यूपी के सभी 75 जिलों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, सायरन बजते ही मची अफरातफरी

लखनऊ पुलिस लाइन में मॉकड्रिल के दौरान बम धमाके, आग लगने और इमारतों में लोगों के फंसने जैसे दृश्य दिखाए गए। मौके पर सिविल डिफेंस, आपदा प्रबंधन, NDRF और SDRF की टीमों ने राहत और बचाव का अभ्यास किया।
यूपी के 75 जिलों में एक साथ हुआ ब्लैकआउट
ये भी पढ़ें: दिल्ली में आज 1 घंटे का ब्लैकआउट ! जानें क्यों खुद बंद करनी होंगी लाइटें और क्या है बड़ा मकसद
उत्तर प्रदेश में रविवार शाम सभी 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट किया गया। इस दौरान जगह-जगह सायरन बजाए गए और आपात स्थिति जैसे हालात बनाए गए। मॉकड्रिल के जरिए यह परखा गया कि दुश्मन देश के हमले की स्थिति में प्रशासन और बचाव दल कितने तैयार हैं।
लखनऊ पुलिस लाइन में हवाई हमले जैसे हालात
लखनऊ की पुलिस लाइन में मॉकड्रिल के दौरान अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया। पार्क में कुछ लोग बैठे थे, कोई पेपर पढ़ रहा था तो कोई भजन गा रहा था, वहीं एक पेपर वाला अखबार बेच रहा था। इसी बीच धमाके की आवाज आई और हवाई हमले का सायरन बजने लगा, जिसके बाद पार्क में बैठे लोग घायल दिखाई दिए।
घायलों को फर्स्ट एड दी, आग बुझाने का अभ्यास
मॉकड्रिल में दिखाया गया कि बम हमले के कारण अलग-अलग जगहों पर आग लग गई है और लोग घायल हो गए हैं। किसी के सिर, किसी के पैर तो किसी के हाथ में चोट लगी थी। सिविल डिफेंस के लोगों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और गीले कंबल व पानी की मदद से आग बुझाने का अभ्यास किया।
मलबे और ऊंची इमारतों में फंसे लोगों का रेस्क्यू
अभ्यास के दौरान एक इमारत गिरने और दूसरी इमारत में बम हमले के बाद धुआं भरने जैसे हालात बनाए गए। मलबे में फंसे लोगों को तलाशने के लिए SDRF के जवान आवाज लगाते हुए सुनाई दिए कि अगर कोई उनकी आवाज सुन रहा है तो जवाब दे या किसी ठोस चीज पर पांच बार वार करे। ऊंची इमारतों में फंसे लोगों को जाल और रस्सियों की मदद से बाहर निकाला गया।
NDRF-SDRF ने संभाला मोर्चा
मॉकड्रिल के दौरान मौके पर पहुंची NDRF और SDRF की टीमों ने भी रेस्क्यू शुरू किया। एक कार में आग लगने के कारण उसके दरवाजे नहीं खुल रहे थे, जिसके बाद शीशा तोड़कर ड्राइवर को बाहर निकाला गया। इसके अलावा रेस्तरां में सिलेंडर में आग लगने की स्थिति बनाकर उसे बुझाने का अभ्यास किया गया। इस पूरी मॉकड्रिल में सिविल डिफेंस, आपदा प्रबंधन, NDRF और SDRF के जवान शामिल हुए।




















