्यों?

विदेश में नौकरी करना और अच्छी कमाई करना आज कई युवाओं का सपना है। लेकिन लंबे समय तक विदेश में रहने के बाद कुछ लोग अपने परिवार और निजी जिंदगी को प्राथमिकता देते हुए वापस लौटने का फैसला भी करते हैं। कंटेंट क्रिएटर प्रीति बिस्निक ने भी कुछ ऐसा ही फैसला लिया है। उन्होंने कनाडा में करीब 6 साल नौकरी करने के बाद अब भारत लौटने का फैसला किया है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में उन्होंने बताया कि आखिर वह कनाडा छोड़कर भारत क्यों आना चाहती हैं।

नौकरी से निकाला नहीं गया, खुद लिया फैसला

प्रीति ने अपने वीडियो में साफ किया कि उन्होंने नौकरी किसी छंटनी या कंपनी की तरफ से निकाले जाने के कारण नहीं छोड़ी है। वह खुद अपनी नौकरी से ब्रेक लेने का फैसला कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके मैनेजर ने उन्हें कुछ दिनों की छुट्टी लेने और इसके बाद वापस नौकरी जॉइन करने का विकल्प दिया था। हालांकि, प्रीति ने इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद उनके कनाडा छोड़ने को लेकर भी सवाल उठे। प्रीति ने बताया कि उनके पास कनाडा की नागरिकता है और वह वहां जब तक चाहें रह सकती हैं। यानी उनके भारत लौटने के पीछे वीजा या नागरिकता से जुड़ी कोई मजबूरी नहीं है।

माता-पिता के साथ रहना चाहती हैं

प्रीति ने कनाडा छोड़ने की सबसे बड़ी वजह अपने माता-पिता को बताया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता अब उम्रदराज हो चुके हैं और वह बेटी होने के नाते उनके साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने खास तौर पर अपनी मां की सेहत का जिक्र किया। प्रीति के मुताबिक, उनकी मां को चलने में दिक्कत होती है। ऐसे में वह चाहती हैं कि भारत लौटकर उनके साथ रहें और उनकी देखभाल कर सकें। प्रीति ने बताया कि कनाडा में रहते हुए उन्होंने न्यूट्रिशनिस्ट की पढ़ाई भी की है। अब वह अपने माता-पिता के साथ रहकर उनकी सेहत और जरूरतों का ध्यान रखना चाहती हैं। हालांकि, भारत लौटने के बाद वह आगे क्या करेंगी, इसे लेकर अभी उनका कोई तय प्लान नहीं है। उन्होंने माना कि फिलहाल उन्हें यह नहीं पता कि आगे वह किस दिशा में जाएंगी।

Breaking News

कनाडा में रहते हुए बढ़ा 20 किलो वजन

प्रीति ने अपने वीडियो में अपनी हेल्थ से जुड़ा अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कनाडा में करीब 6 साल रहने के दौरान उनके वजन पर भी असर पड़ा। भारत से कनाडा शिफ्ट होने के समय उनका वजन करीब 78 किलो था। कुछ सालों में यह बढ़कर करीब 100 किलो तक पहुंच गया। इसके बाद उन्होंने वजन कम करने के लिए मेहनत की और करीब 10 किलो वजन कम किया। प्रीति ने यह भी कहा कि वह कंप्यूटर के सामने बैठकर काम करने वाली नौकरी से एक लंबा ब्रेक चाहती हैं। उनके मुताबिक, अब वह अपनी जिंदगी में परिवार के साथ समय बिताने और माता-पिता की देखभाल को प्राथमिकता देना चाहती हैं। प्रीति के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी, परिवार के साथ रहने और करियर के बीच संतुलन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। उनका कहना है कि कनाडा में रहने की सुविधा और नागरिकता होने के बावजूद उन्होंने भारत लौटने का फैसला अपने माता-पिता के लिए लिया है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts