दुर्ग में पीलिया का कहर, दूषित पानी पीने से एक साथ 9 बच्चे हुएसंक्रमित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

दुर्ग भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पीलिया के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। पोटिया स्थित वार्ड क्रमांक 54 में एक साथ 9 बच्चों के पीलिया संक्रमित मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। संक्रमित सभी बच्चों की उम्र 5 से 10 वर्ष के बीच है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। वहीं, पानी और ब्लड के सैंपल लेकर संक्रमण की वजह का पता लगाया जा रहा है।
एक सप्ताह से बिगड़ रही थी बच्चों की तबीयत
जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले इलाके के बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई थी। जांच कराने पर अलग-अलग परिवारों के 9 बच्चों में पीलिया की पुष्टि हुई। किसी घर में एक तो किसी परिवार में दो बच्चे संक्रमण की चपेट में आए हैं। बच्चों की आंखों में पीलापन अब भी दिखाई दे रहा है।
संबंधित खबर: ग्वालियर में मौसम की मार : पेट संक्रमण, पीलिया से जूझ रहे कई मरीज अस्पताल पहुंचे, डेंगू का भी बढ़ा खतरा
सभी 9 बच्चों की हालत स्थिर, घर पर चल रहा इलाज
राहत की बात यह है कि पीलिया संक्रमित सभी 9 बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। उनका इलाज घर पर ही चल रहा है। हालांकि, एक ही वार्ड में इतने बच्चों के संक्रमित मिलने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

दूषित पानी से संक्रमण की आशंका, नल का पानी जांच के घेरे में
प्रारंभिक जांच में दूषित पेयजल को पीलिया फैलने की संभावित वजह माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, जिन परिवारों में बोरिंग का पानी इस्तेमाल किया जा रहा है, वहां बच्चों के संक्रमित होने की सूचना नहीं है। वहीं, नगर निगम के नल का पानी पीने वाले परिवारों के बच्चे पीलिया की चपेट में आए हैं। हालांकि, संक्रमण की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
संबंधित खबर: राजकोट सिविल हॉस्पिटल की बड़ी लापरवाही : 18 साल की युवती को दी ‘ब्लड कैंसर’ की झूठी रिपोर्ट, जांच के आदेश
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों की जांच की जा रही है। साथ ही पानी और ब्लड के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि संक्रमण के स्रोत का पता लगाया जा सके और बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
नोडल अधिकारी ने किया प्रभावित वार्ड का दौरा
महामारी नियंत्रण नोडल अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे ने वार्ड क्रमांक 54 का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित परिवारों पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल वैकल्पिक पेयजल की व्यवस्था नहीं हो सकी है। ऐसे में लोगों को नगर निगम के नल का पानी अच्छी तरह उबालकर ठंडा करने के बाद ही पीने की हिदायत दी गई है।
संबंधित खबर: VIT Students Case : 35 छात्रों को पीलिया, 100 से ज्यादा को डायरिया हुआ था, साफ पानी नहीं और कैंटीन में हाईजीन की कमी
पीलिया से बचाव के लिए बरतें सावधानी
पीलिया के संक्रमण की आशंका को देखते हुए लोगों को पेयजल की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। पानी को उबालकर पीएं, खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचें और बच्चों में आंखों या त्वचा का पीलापन, कमजोरी अथवा अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि वार्ड-54 में बच्चों के बीमार होने की वजह क्या दूषित नल का पानी है? पानी की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




















