Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बंगाल BJP विधायक रेखा पात्रा वेंटिलेटर पर, मेडिकल रिपोर्ट में जहर की पुष्टि; स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे अस्पताल

पश्चिम बंगाल की BJP विधायक रेखा पात्रा की हालत गंभीर है। मेडिकल रिपोर्ट में ऑर्गेनोफॉस्फोरस कीटनाशक जहर मिला है। जानें पूरा मामला।
बंगाल BJP विधायक रेखा पात्रा वेंटिलेटर पर, मेडिकल रिपोर्ट में जहर की पुष्टि; स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे अस्पताल

पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक रेखा पात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गंभीर हालत में कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्तर 24 परगना जिले की हिंगलगंज सीट से विधायक रेखा पात्रा को आरएन टैगोर अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। अस्पताल की मेडिको-लीगल रिपोर्ट में उनके शरीर में ऑर्गेनोफॉस्फोरस आधारित कीटनाशक जहर मिलने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री भी अस्पताल पहुंचे।

मेडिकल रिपोर्ट में मिला कीटनाशक जहर

आरएन टैगोर अस्पताल की मेडिको-लीगल रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी विधायक रेखा पात्रा के शरीर में ऑर्गेनोफॉस्फोरस आधारित कीटनाशक जहर पाया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेशन सपोर्ट पर रखा गया है। इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखोपाध्याय ने अस्पताल पहुंचकर विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

पहले स्थानीय अस्पताल में कराया गया था भर्ती

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी विधायक रेखा पात्रा रविवार को अपने आवास पर अचानक बीमार पड़ गई थीं। इसके बाद उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, उनकी हालत में लगातार सुधार नहीं हुआ। करीब चार घंटे बाद भी स्थिति बेहतर नहीं होने पर उन्हें कोलकाता के आरएन टैगोर अस्पताल में शिफ्ट करने का फैसला किया गया। एक न्यूज एजेंसी ने बीजेपी नेता अर्चना दास मजूमदार के हवाले से बताया कि रेखा पात्रा को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में लाया गया। उन्होंने बताया कि विधायक का इलाज डॉक्टर युद्धजीत सेनगुप्ता की देखरेख में चल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

विधायक की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखोपाध्याय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से रेखा पात्रा के स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली। वहीं, बीजेपी नेता अर्चना दास मजूमदार ने मीडिया को बताया कि रेखा पात्रा का इलाज जारी है और उन्हें वेंटिलेशन सपोर्ट पर रखा गया है।

Breaking News

कौन हैं बीजेपी विधायक रेखा पात्रा?

रेखा पात्रा पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिला उत्पीड़न, जमीन हड़पने और जबरन वसूली के आरोपों को लेकर हुए आंदोलन का प्रमुख चेहरा रही हैं। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख शाहजहां का नाम सामने आया था। इसके बाद बीजेपी ने रेखा पात्रा को पार्टी में शामिल किया और 2024 के लोकसभा चुनाव में बशीरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया। हालांकि, वह चुनाव नहीं जीत सकीं। बाद में अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने हिंगलगंज निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की और बीजेपी विधायक बनीं। फिलहाल रेखा पात्रा का कोलकाता के आरएन टैगोर अस्पताल में इलाज जारी है। मेडिकल रिपोर्ट में कीटनाशक जहर मिलने की पुष्टि हुई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उनके शरीर में यह जहर किन परिस्थितियों में पहुंचा।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts