Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मौत का डर, काली मां का नाम और फिर 70 लाख की ठगी! यूपी में तंत्र-मंत्र का गंदा खेल

बिजनौर के धामपुर में बेटे की बीमारी का फायदा उठाकर झाड़-फूंक और पूजा के नाम पर एक परिवार से करीब 70 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार को बेटे की जान का खतरा बताकर डराया गया और उसे बचाने के नाम पर अलग-अलग जगहों पर पूजा कराई गई। इसके बाद मकान और जेवर बेचने के साथ नौकरी के आधार पर कर्ज लेने तक के लिए परिवार को मजबूर किया गया।
मौत का डर, काली मां का नाम और फिर 70 लाख की ठगी! यूपी में तंत्र-मंत्र का गंदा खेल
मौत का डर, काली मां का नाम और फिर 70 लाख की ठगी!

बिजनौर। मामला नंगला नैंसी गांव के रहने वाले संदीप कुमार के परिवार से जुड़ा है, जिनके बेटे की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी। इसी दौरान संदीप के एक परिचित ने उसे एक पहाड़ी पंडित से मिलवाया और परिवार को बेटे की जान पर खतरा होने की बात बताई गई। पुलिस के अनुसार परिवार से मकान बेचकर करीब 38 लाख, जेवर बेचकर करीब 14 लाख, नौकरी के आधार पर 13 लाख रुपये का कर्ज और पूजा-सामग्री के नाम पर करीब 5 लाख रुपये लिए गए। मामले में धामपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बेटे की बीमारी का फायदा उठाकर परिवार को डराया

परिवार को दारागंज, हरिद्वार और श्यामपुर कांगड़ी स्थित काली माता मंदिर समेत कई जगहों पर ले जाया गया और ऐसा माहौल बनाया गया कि परिवार डर के कारण बताए गए तरीके अपनाता चला गया।

ये भी पढ़ें: कलयुगी बेटा ने पिता की हत्या, हत्या के बाद गांव में ही छिपा बेटे की पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

बेटे को बचाने के नाम पर अलग-अलग जगह कराई पूजा

आरोप है कि परिवार को लगातार यह डर दिखाया गया कि पूजा और झाड़-फूंक नहीं कराई गई तो यक्ष की जान जा सकती है। इसी डर का फायदा उठाकर परिवार को अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया और पूजा-पाठ के नाम पर रकम खर्च कराई गई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यक्ष की तबीयत खराब होने के बाद मोनू चौधरी ने परिवार को पहाड़ी पंडित से मिलवाया था। पुलिस का कहना है कि इसके बाद पहले से बनाई गई योजना के तहत परिवार को बेटे की जान का खतरा बताकर उनसे रकम जुटाने का सिलसिला शुरू किया गया।

38 लाख में बिकवाया धामपुर का मकान

पुलिस के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आरोपियों ने मकान और जेवर बेचकर रकम जुटाने का रास्ता अपनाया। संदीप का धामपुर स्थित मकान करीब 38 लाख रुपये में बिकवाया गया। इसके अलावा उसकी पत्नी के करीब 13 तोले सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवर भी करीब 14 लाख रुपये में बिकवाए गए। आरोप है कि बेटे की जान बचाने के नाम पर परिवार को इस कदर डराया गया कि उन्होंने अपनी संपत्ति बेचकर भी बताए गए तरीकों के अनुसार रकम जुटाना शुरू कर दिया।

Breaking News

नौकरी के आधार पर 13 लाख का कर्ज भी लिया

मकान और जेवर बेचने के बाद भी परिवार से रकम लेने का सिलसिला नहीं रुका। पुलिस के मुताबिक, संदीप की नौकरी के आधार पर करीब 13 लाख रुपये का कर्ज भी लिया गया। इसके अलावा पूजा और दूसरी सामग्री के नाम पर करीब 5 लाख रुपये और लिए गए। पुलिस के अनुसार मकान, जेवर, कर्ज और पूजा-सामग्री के नाम पर परिवार से कुल करीब 70 लाख रुपये लिए गए, जबकि मिली रकम का कुछ हिस्सा घर का सामान खरीदने समेत दूसरे खर्चों में इस्तेमाल किया गया।

10 रुपये के स्टाम्प पर लिखवाया

पुलिस के अनुसार परिवार को इतना डरा दिया गया था कि उन्हें मामले की जानकारी किसी और को देने से भी रोका गया। आरोप है कि इसके लिए 10 रुपये के स्टाम्प पर लिखवाया गया कि अगर उन्होंने किसी को यह बात बताई तो काली माता के प्रकोप से उनकी मौत हो जाएगी। इस धमकी के चलते परिवार ने लंबे समय तक किसी से कुछ नहीं बताया। पुलिस का कहना है कि डर का माहौल बनाकर आरोपियों ने परिवार की मजबूरी का फायदा उठाया और अलग-अलग तरीकों से करीब 70 लाख रुपये की रकम हासिल की।

ये भी पढ़ें: गुजरात: भावनगर में खड़े ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, 7 लोगों की दर्दनाक मौत

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

धामपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यक्ष की बीमारी के बाद मोनू चौधरी ने परिवार को पहाड़ी पंडित से मिलवाया और इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर उन्हें अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में पहले से बनाई गई योजना के तहत परिवार को बेटे की जान का डर दिखाया गया और उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर रकम जुटाई गई। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts