E20 पेट्रोल विवाद में नितिन गडकरी को बड़ी राहत, बॉम्बे हाई कोर्ट ने क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को सोशल मीडिया पर कथित मानहानिकारक और अपमानजनक सामग्री के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। अदालत ने मेटा, गूगल और अन्य संबंधित प्लेटफॉर्म को ऐसे कंटेंट को हटाने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने माना कि प्रथम दृष्टया यह सामग्री सार्वजनिक मंच पर रहने योग्य नहीं है।
E20 पेट्रोल विवाद में नितिन गडकरी को बड़ी राहत, बॉम्बे हाई कोर्ट ने क्या कहा?
E20 पेट्रोल विवाद में नितिन गडकरी को बड़ी राहत

बॉम्बे हाई कोर्ट ने नितिन गडकरी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को आपत्तिजनक सामग्री हटाने के आदेश दिए। अदालत ने कहा कि इस तरह का कंटेंट सार्वजनिक मंच पर नहीं होना चाहिए, क्योंकि इसे बच्चे भी देख सकते हैं। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि मामला आलोचना का नहीं, बल्कि कथित मानहानि और अपमानजनक सामग्री का है। भविष्य में इस तरह का कोई और कंटेंट मिलने पर गडकरी संबंधित प्लेटफॉर्म को सूचना दे सकेंगे। 

मानहानिकारक कंटेंट हटाने का निर्देश

जस्टिस आरिफ डॉक्टर की पीठ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और उनकी मध्यवर्ती संस्थाओं को निर्देश दिया कि नितिन गडकरी के खिलाफ मौजूद कथित मानहानिकारक, अपमानजनक और गाली-गलौज वाली सामग्री को हटाया जाए। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता ने अंतरिम राहत के लिए प्रथम दृष्टया पर्याप्त आधार प्रस्तुत किया है। कोर्ट ने माना कि जिस सामग्री की ओर ध्यान दिलाया गया है, वह सार्वजनिक मंच पर बने रहने योग्य नहीं है। इसी आधार पर मेटा और गूगल की ओर से कंटेंट हटाने की सहमति को रिकॉर्ड पर लिया गया।

संसद का गतिरोध खत्म करने की कोशिश तेज, परिसीमन, महिला आरक्षण पर किरेन रिजिजू और राहुल गांधी के बीच फिर हुई बात  

'कुछ सामग्री बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक है'

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि इंस्टाग्राम सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कुछ सामग्री बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक है। कोर्ट ने टिप्पणी की कि ऐसी सामग्री ऐसे सार्वजनिक मंच पर नहीं होनी चाहिए, जहां हर आयु वर्ग के लोग, यहां तक कि बच्चे भी उसे देख सकते हैं। अदालत ने माना कि यह मामला केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा है।

Breaking News

भविष्य के लिए भी दिए अहम निर्देश

हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि अगर भविष्य में नितिन गडकरी के संज्ञान में इसी तरह की कोई और मानहानिकारक सामग्री आती है, तो वह संबंधित इंटरमीडियरी कंपनियों को उसकी जानकारी दे सकते हैं। इसके बाद उन कंपनियों को आवश्यक कार्रवाई करनी होगी। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी मामले में स्थिति स्पष्ट नहीं हो या विवाद उत्पन्न हो, तो संबंधित पक्ष अदालत का दरवाजा खटखटाने के लिए स्वतंत्र होंगे। 

कोर्ट ने आलोचना और अपमान में अंतर किया स्पष्ट 

सुनवाई के दौरान मेटा की ओर से पेश वकील ने कहा कि कुछ सामग्री को उचित आलोचना की श्रेणी में भी रखा जा सकता है। इस पर नितिन गडकरी की ओर से पेश वकील ने स्पष्ट किया कि याचिका का उद्देश्य किसी भी तरह की वैध आलोचना को रोकना नहीं है। जस्टिस आरिफ डॉक्टर ने भी इस बात से सहमति जताई और कहा कि मौजूदा मामला आलोचना का नहीं, बल्कि कथित अपमानजनक और मानहानिकारक सामग्री का है। अदालत ने इस अंतर को अपने आदेश में भी स्पष्ट रूप से दर्ज किया।

'मैं लौटूंगी...' प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेख हसीना ने वापसी को लेकर क्या कहा?

डीपफेक और फर्जी जानकारी पर भी जताई चिंता

अदालत ने कहा कि यदि भविष्य में गडकरी से जुड़ी कोई डीपफेक तस्वीर या इसी तरह की अपमानजनक सामग्री सामने आती है, तो उसकी जानकारी भी संबंधित प्लेटफॉर्म को दी जाएगी। साथ ही कोर्ट ने गूगल और मेटा को ऐसा प्रभावी तंत्र विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे हर बार अदालत का रुख किए बिना ही इस तरह की सामग्री को हटाया जा सके। अदालत का मानना था कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ते दुरुपयोग को देखते हुए ऐसी व्यवस्था समय की जरूरत है।

वकील ने रखा प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग का पक्ष

सुनवाई के बाद नितिन गडकरी की ओर से पेश वकील संदीप एस. लड्डा ने कहा कि अदालत ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डीपफेक और भ्रामक जानकारी के बढ़ते इस्तेमाल को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि ई20 इथेनॉल ब्लेंडिंग पॉलिसी से जुड़ी कथित मानहानिकारक सामग्री को अदालत के सामने रखा गया, जिस पर कोर्ट ने प्रथम दृष्टया आपत्ति जताई। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा समय में सोशल मीडिया का उपयोग किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए आसानी से किया जा रहा है और इसे रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है। अब इस मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद होगी।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts