एमपी बोर्ड ने बदला पेपर का पैटर्न, 18 लाख विद्यार्थियों की तैयारी पर पड़ सकता है असर

एमपी बोर्ड ने सत्र 2026-27 की वार्षिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों का पैटर्न बदल दिया है, लेकिन लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) स्कूलों में इसे लागू नहीं करा पाया। पहले 11वीं-12वीं और अब 9वीं-10वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं भी पुराने पैटर्न पर शुरू हो गई हैं।
एमपी बोर्ड ने बदला पेपर का पैटर्न, 18 लाख विद्यार्थियों की तैयारी पर पड़ सकता है असर
एमपी बोर्ड ने बदला पेपर का पैटर्न

भोपाल। इससे विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा के बदले हुए प्रश्नपत्र प्रारूप का अभ्यास कराने की व्यवस्था अधूरी रह गई है। प्रदेश में 10वीं-12वीं की वार्षिक परीक्षाएं 17 फरवरी से प्रस्तावित हैं, जिनमें 18 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। ऐसे में नए पैटर्न का अभ्यास नहीं मिलना उनकी तैयारी को प्रभावित कर सकता है।

एमपी बोर्ड ने बदला वार्षिक परीक्षा का पैटर्न

एमपी बोर्ड ने सत्र 2026-27 से वार्षिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों का प्रारूप बदल दिया है। सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं डीपीआई कराता है, जबकि 10वीं-12वीं की वार्षिक परीक्षाएं एमपी बोर्ड आयोजित करता है। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के जरिए विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा के नए पैटर्न का अभ्यास कराया जाना था।

ये भी पढ़ें: MP News : एमपी बोर्ड के स्कूलों को चार माह बाद भी नहीं मिल पाए 'योग्य' शिक्षक

11वीं-12वीं के बाद 9वीं-10वीं में भी पुराना पैटर्न

डीपीआई ने 24 सितंबर को जारी निर्देशों में स्पष्ट किया था कि प्रश्नपत्र मंडल की अंक योजना और शैक्षणिक कैलेंडर के आधार पर तैयार किए जाएंगे। इसके बावजूद बीते बुधवार को 11वीं-12वीं की परीक्षाएं पुराने पैटर्न पर हुईं। अब शनिवार से शुरू हुई 9वीं-10वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं भी उसी व्यवस्था के तहत कराई जा रही हैं।

18 लाख से अधिक विद्यार्थियों पर पड़ सकता है असर

इस लापरवाही का असर प्रदेश के करीब 18 लाख विद्यार्थियों पर पड़ सकता है। 10वीं-12वीं की वार्षिक परीक्षाएं 17 फरवरी से प्रस्तावित हैं और दोनों कक्षाओं में 18 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। ऐसे में अर्द्धवार्षिक परीक्षा नए प्रश्नपत्र प्रारूप का अभ्यास कराने के लिए महत्वपूर्ण थी, लेकिन विभाग समय रहते इसकी तैयारी नहीं कर पाया।

दो अंकों के प्रश्नों में खत्म किया आंतरिक विकल्प

एमपी बोर्ड ने सत्र 2026-27 से दो अंकों के अति लघु उत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प समाप्त कर दिया है। वहीं, तीन और चार अंकों के प्रश्नों में विकल्प पहले की तरह रखे गए हैं। इस बदलाव के तहत विद्यार्थियों को दो अंकों के प्रश्नों में अब विकल्प नहीं मिलेगा।

पांच और सात अंकों के प्रश्नों में मिलेगा विकल्प

एनसीईआरटी विषयों में पांच अंकों के दीर्घ उत्तरीय और सात अंकों के निबंधात्मक प्रश्नों में आंतरिक विकल्प की सुविधा शुरू की गई है। इस बदले हुए प्रारूप के अनुसार विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा की तैयारी करनी है। लेकिन अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं पुराने पैटर्न पर होने से उन्हें नए प्रारूप का पर्याप्त अभ्यास नहीं मिल पा रहा है।

Breaking News

डीपीआई आयुक्त बोले- जानकारी लेकर दिखवाऊंगा

भोपाल आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय अभिषेक सिंह ने बताया अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं एमपी बोर्ड के नए पैटर्न के अनुसार ही कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुराने पैटर्न से पेपर आने की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को दिखवाएंगे।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts