पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर होने वाला चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को संपन्न होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। बीजेपी ने स्टार प्रचारकों की लंबी सूची जारी कर यह साफ कर दिया है कि वह इस चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने जा रही है और हर वर्ग के मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
बीजेपी ने इस बार चुनाव प्रचार में अपने सबसे बड़े चेहरों को मैदान में उतार दिया है। सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, और जेपी नड्डा, जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसके अलावा नितिन गडकरी, योगी आदित्यनाथ, शिवराज सिंह चौहान जैसे दिग्गज नेता भी चुनावी प्रचार करेंगे। बता दें कि पार्टी का फोकस है कि इन अनुभवी नेताओं के जरिए राज्यभर में मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाई जाए और मतदाताओं को सीधे जोड़ा जाए।
ये भी पढ़ें: उच्च शिक्षा विभाग की नई पहल : मिशन लाइफ से कॉलेजों में बढ़ेगा इको फ्रेंडली कल्चर
बीजेपी ने इस बार प्रचार को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए मनोरंजन और खेल जगत के चेहरों को भी शामिल किया है। एक्टर मिथुन चक्रवर्ती, हेमा मालिनी और कंगना रनौत को स्टार प्रचारक बनाया गया है। वहीं खेल जगत से लिएंडर पेस, सिंगर और राजनेता मनोज तिवारी भी प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इन चेहरों के जरिए पार्टी युवा और शहरी वोटर्स को प्रभावित करने की रणनीति पर काम कर रही है।
केंद्रीय नेताओं के साथ-साथ राज्य स्तर के नेताओं को भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, सुकांत मजूमदार जैसे नेता राज्य में प्रचार की कमान संभालेंगे। इसी के साथ स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, अश्विनी वैष्णव सहित कई केंद्रीय मंत्री भी मैदान में उतरेंगे। बीजेपी का लक्ष्य है कि स्थानीय और राष्ट्रीय नेतृत्व के तालमेल से मजबूत चुनावी माहौल तैयार किया जाए।