PU Special :बड़वानी से 120 किमी दूर पहाड़ी इलाके में पहली बार पहुंचीं मेडिकल टीम, बच्चों-गर्भवती महिलाओं और ग्रामीणों की जांच की

बड़वानी जिले के दुर्गम आदिवासी गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने ग्रीन कमांडो मिशन 3.0 चलाया। धवली सेक्टर में 146 टीमों के 438 सदस्यों ने घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच की। अभियान में 553 बच्चों का टीकाकरण, 1,068 लोगों की सिकलसेल जांच हुई, जिसमें 104 पॉजिटिव मिले। इसके अलावा टीबी के 52 मरीज भी सामने आए। सामाजिक संगठनों ने भी अभियान में सहयोग किया।
बड़वानी से 120 किमी दूर पहाड़ी इलाके में पहली बार पहुंचीं मेडिकल टीम, बच्चों-गर्भवती महिलाओं और ग्रामीणों की जांच की
बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह मेडिकल टीम के साथ पहाड़ी इलाके के गांव पहुंचींं।

पुष्पेन्द्र सिंह, भोपाल। बड़वानी जिले में पहाड़ों और जंगलों के बीच बसे आदिवासी बहुल गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचना आज भी कठिन है। ऐसे गांवों तक पहुंच बनाने के लिए जिला प्रशासन मिशन ग्रीन कमांडो चला रहा है। इसी क्रम में जिला मुख्यालय से करीब 120 किमी दूर और महाराष्ट्र सीमा के पास वरला तहसील के धवली सेक्टर में ग्रीन कमांडो मिशन 3.0 चलाया गया। यहां पहली बार 146 स्वास्थ्य टीमों के 438 सदस्यों ने घर-घर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और ग्रामीणों की जांच की। इस दौरान 553 बच्चों का टीकाकरण किया गया, जबकि 1,068 ग्रामीणों की सिकलसेल जांच में 104 लोग पॉजिटिव मिले। जांच में टीबी के 52 मरीज भी सामने आए। ये टीमें आमल्यापानी, जुनापानी, बेडसया फल्या, डूबझिरी, बारला और आसपास की बस्तियों तक पहुंचीं। कलेक्टर जयति सिंह ने स्वयं पहाड़ी रास्तों पर पैदल चलकर स्वास्थ्य टीमों का हौसला बढ़ाया। सामाजिक संगठन भी मदद के लिए आगे आए हैं। किराना व्यापारी संघ ने 125 जोड़ी चप्पलें दीं, ताकि पथरीले रास्तों पर चलने में परेशानी कम हो। कॉटन व्यापारी संघ ने बच्चों और महिलाओं को 250 स्वेटर वितरित किए।

पहले दो चरणों में सैकड़ों लोगों तक पहुंची टीमें 

1-27 सितंबर 2025: पाटी जनपद के रोसर सेक्टर में 136 टीमों ने 34 गांवों के 136 फलियों में 4,500 से अधिक घरों तक पहुंच बनाई।

2-16 जुलाई 2026: बोकराटा सेक्टर में 200 से अधिक टीमों ने 15 गांवों के करीब 2,500 घरों तक पैदल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं दीं।

ये भी पढ़ें: Peoples Update Special : बड़वानी में 'मिशन ग्रीन कमांडो' से बदली स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर, पहाड़ों के अंतिम छोर तक पहुंच रहीं मेडिकल टीमें

पहली बार घर तक पहुंचीं स्वास्थ्य सुविधाएं 

ग्राम डूबझिरी के रहवासी आसीराम नरगावे ने कहा कि  ग्रीन कमांडो की टीम गांव पहुंची और परिवार के सभी सदस्यों की सिकलसेल, खून सहित अन्य जांच की। दूर पहाड़ी इलाके में पहली बार इस तरह स्वास्थ्य सुविधाएं घर तक मिलीं। मोहनपुरा गांव की रितु का कहना है कि टीम ने उनके बच्चों की जांच कर दवाएं दीं और टीकाकरण किया। उनकी खुद की भी स्वास्थ्य जांच और परामर्श किया गया।

एक साल से चलाया जा रहा है मिशन ग्रीन कमांडो

बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह ने कहा कि जिले में कई गांव पहाड़ी इलाकों में हैं, इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचने और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए पिछले एक साल से मिशन ग्रीन कमांडो चलाया जा रहा है। तीसरे चरण में जिले के सबसे दूरस्थ इलाका और महाराष्ट्र सीमा से लगे धवली सेक्टर में अभियान चलाया। स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी और टीम भावना से काम किया। 

ये भी पढ़ें: बड़वानी कॉलेज में AI और FinTech की कक्षाएं शुरू, IIT दिल्ली के विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts