जयपुर एक प्लान्ड सिटी जिसे नौ चौकड़ियों में किया गया था तैयार, सवाई जयसिंह की दूरदर्शी सोच से बसा गुलाबी शहर

1727 में महाराजा सवाई जयसिंह ने जयपुर की नींव रखी थी। नौ चौकड़ियों में व्यवस्थित इस ऐतिहासिक शहर की योजना में सड़कें, बाजार, आवासीय क्षेत्र, व्यापार और पारंपरिक कलाओं को विशेष महत्व दिया गया। आज जयपुर अपनी वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।
जयपुर एक प्लान्ड सिटी जिसे नौ चौकड़ियों में किया गया था तैयार, सवाई जयसिंह की दूरदर्शी सोच से बसा गुलाबी शहर
जयपुर।

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर ने अपनी स्थापना के 300 साल पूरे कर चुकी हैं। 18 नवंबर 1727 को आमेर के तत्कालीन महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने इस ऐतिहासिक शहर की नींव रखी थी। अपनी विशिष्ट वास्तुकला, समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर के कारण जयपुर आज दुनियाभर में गुलाबी शहर के नाम से मशहूर है। करीब तीन शताब्दी पहले जयपुर को बसाने के लिए जो योजना तैयार की गई थी, उसमें शहर के विकास से जुड़े लगभग हर पहलू का ध्यान रखा गया था। बाजारों से लेकर आवासीय क्षेत्रों तक और अलग-अलग व्यवसायों से जुड़े लोगों की बसावट से लेकर सड़कों और चौपड़ों की संरचना तक, हर चीज को व्यवस्थित रूप देने की कोशिश की गई थी। महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय की इसी दूरदर्शी सोच ने जयपुर को एक नियोजित नगरी के रूप में पहचान दिलाई। शहर की योजना में आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, कला और पारंपरिक शिल्प को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया था।

वीडियो भी देखें: https://peoplesupdate.com/reels-details/jaipur-history-300-years-sawai-jai-singh-city-planning-163322

विशेषताओं में इसकी व्यवस्थित नगर संरचना शामिल

जयपुर की सबसे बड़ी विशेषताओं में इसकी व्यवस्थित नगर संरचना शामिल है। आज के कई शहर ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण, अव्यवस्थित बाजार और अनियोजित विस्तार जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं, लेकिन करीब 300 साल पहले जयपुर के लिए तैयार की गई योजना अपने समय में अलग पहचान रखती थी। ऐतिहासिक परकोटे के अंदर शहर को नौ चौकड़ियों यानी नौ नियोजित हिस्सों में विकसित किया गया था। यहां सड़कों का निर्माण इस तरह किया गया कि वे एक-दूसरे को समकोण पर काटती थीं। चौड़ी सड़कें, विशाल चौपड़, व्यवस्थित बाजार और अलग-अलग आवासीय क्षेत्रों की व्यवस्था जयपुर के नगर नियोजन की प्रमुख खूबियां थीं।

/img/126/1795344300610

 कलाओं का केंद्र बनाना भी था इसमें शामिल

गुलाबी इमारतें, चौड़े रास्ते, बड़े चौपड़, ऐतिहासिक हवेलियां और पारंपरिक शिल्पकला आज भी जयपुर की पहचान हैं। हालांकि, इस शहर को बसाने का मकसद केवल एक नई राजधानी तैयार करना नहीं था। इसकी योजना में प्रशासनिक व्यवस्था के साथ व्यापार, कला, साहित्य, संस्कृति, वास्तुकला और पारंपरिक हुनर को भी समान महत्व दिया गया था। जयपुर पर शासन करने वाला कच्छवाहा वंश अयोध्या के राजा रामचंद्र के वंश में कुश की परंपरा से जुड़ा माना जाता है।

आमेर छोड़कर नई राजधानी बसाने की जरूरत क्यों पड़ी

जयपुर की स्थापना से पहले आमेर कच्छवाहा शासकों की राजधानी हुआ करता था। पहाड़ियों के बीच स्थित आमेर ऐतिहासिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था, लेकिन समय के साथ वहां आबादी बढ़ने लगी। बढ़ती जनसंख्या के कारण जगह की कमी होने लगी थी। इसके अलावा, शहर के विस्तार और पानी की उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं भी सामने आने लगी थीं। प्रशासनिक और आर्थिक जरूरतों में बदलाव के चलते भी एक नई राजधानी की आवश्यकता महसूस की गई। इन परिस्थितियों को देखते हुए महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने आमेर के नजदीक मैदानी इलाके में एक नई नगरी बसाने का निर्णय लिया। इसी योजना के तहत वर्ष 1727 में जयपुर की स्थापना हुई। नई राजधानी बनाने के पीछे केवल शासन का केंद्र बदलना उद्देश्य नहीं था, बल्कि ऐसी नगरी तैयार करना भी था, जहां प्रशासन के साथ व्यापार, वाणिज्य, कला और शिल्प का विकास हो सके।

व्यापारियों और कलाकारों के लिए भी बनाई गई विशेष व्यवस्था

जयपुर की स्थापना की योजना में व्यापारियों, कलाकारों और शिल्पकारों को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया था। शहर को केवल राजपरिवार और सैन्य गतिविधियों का केंद्र बनाने के बजाय विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों के लिए भी व्यवस्थित बसावट की परिकल्पना की गई थी। महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय चाहते थे कि अलग-अलग पेशों और पारंपरिक हुनर से जुड़े लोगों को ऐसी सुविधाजनक जगह मिले, जहां वे रहकर अपने व्यवसाय और कला को आगे बढ़ा सकें। इसी सोच के तहत गीत-संगीत, साहित्य, चित्रकला, भवन निर्माण, धातु शिल्प, आभूषण निर्माण और अन्य पारंपरिक कलाओं से जुड़े लोगों को शहर की व्यवस्था में जगह दी गई। इस तरह जयपुर का विकास केवल एक प्रशासनिक राजधानी के रूप में नहीं हुआ, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने वाली नगरी के तौर पर भी इसकी पहचान बनी। यही विशेषताएं आज भी जयपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts