हरदा रेलवे स्टेशन पर मछलियों की खेप को लेकर विवाद, ठेकेदार ने लगाया चोरी का आरोप; केस दर्ज

हरदा। शिकायतकर्ता ठेकेदार ने उक्त प्रजाति डेम की होने की बात कहते हुए चोरी का आरोप लगाया, जबकि मछली व्यापारी ने कहा कि यह माल छोटे-मोटे मछुआरों से खरीदा गया है। करीब एक घंटा गहमागहमी के बाद ठेकेदार की शिकायत पर जीआरपी ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
मछलियों की खेप को लेकर प्लेटफार्म पर हुआ विवाद
हरदा रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब इंदिरा सागर डैम में मछली पकड़ने का ठेका रखने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्लेटफॉर्म पर रखी मछलियों की खेप को लेकर जीआरपी को शिकायत दी। इस दौरान मौके पर पहुंची जीआरपी ने चार बक्सों को खुलवाया, जिनमें कतला प्रजाति की मछलियां पाई गईं और करीब एक घंटा गहमागहमी रही।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी पर समारोह, स्वावलंबी महिलाओं का हुआ सम्मान
ठेकेदार ने डैम से मछली चोरी का लगाया आरोप
ठेकेदार मनदीप सिंह भाटिया का आरोप है कि डैम से चोरी की गई मछलियों को ट्रेन के माध्यम से दूसरे जिलों में भेजा जा रहा था। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी को शासन से इंदिरा सागर डैम क्षेत्र में मछली उत्पादन और दोहन की अनुमति प्राप्त है और पूर्व में भी मछली चोरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। कंपनी कर्मचारियों ने बॉक्सों में मिली मछलियों की पहचान कतला प्रजाति की मछली के रूप में की, जिसे इंदिरा सागर डैम से संबंधित बताया गया।
मछली व्यापारी बोला- छोटे मछुआरों से खरीदा माल
वहीं, दूसरी ओर मछली के व्यापारी ने कहा कि यह माल छोटे-मोटे मछुआरों से खरीदा गया है, जो विभिन्न जलस्रोतों से मछलियां पकड़कर अपना जीवन यापन करते हैं। स्थानीय मछली व्यापारियों का कहना था कि वे क्षेत्र के छोटे मछुआरों से 5 से 20 किलो तक मछली खरीदकर व्यापार करते हैं और कभी-कभी बाहर भी भेजते हैं। उनका आरोप है कि कंपनी कर्मचारी छोटे मछुआरों और व्यापारियों को डराते-धमकाते हैं और वैध रूप से खरीदी गई मछलियों को भी अपना बताकर रोकने की कोशिश करते हैं।
जीआरपी ने चार बक्सों की जांच की
जीआरपी थाना प्रभारी कमलेश रघुवंशी के मुताबिक कंपनी के कर्मचारी की शिकायत पर रेलवे स्टेशन पर रखे चार बॉक्सों की जांच की गई। बॉक्सों में मिली मछलियों की पहचान कंपनी कर्मचारियों ने कतला प्रजाति की मछली के रूप में की, जिसे इंदिरा सागर डैम से संबंधित बताया गया। शिकायत के बाद जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: MPPSC की दो परीक्षाएं में 48% अभ्यर्थी ही पहुंचे, रही त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था
दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने हरदा निवासी कैलाश कहार और अभिषेक कहार के खिलाफ बीएनएस की धारा 303 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों द्वारा कंपनी कर्मचारियों पर दबंगई के आरोप भी लगाए गए हैं, जबकि मछली व्यापारी पक्ष का कहना है कि मछलियां छोटे मछुआरों से खरीदी गई थीं। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और कार्रवाई के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी।




















