Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

IIT बॉम्बे में साहिल की मौत के बाद बड़ा एक्शन, प्रोफेसर दुल्ला पर गिरी गाज, 10 सदस्यीय कमेटी करेगी जांच

IIT बॉम्बे के सेकंड ईयर के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के चार दिन बाद भी कैंपस में विरोध और हंगामा जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए IIT बॉम्बे के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने 10 सदस्यीय हाईलेवल कमेटी का गठन किया है।
IIT बॉम्बे में साहिल की मौत के बाद बड़ा एक्शन, प्रोफेसर दुल्ला पर गिरी गाज, 10 सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
IIT बॉम्बे में छात्र की मौत से बवाल, आरोपों के बीच प्रोफेसर दुल्ला छुट्टी पर

IIT बॉम्बे के दूसरे वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के चार दिन बाद भी कैंपस में तनाव और विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। मामले को लेकर संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने 10 सदस्यीय हाई-लेवल कमेटी बनाई है। यह कमेटी साहिल की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच करेगी और एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं, मामले में आरोपों का सामना कर रहे प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को छुट्टी पर भेज दिया गया है।

10 सदस्यीय कमेटी करेगी पूरे मामले की जांच

IIT बॉम्बे के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने मामले की जांच के लिए हाई-लेवल कमेटी गठित की है। कमेटी में संस्थान के प्रोफेसरों के साथ छात्र प्रतिनिधियों और अन्य विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य साहिल की मौत से पहले हुई घटनाओं और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच करना है। कमेटी की अध्यक्षता IIT पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर रमेश वेंकटेश्वरन करेंगे। IIT बॉम्बे से प्रोफेसर के. नारायणन, प्रोफेसर संदीप कुमार साहा और प्रोफेसर दीप्ति कालसी को भी कमेटी में शामिल किया गया है। इसके अलावा छात्र प्रतिनिधि भी पैनल का हिस्सा हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कमेटी को सिर्फ एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। संस्थान की ओर से कहा गया है कि जांच और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।

IIT बॉम्बे में सीलिंग फैन हटाकर लगेंगे वॉल-माउंटेड फैन, छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद चर्चा में फैसला

प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला छुट्टी पर

साहिल वाकोडे की मौत के मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला का नाम सामने आने के बाद IIT बॉम्बे ने उन्हें छुट्टी पर भेज दिया है। इससे पहले उन्हें डीन के प्रशासनिक पद से भी हटाया गया था। अब बोर्ड ने उन्हें छुट्टी पर भेजने का फैसला किया है। साहिल के परिवार की ओर से प्रोफेसर और संस्थान से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिवार ने दावा किया है कि साहिल को कथित तौर पर निशाना बनाया जा रहा था और उसके साथ जातिगत भेदभाव किया गया। इन आरोपों की जांच फिलहाल पुलिस और IIT बॉम्बे की कमेटी दोनों स्तरों पर की जा रही है। IIT बॉम्बे ने पहले कहा था कि साहिल की ओर से संस्थान के प्रशासन या SC-ST सेल में ऐसी कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

Breaking News

परीक्षा के बाद क्या हुआ, इसकी भी जांच

साहिल की मौत से पहले परीक्षा के दौरान हुई घटनाएं भी जांच का अहम हिस्सा हैं। सामने आए CCTV फुटेज के मुताबिक, परीक्षा के दौरान साहिल और प्रोफेसर दुल्ला के बीच बातचीत हुई थी और बाद में साहिल को परीक्षा हॉल से बाहर जाने के लिए कहा गया था। पुलिस इस फुटेज के साथ-साथ उस समय मौजूद छात्रों और अन्य लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही है। जांच एजेंसी ने साहिल के माता-पिता के बयान दर्ज किए हैं और मामले से जुड़े डिजिटल और CCTV सबूतों की भी जांच की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रोफेसर दुल्ला को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। हालांकि, साहिल की मौत के लिए किसी व्यक्ति की जिम्मेदारी अभी जांच का विषय है। सामने आए आरोपों को जांच पूरी होने से पहले अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।

IIT बॉम्बे में साहिल की मौत पर बड़ा यू-टर्न, पुराने बयान पर मांगी माफी; प्रोफेसर सस्पेंड

छात्रों की कई मांगों पर सहमति

साहिल की मौत के बाद IIT बॉम्बे के छात्रों ने लगातार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों की ओर से संस्थान के सामने कई मांगें रखी गईं। इनमें मामले की निष्पक्ष जांच, संस्थागत व्यवस्था में सुधार, छात्रों की शिकायतों के लिए बेहतर व्यवस्था और जवाबदेही जैसे मुद्दे शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताई है। हालांकि, इस्तीफे से जुड़ी मांग पर सहमति नहीं बनी है। छात्रों की मांगों को लेकर संस्थान और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच बातचीत भी हुई है।

मामले में राजनीतिक हलचल भी तेज

IIT बॉम्बे का यह मामला अब कैंपस से बाहर भी चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस की ओर से मामले की जांच CBI से कराने की मांग की जा रही है। दूसरी तरफ, सरकार का कहना है कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। इसी बीच सुजाता अंबेडकर के छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की बात भी सामने आई है। इससे मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। वहीं, IIT बॉम्बे के पूर्व छात्रों के संगठन ने मामले में जल्द और निष्पक्ष जांच की अपील की है। संगठन ने बिना पूरी जांच के किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने से बचने की बात कही है।

अब रिपोर्ट पर टिकी नजर

साहिल वाकोडे की मौत के बाद IIT बॉम्बे में उठे सवालों के बीच अब 10 सदस्यीय कमेटी की रिपोर्ट अहम मानी जा रही है। एक तरफ मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ IIT की आंतरिक कमेटी घटनाक्रम की अलग से पड़ताल कर रही है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts