PU Special :इछावर और नरसिंहपुर बनेंगे नए इंडस्ट्रियल-टाउनशिप हब, हाईवे के साथ खुलेंगे उद्योग और रोजगार के नए रास्ते

अशोक गौतम, भोपाल। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से को राजधानी भोपाल के जरिए जोड़ने वाले महत्वाकांक्षी जबलपुर-भोपाल-इंदौर कॉरिडोर के निर्माण की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को दी गई है। दोनों कॉरिडोर भूमि अधिग्रहण सहित करीब 15 से 20 हजार करोड़ रुपए की लागत से तैयार होंगे। परियोजना की घोषणा मार्च में पेश होने वाले केंद्र सरकार के बजट में किए जाने की संभावना है। कॉरिडोर का एलाइनमेंट तय होने के साथ ही इसके आसपास नए औद्योगिक क्षेत्रों और टाउनशिप के विकास की संभावनाएं भी खुलेंगी।
भोपाल-इंदौर कॉरिडोर का एलाइनमेंट पूरा
भोपाल-इंदौर कॉरिडोर का एलाइनमेंट पूरा हो चुका है। यह करीब 140 किमी लंबा होगा और इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। वहीं भोपाल-जबलपुर हिस्से का एलाइनमेंट तैयार करने के लिए एजेंसी की तलाश की जा रही है। इस हिस्से का एलाइनमेंट राज्य सरकार की सहमति के बाद अंतिम रूप से तय होगा। इसके बाद मार्ग, इंटरचेंज, भूमि अधिग्रहण और निर्माण से जुड़े अन्य काम आगे बढ़ेंगे।
इछावर-नरसिंहपुर से सीधी कनेक्टिविटी
कॉरिडोर का सबसे बड़ा असर इसके आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक और शहरी विकास पर पड़ने की उम्मीद है। इंदौर की तरफ इछावर और जबलपुर की तरफ नरसिंहपुर को भविष्य के बड़े औद्योगिक और टाउनशिप हब के रूप में विकसित करने की संभावनाएं देखी जा रही हैं। हाईवे की सीधी कनेक्टिविटी मिलने पर इन क्षेत्रों में उद्योग, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, मैन्युफैक्चरिंग और आवासीय परियोजनाओं के लिए निवेश बढ़ सकता है।
उद्योगों को मिलेगा नया कनेक्टिविटी कॉरिडोर
जबलपुर-भोपाल-इंदौर कनेक्टिविटी प्रदेश के दो बड़े आर्थिक क्षेत्रों को राजधानी से जोड़ने के साथ माल परिवहन के लिए भी नया विकल्प उपलब्ध कराएगी। जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र के उद्योगों को भोपाल के जरिए इंदौर और पश्चिमी मध्यप्रदेश के औद्योगिक नेटवर्क तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी। इससे कॉरिडोर के आसपास नए औद्योगिक क्लस्टर विकसित होने की संभावना है।
टाइगर रिजर्व तक पहुंच भी होगी आसान
कॉरिडोर का महत्व केवल औद्योगिक कनेक्टिविटी तक सीमित नहीं रहेगा। इसके बनने से रातापानी और वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व तक पहुंच भी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। नए मार्ग के साथ पर्यटन सुविधाओं, होटल, रिसॉर्ट और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें: MP News : भोपाल, इंदौर, सागर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर में बाहरी वाहनों के दबाव को कम करने बन रहे रिंग रोड
राज्य की सहमति के बाद तय होगा रास्ता
भोपाल-जबलपुर हिस्से का एलाइनमेंट कॉरिडोर का महत्वपूर्ण चरण होगा। एनएचएआई तकनीकी और आर्थिक पहलुओं के आधार पर इसका प्रस्ताव तैयार करेगा, लेकिन राज्य सरकार की सहमति के बाद ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। एलाइनमेंट तय होने से यह भी स्पष्ट होगा कि किन शहरों और कस्बों को सीधे लाभ मिलेगा तथा कहां इंटरचेंज और कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी।
भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस-वे की डीपीआर दिसंबर तक बनेगी
इस बारे में एनएचएआई के रीजनल ऑफिसर एनएल येवतकर का कहना है कि जबलपुर-भोपाल-इंदौर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे बनाने की प्रक्रिया चल रही है। भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस-वे की डीपीआर बनाई जा रही, इसका निर्माण दिसम्बर तक पूरा हो जाएगा। वहीं भोपाल-जबलपुर एक्सप्रेस-वे के एलाइमेंट पर काम किया किया जा रहा है। यह कॉरिडोर प्रदेश के औद्योगिक लाइफ लाइन के रुप में काम करेगा।
ये भी पढ़ें: PU Special : मध्यप्रदेश के 10 नेशनल हाईवे होंगे सिक्सलेन, NHAI को मिली जिम्मेदारी; फ्लाईओवर और बाईपास भी बनेंगे




















