फॉलन आउट नहीं रुका तो अतिथि विद्वान बनाएंगे ‘विद्वान जनता पार्टी’

भोपाल। उच्च शिक्षा विभाग के कॉलेजों में वर्षों से सेवाएं दे रहे अतिथि विद्वानों ने नियमितीकरण और नौकरी में स्थायित्व की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। अतिथि विद्वानों का कहना है कि यदि फॉलन आउट की प्रक्रिया नहीं रोकी गई तो वे ‘विद्वान जनता पार्टी’ बनाकर चुनाव लड़ने के विकल्प पर निर्णय लेंगे। फिलहाल नीलम पार्क में चल रहा आंदोलन 3 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया गया है। अतिथि विद्वानों ने कहा है कि इस अवधि में फॉलन आउट रोकने और स्थायित्व की नीति बनाने को लेकर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो 4 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
समाधान के प्रयास की बात
अतिथि विद्वान डॉ. राकेश कुमार सिंह के अनुसार, उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा मंत्री इंदर सिंह परमार के प्रतिनिधि के रूप में नीलम पार्क पहुंचे थे। अतिथि विद्वानों के प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि स्थायित्व की नीति बनने तक फॉलन आउट की प्रक्रिया रोकी जाए। उनके मुताबिक, आयुक्त ने इसे नीतिगत विषय बताते हुए मंत्री से चर्चा कर समाधान का प्रयास करने की बात कही। कुछ अतिथि विद्वानों के अनुसार, 15 सितंबर को सांकेतिक रूप से ‘विद्वान जनता पार्टी’ (वीजेपी) के गठन की घोषणा की जा चुकी है। उनका कहना है कि यदि फॉलन आउट की प्रक्रिया नहीं रोकी गई तो अतिथि विद्वान अपनी पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने को लेकर आगे निर्णय ले सकते हैं।
ये भी पढ़ें: मप्र के टाइगर रिजर्व में नए मिजाज की तैयारी, टूरिस्ट गाइड्स सीख रहे फर्राटेदार अंग्रेजी
10 से 20 साल से दे रहे सेवाएं
प्राय: अतिथि विद्वान 10 से लेकर 20 साल से कॉलेजों में सेवाएं दे रहे हैं। यह सब नेट और पीएचडी योग्यताधारी हैं। ऐसे में उन्हें फालेन आउट किया जाता है, तो वह कहीं नौकरी करने लायक ही नहीं बचते हैं। बराबर काम के बाद भी इन्हें शासन की सुविधाओं से वंचित रखा जाता है।
-डॉ. देवराज सिंह, प्रांताध्यक्ष, अतिथि विद्वान महासंघ
ये भी पढ़ें: नरसिंहपुर में लोकायुक्त की कार्रवाई, 8 हजार की रिश्वत लेते सहकारी समिति का प्रभारी प्रबंधक गिरफ्तार




















