कांग्रेस दिसंबर में भोपाल से शुरू करेगी वोट चोरी के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन, राहुल-प्रियंका करेंगे नेतृत्व: जीतू पटवारी

गुना। कांग्रेस दिसंबर महीने में वोट चोरी और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। इस राष्ट्रीय आंदोलन का आगाज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने गुना स्थित चिंताहरण टोल नाके पर मीडिया से चर्चा की। पटवारी ने बताया कि इस आंदोलन का नेतृत्व राहुल गांधी और प्रियंका गांधी करेंगे।
लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा पर जोर
जीतू पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र और हर नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पार्टी दिसंबर में देशभर में बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। इसके जरिए वोट चोरी के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाई जाएगी। साथ ही जनता को लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
गुना में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह गुना पहुंचे। दोनों नेता ब्यावरा होते हुए रविवार सुबह करीब 11:30 बजे चिंताहरण टोल नाके पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कई कार्यकर्ता अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे।
बच्चे से बातचीत करते नजर आए जीतू पटवारी
स्वागत कार्यक्रम के दौरान जीतू पटवारी का आत्मीय अंदाज देखने को मिला। वे भीड़ के बीच एक मासूम बच्चे को दुलार करते नजर आए। उन्होंने बच्चे से बातचीत की और उसका परिचय भी जाना।
पोहरी की सभा में शामिल होंगे दोनों नेता
स्वागत कार्यक्रम के बाद जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह शिवपुरी जिले के पोहरी के लिए रवाना हुए। वहां विधायक कैलाश कुशवाहा ने भगवान बिरसा मुंडा की 152वीं जयंती पर विशाल आमसभा आयोजित की है। इस कार्यक्रम में जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह शामिल होंगे। उनके साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी मौजूद रहेंगे।




















