बीजापुर में नक्सलियों के 3 डंप ध्वस्त, 136 BGL सेल जब्त,1400 फीट कार्डेक्स वायर बरामद

रायपुर/बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्रों के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन में माओवादियों के तीन गुप्त डंप बरामद किए गए हैं। इनसे कुल 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है। खुफिया सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में DRG, CRPF और कोबरा बटालियन के जवान शामिल रहे।
संबंधित खबर: सुकमा में नक्सलियों के हथियार डंप पर बड़ा प्रहार,ऑटोमैटिक हथियार, बीजीएल सेल और विस्फोटक बरामद
पामेड़ के जंगलों में मिला विस्फोटकों का डंप, 103 BGL सेल बरामद
खुफिया सूचना के आधार पर थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (DRG), डॉग स्क्वाड (K-9) और 208वीं कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी। सर्चिंग के दौरान जवानों ने संदिग्ध स्थानों की पहचान कर डॉग स्क्वाड की मदद से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाया। तलाशी में 103 नग बीजीएल सेल समेत अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।
गंगालूर में भी माओवादियों के दो डंप मिले
इसी तरह थाना गंगालूर क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षाबलों ने व्यापक सर्च अभियान चलाया। इस कार्रवाई में CRPF की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और K-9 डॉग स्क्वाड वेस्पा की संयुक्त टीम शामिल रही। सर्चिंग के दौरान माओवादियों के दो अलग-अलग डंप बरामद किए गए। इन डंप से 33 नग बीजीएल सेल, करीब 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
संबंधित खबर: दंतेवाड़ा में नक्सल डंप पर बड़ा वार,AK-47, INSAS और IED का जखीरा बरामद, लूटे हथियारों का भी खुलेगा राज
सुरक्षा बलों को सर्चिंग के दौरान तीन डंप से क्या-क्या मिला? एक नजर में पूरी बरामदगी
136
BGL सेल,कुल बरामदगी
1,400
फीट कार्डेक्स वायर,गंगालूर क्षेत्र से
3
माओवादी डंप,कुल बरामद
2
थाना क्षेत्र,पामेड़ और गंगालूर
आधिकारिक जानकारी के अनुसार: पामेड़ से 103 और गंगालूर से 33 BGL सेल बरामद हुए हैं।
पामेड़ और गंगालूर थानों में वैधानिक कार्रवाई शुरू
सुरक्षाबलों ने खुफिया आसूचना के आधार पर दोनों क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाया था। बरामद बीजीएल सेल, कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री को जब्त कर लिया गया है। मामले में थाना पामेड़ और थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबर: बीजापुर के जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, SLR-INSAS से BGL सेल तक हथियारों का जखीरा जब्त
नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता
बीजापुर के संवेदनशील जंगलों में लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के बीच तीन माओवादी डंप का मिलना सुरक्षाबलों के लिए महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। डॉग स्क्वाड की मदद से छिपाकर रखी गई सामग्री तक पहुंचने में जवानों को सफलता मिली है।




















