Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल के कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल की तीन लिफ्ट सील, आईएएस अफसर की पत्नी 20 मिनट तक फंसी

भोपाल के कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल की लिफ्ट में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की पत्नी करीब 20 मिनट फंसी रहीं। जांच में एआरडी और नियमित रखरखाव की कमी मिलने पर तीन लिफ्ट सील की गईं।
भोपाल के कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल की तीन लिफ्ट सील, आईएएस अफसर की पत्नी 20 मिनट तक फंसी
भोपाल के कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल की तीन लिफ्ट सील

भोपाल। अरेरा हिल्स स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल में रविवार सुबह लिफ्ट में एक महिला के करीब 20 मिनट तक फंसे रहने के बाद नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला मध्यप्रदेश कैडर के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की पत्नी बताई गई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें लिफ्ट से बाहर निकाला। इसके बाद होटल की लिफ्ट और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। जांच के दौरान लिफ्टों में ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस (एआरडी) की व्यवस्था नहीं मिली। इसके अलावा निर्धारित समय पर लिफ्टों का मासिक संधारण नहीं कराया गया था। इन खामियों के सामने आने के बाद नगर निगम ने होटल की तीन लिफ्टों को अस्थायी रूप से सील कर दिया।

करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं महिला

रविवार सुबह होटल में एक लिफ्ट में महिला फंस गईं। बताया गया कि वह करीब 20 मिनट तक अंदर रहीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम के अग्निशमन, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग की टीम होटल पहुंची और रेस्क्यू कर महिला को बाहर निकाला। महिला के साथ एक चिकित्सक और चिकित्सा कर्मी भी मौजूद होने की जानकारी सामने आई है।

जांच में एआरडी और नियमित रखरखाव की कमी

घटना के बाद निगम की टीम ने होटल की लिफ्टों के साथ उनसे जुड़े रखरखाव संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की। निगम के अनुसार लिफ्टों में ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस उपलब्ध नहीं था। साथ ही निर्धारित समय पर मासिक रखरखाव का काम भी नहीं कराया गया था। निगम के अनुसार 31 अगस्त 2026 को किया जाने वाला मासिक संधारण भी नहीं हुआ था। लिफ्टों की तकनीकी स्थिति और रखरखाव से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के बाद तीन लिफ्टों को अस्थायी तौर पर सील करने की कार्रवाई की गई।

ये भी पढ़ें: संघ के सरकार्यवाह होसबाले ने कहा-हिंदू एकजुटता के लिए जाति की दीवारें तोड़ें, हनुमानजी की तरह अपनी शक्ति पहचाननी होगी

फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी हुई जांच

नगर निगम की टीम ने होटल में अग्नि सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन निकास और अन्य फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। निगम के अनुसार कुछ व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा लाइसेंस समेत लिफ्ट और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े दस्तावेज भी जांचे गए।

रिपोर्ट के मुताबिक होटल का इससे पहले भी निरीक्षण किया जा चुका है और निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे।

29 मई को हुआ था पिछला निरीक्षण

जानकारी के अनुसार जिस लिफ्ट में महिला फंसी थीं, उसका पिछला निरीक्षण 29 मई 2026 को हुआ था। रविवार की घटना के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर लिफ्ट की तकनीकी स्थिति और रखरखाव से जुड़े पहलुओं की दोबारा जांच की। निगम की कार्रवाई के बाद होटल प्रबंधन को सील की गई लिफ्टों में सुधार और सुरक्षा मानकों को पूरा करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने होंगे।

ये भी पढ़ें: एसी कोच में बिजली के सॉकेट से बह रहा था बारिश का पानी, इंदौर से रतलाम तक बना रहा खतरा

शहर के दूसरे होटलों और अस्पतालों की भी होगी जांच

घटना के बाद भोपाल नगर निगम ने शहर की अन्य बहुमंजिला इमारतों में लगी लिफ्टों की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कराने का फैसला किया है। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर होटल, अस्पताल और अन्य बहुमंजिला भवनों में लिफ्टों का निरीक्षण कराया जाएगा। इन निरीक्षणों के दौरान लिफ्टों के निर्धारित समय पर निरीक्षण, नियमित रखरखाव और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। जहां सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया जाएगा, वहां संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की ओर से बहुमंजिला इमारतों, होटलों और अस्पतालों को लिफ्टों का समय पर संधारण कराने और सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts