Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शाही शादी में ‘थार’ जीतने के लिए जोर लगाएंगे लाल बादशाह, बाबर, रॉकेट और सिकंदर, मुकाबले के लिए 50 से ज्यादा से घोड़े पहुंचे नदवां गांव

बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में 25 नवंबर को होने वाली घुड़दौड़ खास आकर्षण बनने जा रही है। प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से 50 से ज्यादा घोड़े पहुंचे हैं। विजेता को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटर दिया जाएगा।
शाही शादी में ‘थार’ जीतने के लिए जोर लगाएंगे लाल बादशाह, बाबर, रॉकेट और सिकंदर, मुकाबले के लिए 50 से ज्यादा से घोड़े पहुंचे नदवां गांव
विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में होने वाली घुड़दौड़ केे लिए कई घोड़े बिहार के नदवां गांव पहुंचे हैं।

नेशनल डेस्क। बिहार के एक गांव में इन दिनों शादी की तैयारियों के बीच घोड़ों की टापों की गूंज सुनाई दे रही है। यहां बारात के स्वागत से ज्यादा चर्चा उस मुकाबले की है, जिसमें जीतने वाले घोड़े के मालिक को महिंद्रा थार मिलेगी। मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के अवसर पर 25 नवंबर को विशेष घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके लिए देश के अलग-अलग इलाकों से 50 से ज्यादा घोड़े सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर नदवां गांव पहुंच चुके हैं। प्रतियोगिता में पहला स्थान पाने वाले को थार, दूसरे को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटर दिया जाएगा।

अस्थायी अस्तबल में घोड़ों के लिए खास इंतजाम

विधायक अनंत सिंह के घर के पास घोड़ों के ठहरने के लिए अस्थायी अस्तबल तैयार किया गया है। यहां अलग-अलग राज्यों और जिलों से पहुंचे घोड़ों के खाने, पानी और देखभाल की व्यवस्था की गई है। घोड़ों को भूसा, चोकर, बाजरा, चना, दूध और घी दिया जा रहा है। लंबी दूरी तय करके पहुंचे इन घोड़ों को प्रतियोगिता से पहले आराम देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। घोड़ों की सेहत और उनकी तैयारी को देखते हुए रहने और खाने के लिए अलग व्यवस्था की गई है।

लाल बादशाह और खगड़िया एक्सप्रेस पर राजन कुमार को भरोसा

खगड़िया जिले के कोयला गांव से राजन कुमार अपने दो चर्चित घोड़े लाल बादशाह और खगड़िया एक्सप्रेस को लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने 19 नवंबर को सात लोगों के साथ नदवां के लिए यात्रा शुरू की थी। उनका परिवार करीब सात दशक से घोड़ों के कारोबार से जुड़ा है। लाल बादशाह पहले भी भदरी में आयोजित प्रतियोगिता में चैंपियनशिप ट्रॉफी जीत चुका है। राजन कुमार के पास कुल नौ घोड़े हैं। नदवां की प्रतियोगिता में वह अपने घोड़ों की रफ्तार और क्षमता को एक बार फिर साबित करना चाहते हैं।

ये भी पढ़ें: अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी, ताजमहल-लाल किले की थीम पर बन रहे पंडाल; 4 लाख मेहमानों के लिए 150 पकवान

बाबर, रॉकेट, थार और सिकंदर भी मुकाबले में

पटना से पहुंचे अनिल यादव अपने चार खास घोड़ों बाबर, रॉकेट, थार और सिकंदर के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं। उनके पास कुल आठ घोड़े हैं, लेकिन इस मुकाबले के लिए उन्होंने चार घोड़ों को चुना है। यादव के मुताबिक, बाबर और सिकंदर अपनी तेज रफ्तार के लिए पहचाने जाते हैं, जबकि छोटे कद का रॉकेट भी मैदान में अच्छा प्रदर्शन करता है। थार अलग-अलग परिस्थितियों में दौड़ने की क्षमता रखता है। बाबर इस साल गुजरात के भुज में दो प्रतियोगिताएं जीतकर ट्रॉफी और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल हासिल कर चुका है। अंबाला में भी उसने जीप और स्कूटर जीते थे।

घुड़दौड़ बनेगी सबसे बड़ा आकर्षण

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का विवाह अमेरिका में रहने वाले ऋषिकेश कुमार से हो रहा है। विधायक अनंत सिंह को भी घोड़ों का शौक है, हालांकि उनके अपने घोड़े प्रतियोगिता में उतरेंगे या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। आयोजकों को अभी कुछ और घोड़ों के पहुंचने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से राहत, बेटी की शादी में शामिल होने के लिए 4 दिसंबर तक बढ़ी सरेंडर की समय सीमा

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts