जगदलपुर में बस्तर फाइटर भर्ती पर हुआ बवाल,79 पदों से भड़के युवा, आक्रोश युवाओं ने किया चक्काजाम

रायपुर/ जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर में बस्तर फाइटर भर्ती को लेकर युवाओं का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने और स्थानीय युवाओं का आरक्षण 40 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने की मांग को लेकर जगदलपुर के आमागुड़ा में युवाओं ने चक्काजाम कर दिया। बस्तरिया राज मोर्चा के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने मांगों पर निर्णय लेने के लिए प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।
संबंधित खबर: जबलपुर मेडिकल कॉलेज में गर्भवती महिला और नवजात की मौत, डिंडौरी में परिजनों ने किया चक्काजाम
79 पदों पर भड़का युवाओं का गुस्सा, 75% आरक्षण की मांग
बस्तर जिले में बस्तर फाइटर भर्ती के लिए कुल 79 पद निर्धारित किए गए हैं। युवाओं का कहना है कि बस्तर जैसे क्षेत्र में स्थानीय बेरोजगारों की संख्या को देखते हुए ये पद बेहद कम हैं। उनका आरोप है कि भर्ती में स्थानीय युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहा है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि भर्ती के पदों की संख्या बढ़ाई जाए और स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षण का प्रतिशत 40 से बढ़ाकर 75 प्रतिशत किया जाए। इसके अलावा युवाओं ने दूसरे जिलों में भी आवेदन करने की अनुमति देने की मांग उठाई है, ताकि उन्हें रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।
आमागुड़ा में चक्काजाम, पुलिस से हुई झूमाझटकी
पिछले एक सप्ताह से जारी विरोध प्रदर्शन ने उस समय उग्र रूप ले लिया, जब बस्तरिया राज मोर्चा के नेतृत्व में युवा आमागुड़ा में सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस लगातार माइक के जरिए युवाओं से रास्ता खाली करने और वापस लौटने की अपील करती रही। पुलिस का कहना था कि चक्काजाम के लिए अनुमति नहीं ली गई है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और युवाओं के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई।
संबंधित खबर: छत्तीसगढ़ में किसानों का बड़ा आंदोलन ट्रैक्टर रैली-चक्काजाम से सड़कें जाम, 1700 करोड़ बकाया समेत 12 मांगों पर आर-पार
तीन दिन का अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो होगा उग्र आंदोलन
प्रदर्शनकारी गोवर्धन बघेल ने कहा कि बस्तर फाइटर भर्ती में सिर्फ 79 पद निर्धारित किए जाने से स्थानीय युवाओं में भारी निराशा है। अपनी मांगों को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपे गए और रैलियां निकाली गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। वहीं, आदिवासी छात्र संगठन के प्रदेश सदस्य मोतीराम कश्यप ने बताया कि प्रशासन की ओर से मांगों पर विचार करने के लिए तीन दिन का समय मिला है। यदि इस अवधि में सकारात्मक पहल नहीं हुई तो युवा उग्र आंदोलन करने और अलग-अलग स्थानों पर चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे।
सरकार के दावों पर युवाओं ने उठाए सवाल
प्रदर्शन में शामिल आकाश ने कहा कि सरकार लगातार बस्तर के युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें रोजगार देने की बात करती है, लेकिन जब स्थानीय युवाओं के हितों की बात आती है तो सिर्फ आश्वासन मिलता है। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को ठोस निर्णय चाहिए। वहीं, रितु नाग ने मांग की कि सरकार या तो बस्तर फाइटर भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाए या फिर स्थानीय युवाओं को दूसरे जिलों में होने वाली भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दे।
संबंधित खबर: अकलतरा में नाली सफाई को लेकर फूटा जनता का गुस्सा,पार्षद पति ने गंदे पानी में बैठे किया चक्काजाम
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, प्रशासन ने कही ये बात
प्रदर्शन के बाद बस्तरिया राज मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रशासन का कहना है कि चक्काजाम के लिए किसी तरह की अनुमति नहीं दी गई थी। प्रदर्शनकारियों से मिली मांगों को आगे की कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा। अब सबकी नजर इस बात पर है कि तीन दिन के अल्टीमेटम के भीतर सरकार और प्रशासन बस्तर के युवाओं की मांगों पर क्या निर्णय लेते हैं।




















