डेट से मना करने पर 14 साल के किशोर ने लड़की पर चाकू से किया हमला, UK कोर्ट में सुनवाई

लंदन। यूनाइटेड किंगडम में 14 साल के एक किशोर पर एक लड़की पर चाकू से कई बार हमला करने का आरोप है। मामला ग्लूसेस्टरशायर के सायरनसेस्टर का है। अदालत में हुई सुनवाई के दौरान सामने आया कि किशोर ने दिसंबर 2025 में लड़की से डेट पर चलने के लिए पूछा था, लेकिन उसने मना कर दिया था। इसके बाद किशोर ने कथित तौर पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए लड़की से संपर्क करने की कोशिश की।
दुकान में लड़की पर किया हमला
एक रिपोर्ट के अनुसार, 15 मार्च को किशोर सायरनसेस्टर के अपर चर्नसाइड इलाके में एक दुकान के पास लड़की के आने का इंतजार कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, उसने अपनी जींस की जेब में चाकू छिपा रखा था और लड़की के दुकान में जाने के बाद उसके पीछे अंदर चला गया। दुकान में लगे CCTV कैमरे में घटना रिकॉर्ड हुई। फुटेज में किशोर को लड़की के पास जाते, चाकू निकालते और उसे पकड़ते हुए देखा गया। इसके बाद उसने लड़की पर कई बार चाकू से हमला किया। लड़की ने हमले से बचने के लिए दुकान से बाहर निकलने की कोशिश की।
दुकानदार ने बीच-बचाव किया
घटना के दौरान दुकान के कर्मचारी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और किशोर को लड़की से दूर खींचा। इसी दौरान किशोर ने दुकानदार की पीठ पर भी चाकू से वार किया। इसके बाद लड़की दुकान से बाहर निकलने में कामयाब रही और मदद मांगी। हमले में उसे कई चोटें आईं। उसके गर्दन, चेहरे और हाथों पर कटने के निशान थे। उसकी पीठ पर भी चोट लगी थी।
पुलिस ने कुछ ही देर में किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 11:15 बजे सायरनसेस्टर के अपर चर्नसाइड में पुलिस पहुंची। हमला करने के बाद किशोर घटनास्थल से भाग गया था, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने उसे कुछ ही देर बाद पास के इलाके से पकड़ लिया। पुलिस ने किशोर की जींस की जेब से एक चाकू बरामद किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
दिसंबर में किया था डेट के लिए संपर्क
ब्रिस्टल क्राउन कोर्ट में 21 सितंबर को हुई सुनवाई के दौरान मामले से जुड़ी जानकारी सामने आई। अदालत को बताया गया कि किशोर ने दिसंबर 2025 में लड़की से डेट के लिए पूछा था। लड़की ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। इसके बाद किशोर ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स का इस्तेमाल करते हुए लड़की से बातचीत करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, वह लड़की से संपर्क करने की कोशिश करता रहा।
ईरान से दूरी, भारत से नजदीकी! ट्रंप ने IMEC को लेकर किया बड़ा ऐलान, आखिर क्या है प्लान?
कोर्ट ने दिया रेफरल ऑर्डर
किशोर को 21 सितंबर को ब्रिस्टल क्राउन कोर्ट में पेश किया गया। उसे ग्लॉसेस्टर क्राउन कोर्ट में एक साल का 'रेफरल ऑर्डर' दिया गया। सुनवाई के दौरान जज ने किशोर को तीन महीने तक कस्टडी में रखे जाने को लेकर भी टिप्पणी की। जज ने कहा कि अपराध गंभीर थे, लेकिन युवाओं से जुड़े मामलों में अपनाई जाने वाली सामान्य प्रक्रिया के लिहाज से तीन महीने की कस्टडी उचित नहीं लगती। मामले की सुनवाई के दौरान घटना से जुड़े CCTV फुटेज और पुलिस की जांच से सामने आए तथ्यों का भी उल्लेख किया गया। किशोर के खिलाफ मामला अब अदालत की प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रहा है।




















