लक्ष्मीपति बालाजी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, इंडिया-ए के हेड कोच बने

बालाजी ने भारत के लिए 8 टेस्ट, 30 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इंडिया-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच दो मल्टी-डे और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। मल्टी-डे टीम की कप्तानी देवदत्त पडिक्कल और वनडे टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ संभालेंगे।
ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ मिली जिम्मेदारी
पूर्व तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होने वाली मल्टी फॉर्मेट सीरीज के लिए भारतीय-ए टीम का हेड कोच बनाया गया है। रिपोर्टस के मुताबिक उन्हें यह जिम्मेदारी आगामी सीरीज के लिए मिली है, जो पुडुचेरी में खेली जाएगी।
ये भी पढ़ें: छात्र संवाद: होसबाले बोले-सत्ता और समाज से जेन-जी का सवाल पूछना गलत नहीं
22 सितंबर से शुरू होगी सीरीज
भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच सीरीज का आगाज पुडुचेरी में 22 सितंबर से होगा। दोनों टीमों के बीच दो मल्टी-डे मैच 22 से 25 सितंबर और 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक खेले जाएंगे, इसके बाद 6, 9 और 11 अक्टूबर को तीन वनडे मुकाबले होंगे।
पडिक्कल और ऋतुराज संभालेंगे कप्तानी
मल्टी-डे मैचों में देवदत्त पडिक्कल भारतीय-ए टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि वनडे टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में रहेगी। BCCI ने 9 सितंबर को दोनों फॉर्मेट के लिए इंडिया-ए टीम का ऐलान किया था।
भारत के लिए खेले 43 इंटरनेशनल मैच
लक्ष्मीपति बालाजी ने 2002 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और भारत के लिए 8 टेस्ट, 30 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। वह अपनी स्विंग गेंदबाजी और सटीक लाइन लेंथ के लिए जाने जाते थे, जबकि 2004 के पाकिस्तान दौरे पर उनके प्रदर्शन को आज भी याद किया जाता है।
ये भी पढ़ें: भोपाल के कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल की तीन लिफ्ट सील, आईएएस अफसर की पत्नी 20 मिनट तक फंसी
CSK के लिए खेले, कोचिंग का भी अनुभव
बालाजी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले और बाद में टीम के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा रहे। वह तमिलनाडु की टीम के साथ भी काम कर चुके हैं, जिससे उन्हें घरेलू क्रिकेट में कोचिंग का अनुभव मिला है। आईपीएल में बालाजी ने 73 मैचों में 76 विकेट लिए हैं और उनके नाम आईपीएल इतिहास की पहली हैट्रिक भी दर्ज है।




















