PU Special :पर्यटन स्थल के रूप में डेवलप हो रहा बैतूल जिले का कुकरू बनेगा एमपी में कॉफी उत्पादन का हब

बैतूल के सतपुड़ा अंचल में स्थित कुकरू गांव को पर्यटन और कॉफी उत्पादन के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। पर्यटन विकास निगम यहां 15 करोड़ रुपये से सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। एमपीटी होटल और 12 होम स्टे विकसित किए जाएंगे, जिनका संचालन महिला स्व-सहायता समूह करेंगे। वहीं 100 किसानों को कॉफी उत्पादन का प्रशिक्षण देकर स्थानीय रोजगार और ग्रामीणों की आय बढ़ाने की तैयारी है।
पर्यटन स्थल के रूप में डेवलप हो रहा बैतूल जिले का कुकरू बनेगा एमपी में कॉफी उत्पादन का हब
फाइल फोटो

पुष्पेन्द्र सिंह, भोपाल। सतपुड़ा की पहाड़ियों, घने जंगलों और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए पहचाने जाने वाले बैतूल के कुकरू ग्राम की तस्वीर अब बदलने लगी है। पर्यटन विकास, कॉफी उत्पादन और स्थानीय रोजगार को एक साथ जोड़कर इस क्षेत्र को नई पहचान दी जा रही है। पर्यटन विकास निगम द्वारा करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से यहां पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कुकरू के विकास के लिए पिछले दस वर्षों में दो-तीन बार घोषणाएं की गईं, लेकिन वे धरातल पर नहीं उतर सकीं। इस बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 28 जून 2026 के कुकरू प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं के दो माह में ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई। पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए 3,200 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसमें से 2,650 मीटर का काम पूरा हो चुका है।

होटल-रेस्टोरेंट और 12 होम स्टे से बढ़ेगी पर्यटकों की आमद 

कुकरू में एमपीटी होटल विकसित किया जा रहा है। यहां 12 होम स्टे विकसित करने का प्रस्ताव है। इनका संचालन महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाएगा। महिला समूह आवास प्रबंधन, अतिथि सत्कार और स्थानीय भोजन की व्यवस्था संभालेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं और परिवारों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही पर्यटकों को स्थानीय जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और हस्तशिल्प से रूबरू होने का मौका मिलेगा।

Breaking News

कॉफी की खेती से किसानों की आय बढ़ाने की तैयारी

कॉफी बोर्ड के सर्वे के बाद यहां इसकी खेती का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए 100 किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र के समन्वय से कॉफी उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन किसानों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया जाएगा। वे आगे दूसरे किसानों को भी कॉफी की खेती की तकनीक सिखाएंगे। यहां वर्ष 1944 में कॉफी की खेती शुरू होने का दावा किया जाता है।

ये भी पढ़ें: PU Special : दुबई की तर्ज पर चंबल में बनेगा देश का पहला ‘रेवाइन सफारी’ हब, एमपी टूरिज्म बोर्ड ने EOI बुलाए

जानिए कुकरू के बारे में...

सतपुड़ा की पहाड़ियों में स्थित इस बागान की शुरुआत 1944 में हुई थी। अब इसकी देखरेख वन विभाग करता है। 2024 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुकरू में करीब 4 हेक्टेयर में कॉफी की खेती से सालाना 10 क्विंटल से अधिक उत्पादन होता है। 

इसलिए कुकरू की पहचान 

  • सतपुड़ा की पहाड़ियों पर बसा कुकरू प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली के लिए जाना जाता है।
  • यहां कोरकू जनजाति की संस्कृति और पारंपरिक ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलती है। 

ये भी पढ़ें: शहडोल और खंडवा में 'टापू' पर बने दो लग्जरी रिजॉर्ट्स के दरवाजे निजी निवेशकों के लिए खोलेगा एमपी टूरिज्म

पर्यटन से कारोबार, कॉफी से किसानों को मिलेगा संबल

इस बारे में बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे का कहना है कि कुकरू में पर्यटन सुविधाओं का विकास स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। होटल, रेस्टोरेंट और होम स्टे से ग्रामीण परिवारों की भागीदारी बढ़ेगी, वहीं कॉफी उत्पादन से किसानों को आय का नया विकल्प मिलेगा। आने वाले समय में कुकरू गांव बैतूल ही नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन केंद्रों में पहचान दिलाने सकेगा।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts