PU Special :सोने के भाव गिरने से गोल्ड लोन लेने वालों की बढ़ी चिंता, सरकारी बैंकों में 9 तो निजी कंपनियों में 24 फीसदी तक ब्याज

सोने की कीमतों में गिरावट का असर अब गोल्ड लोन लेने वाले परिवारों के साथ बैंकों और फाइनेंस कंपनियों पर भी दिखाई देने लगा है। जिस सोने को 1.75 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव पर आंककर लोगों ने कर्ज लिया था, उसकी कीमत अब करीब 1.15 लाख रुपए रह गई है।
सोने के भाव गिरने से गोल्ड लोन लेने वालों की बढ़ी चिंता, सरकारी बैंकों में 9 तो निजी कंपनियों में 24 फीसदी तक ब्याज
सोने के भाव गिरने से गोल्ड लोन लेने वालों की बढ़ी चिंता

राजीव कटारे, ग्वालियर। सोने की कीमत घटने से गिरवी रखे गहनों की वैल्यू में करीब 34 फीसदी की कमी आई है। इससे पुराने कर्ज के मुकाबले बैंकों का सिक्योरिटी कवर कमजोर हुआ है और जोखिम बढ़ गया है। सबसे ज्यादा परेशानी उन ग्राहकों को हो रही है, जिन्होंने महंगे सोने के दौर में 20 से 24 फीसदी तक ब्याज पर कर्ज लिया था। हालांकि, बैंकिंग विशेषज्ञों का कहना है कि इससे बैंकों के डूबने जैसी स्थिति नहीं है, क्योंकि कर्ज देते समय सोने की कीमत के अनुपात में ही लोन दिया जाता है।

सोने की कीमत गिरने से बैंकों की बढ़ी चिंता

सोने के भाव 1.75 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से घटकर करीब 1.15 लाख रुपए रह गए हैं। इसके चलते गिरवी रखे सोने की कीमत में करीब 34 फीसदी की कमी आई है। पुराने ग्राहकों का बकाया कर्ज अपने आप कम नहीं होता, ऐसे में सोने की मौजूदा कीमत के मुकाबले लोन की रकम ज्यादा होने से बैंकों और फाइनेंस कंपनियों का जोखिम बढ़ गया है।

ये भी पढ़ें: रायसेन: 33 युवाओं ने पूरा किया गोल्ड लोन प्रशिक्षण, बैंक और NBFC में रोजगार के लिए होंगे तैयार

बैंक से गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या बढ़ी

एसबीआई के सीनियर मैनेजर विवेक रावत ने बताया कि पिछले करीब एक दशक में बैंकों से गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या में सालाना 20 से 25 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। इसकी प्रमुख वजह बैंकों के प्रति लोगों का बढ़ता भरोसा है। पहले लोग सुनारों और साहूकारों के यहां गहने गिरवी रखते थे, जहां ब्याज और सोने के मूल्यांकन में पारदर्शिता की कमी रहती थी।

ऐसे समझें सोने की कीमत और लोन का गणित

जब सोना 1.75 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम था, तब 75 फीसदी के अनुपात से सैद्धांतिक रूप से 1.31 लाख रुपए तक कर्ज मिल सकता था। अब सोने की कीमत 1.15 लाख रुपए होने पर इसी अनुपात से कर्ज की सीमा करीब 86 हजार रुपए रह जाती है। पुराने ग्राहकों का कर्ज पहले की तरह बना रहता है, लेकिन गिरवी सोने की मौजूदा कीमत के मुकाबले बकाया राशि बढ़ने से बैंक का जोखिम बढ़ जाता है।

सरकारी बैंक और फाइनेंस कंपनियों के ब्याज में बड़ा अंतर

सरकारी बैंकों में गोल्ड लोन पर करीब 8.65 से 10 फीसदी सालाना ब्याज लिया जाता है, जबकि निजी फाइनेंस कंपनियों में यह 24 फीसदी तक पहुंच जाता है। एक लाख रुपए के कर्ज पर 9.25 फीसदी ब्याज के हिसाब से सालाना 9,250 रुपए देने होंगे। वहीं, 24 फीसदी ब्याज पर यही रकम 24 हजार रुपए होगी, यानी दोनों के बीच सालाना 14,750 रुपए का अंतर है।

Breaking News

बकाया ज्यादा होने पर ग्राहकों को नोटिस

आईडीबीआई बैंक के सीनियर मैनेजर राजेश प्रधान ने बताया कि सोने की कीमतों में गिरावट से गोल्ड लोन के सिक्योरिटी कवर पर असर पड़ता है। जिन ग्राहकों का बकाया कर्ज सोने की मौजूदा कीमत के मुकाबले अधिक हो गया है, उनके खातों की निगरानी बढ़ाई गई है। किस्त नहीं चुकाने पर नोटिस भेजे जाएंगे और इसके बाद भी भुगतान नहीं होने पर नियमानुसार गिरवी रखे सोने की नीलामी की जा सकती है।

महंगे सोने के भाव पर कर्ज लेने वाले परिवार परेशान

गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहक राकेश कुशवाह ने बताया कि जब सोने के भाव ज्यादा थे, तब पारिवारिक जरूरत के लिए गहने गिरवी रखकर कर्ज लिया था। उस समय अच्छी कीमत मिलने से जरूरत के मुताबिक लोन मिल गया, लेकिन अब सोने के भाव घटने और ब्याज चुकाने के दबाव के बीच चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि कोशिश है कि जल्द कर्ज चुकाकर अपने गहने छुड़ा लें, लेकिन एक साथ इतनी रकम जुटाना आसान नहीं है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts