बीजापुर के जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, SLR-INSAS से BGL सेल तक हथियारों का जखीरा जब्त

रायपुर/बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बेदरे क्षेत्र के लंका पहाड़ी जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया गया। डंप से SLR/LMG, INSAS रायफल, BGL लॉन्चर, ग्रेनेड और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस समेत कई महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की गई है।
जमीन के अंदर छिपा था नक्सली डंप
सुरक्षा बलों की टीम इलाके में लगातार सर्चिंग और डिमाइनिंग ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान लंका पहाड़ी के जंगल में एक संदिग्ध स्थान पर सुरक्षा बलों को जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए सामान का सुराग मिला। सुरक्षा मानकों के तहत इलाके की सघन जांच करने के बाद यहां से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।

ये भी पढ़ें: बिलासपुर के बार में युवती का हाईवोल्टेज हंगामा, महिला कर्मचारी के खींचे बाल,
SLR से INSAS तक हथियार बरामद
लंका पहाड़ी से बरामद नक्सली डंप में SLR/LMG रायफल-1, INSAS रायफल-1 और .315 बोर बंदूक-1 शामिल है। इसके अलावा BGL लॉन्चर-2, BGL सेल-17 और चाइना हैंड ग्रेनेड-1 भी बरामद किया गया है।
जिंदा कारतूसों का भी बड़ा जखीरा
सुरक्षा बलों को डंप से बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस भी मिले हैं। इनमें SLR के 49 जिंदा राउंड, .315 बोर के 15 राउंड और BGL कारतूस के 15 नग शामिल हैं। मौके से SLR की 4 मैगजीन और .315 बोर की 1 मैगजीन भी बरामद की गई है।

जंगल में छिपाकर रखा था हथियारों का सामान
सुरक्षा बलों के मुताबिक नक्सलियों द्वारा जंगल के अंदर हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखे जाने की आशंका को देखते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लंका पहाड़ी में मिले डंप की बरामदगी इसी अभियान का हिस्सा है। बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में 60% DA की मांग तेज, मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन
डंप से जुड़े लोगों की तलाश जारी
हथियारों और गोला-बारूद की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अब इस डंप से जुड़े लोगों और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं। क्षेत्र में सुरक्षा बलों की सर्चिंग और निगरानी लगातार जारी है।
सितंबर में लगातार मिल रहे नक्सली डंप
बीजापुर जिले में सितंबर 2026 के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सुरक्षा बलों को जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री के कई डंप मिले हैं। इससे जंगल क्षेत्र में चलाए जा रहे सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान की सक्रियता सामने आ रही है।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर,एक ही दिन में 4 मौतें, 3 घायल, बलौदा से अकलतरा तक मचा हड़कंप
20 सितंबर को AK-47 समेत हथियार बरामद
20 सितंबर 2026 को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल में सुरक्षा बलों ने कार्रवाई के दौरान AK-47, .315 बोर हथियार और सिंगल शॉट पिस्टल समेत जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद किए थे।
16 सितंबर को जिलेटिन और हथियार मिले
16 सितंबर को थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के बड़े आलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल, 49 जिंदा राउंड, .303 के 25 जिंदा राउंड और 12 बोर के 49 जिंदा राउंड बरामद किए गए थे। इसके अलावा करीब 8 किलो जिलेटिन, वॉकी-टॉकी और अन्य उपकरण भी मिले थे।
10 सितंबर को डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद
थाना मिरतुर क्षेत्र के इंडरीपाल जंगल में 10 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए नॉन-इलेक्ट्रिकल वायर के सात बंडल, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद किए गए थे।
ये भी पढ़ें: झीरम का सच जेब में था तो जांच में क्यों नहीं निकला? अरुण साव का तंज,भूपेश बघेल का पलटवार
1 सितंबर को भी मिला था नक्सली डंप
वहीं 1 सितंबर को थाना भोपालपटनम क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल में माओवादी डंप से 12 बोर का देशी कट्टा, BGL लॉन्चर, 8 BGL सेल और 12 बोर के 10 जिंदा राउंड समेत अन्य सामग्री बरामद की गई थी।




















