PU Special :मध्यप्रदेश में शुरू होगी ‘आयोग साथी’ पहल, पीड़ित महिलाओं को शिकायत से पुनर्वास तक मिलेगी मदद

पल्लवी वाघेला, भोपाल। राष्ट्रीय महिला आयोग की सर्वाइवर साथी योजना की तर्ज पर शुरू होने वाली इस पहल को पहले चरण में 25 जिलों में लागू किया जाएगा। इसके लिए हर जिले में एक महिला और एक पुरुष साथी नियुक्त किया जाएगा। प्रशिक्षित साथी शिकायत दर्ज कराने से लेकर पुलिस कार्रवाई, मेडिकल सहायता, कानूनी सलाह और पुनर्वास तक पीड़ित महिलाओं की मदद करेंगे।
न्याय के लिए अलग-अलग जगह नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
आयोग के मुताबिक, हिंसा से प्रभावित महिलाओं को न्याय पाने के लिए पुलिस थाने, अस्पताल, वन स्टॉप सेंटर, विधिक सेवा प्राधिकरण और न्यायालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कानूनी प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने, आर्थिक निर्भरता, पारिवारिक दबाव और मानसिक तनाव के कारण कई महिलाएं बीच में ही न्याय की लड़ाई छोड़ देती हैं। इसी परेशानी को दूर करने के लिए आयोग ने ‘महिला आयोग साथी’ की अवधारणा तैयार की है।
ये भी पढ़ें: Peoples Update Special : 17 जिलों की कमान संभाल रहीं महिला IAS, मध्यप्रदेश में ऐसा पहली बार
महिला अधिकार और कानून की जानकारी रखने वालों का होगा चयन
योजना के तहत महिला अधिकार, विधि, सामाजिक कार्य, मनोविज्ञान, परामर्श और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं का चयन किया जाएगा। चयनित साथियों को आयोग की ओर से कोई मानदेय या वित्तीय पारिश्रमिक नहीं दिया जाएगा। इसके बावजूद कई संस्थाएं इस मुहिम में सहयोग देने के लिए खुद आयोग से संपर्क कर रही हैं।
प्रशिक्षण के बाद मिलेगा पहचान पत्र
योजना के लिए चुने गए वालंटियर को महिला आयोग के विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें घरेलू हिंसा कानून, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, पॉक्सो, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (पोश) और दहेज प्रतिषेध कानून की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा साइबर हिंसा, महिला तस्करी, मनोसामाजिक परामर्श और गोपनीयता जैसे विषयों की ट्रेनिंग के बाद निर्धारित अवधि के लिए पहचान पत्र और नामांकन प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
शिकायत से लेकर पुनर्वास तक मिलेगा सहयोग
आयोग साथी पीड़ित महिला को शिकायत दर्ज कराने, पुलिस कार्रवाई की जानकारी लेने, चिकित्सकीय सहायता, कानूनी परामर्श और न्यायालयीन प्रक्रिया में मदद करेगा। जरूरत पड़ने पर पुलिस अधिकारियों, जिला प्रशासन, अस्पतालों, वन स्टॉप सेंटर और विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच समन्वय भी स्थापित किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को अलग-अलग संस्थानों के बीच भटकने से बचाना और पूरी प्रक्रिया में उन्हें एक भरोसेमंद सहयोगी उपलब्ध कराना है।
महिला की सहमति और गोपनीयता को प्राथमिकता
सचिव मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग सुरेश तोमर ने बताया कि योजना के संचालन के लिए महिला आयोग में केंद्रीय समन्वय इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव है। आयोग को मिलने वाली शिकायतों में जरूरत और पीड़िता की सहमति के आधार पर संबंधित जिले के आयोग साथी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पुलिस, वन स्टॉप सेंटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और महिला एवं बाल विकास विभाग के जरिए भी जरूरतमंद महिलाओं को इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। योजना में महिला की सहमति और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।




















