कटनी में दो स्पा सेंटरों पर दबिश: 10 महिलाओं सहित 16 हिरासत में

कटनी। शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार और अनैतिक गतिविधियों की मिल रही शिकायतों पर कटनी पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। रविवार शाम पुलिस की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दो स्पा सेंटरों पर एक साथ अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 महिलाओं और 6 पुरुषों समेत कुल 16 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री मिली
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमल मौर्य ने बताया कि यह संयुक्त कार्रवाई बरगवां स्थित 'आवां स्पा सेंटर' और कटाई घाट मोड़ के पास संचालित 'नेचरल हाई स्पा सेंटर' पर की गई। कमरों की तलाशी लेने पर वहां से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट और शराब की बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर सील कर दिया है।
ये भी पढ़ें: भोपाल के कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल की तीन लिफ्ट सील, आईएएस अफसर की पत्नी 20 मिनट तक फंसी
एमपी सहित अन्य राज्यों की युवितयां शािमल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन सेंटरों में काम करने वाली युवतियां मध्य प्रदेश के अलावा असम, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से लाई गई थीं। पुलिस अब सभी के पहचान पत्र, पते और अनुबंध दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही इस बिंदु पर भी पड़ताल जारी है कि मामला कहीं मानव तस्करी या जबरन देह व्यापार से तो नहीं जुड़ा है।
कुछ युवतियां बाहरी राज्यों से भी
शहर के आवां स्पा सेंटर और नेचरल हाई स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। दबिश देकर 10 महिलाओं और 6 पुरुषों को हिरासत में लिया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, शराब और इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट जब्त किए गए हैं। युवतियां बाहरी राज्यों से भी हैं, इसलिए दस्तावेजों की जांच के साथ मानव तस्करी के पहलू पर भी गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
-कमल मौर्य, एएसपी, कटनी
ये भी पढ़ें: सिवनी में अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 500 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट




















