छिंदवाड़ा में विकास कार्यों की समीक्षा, जियो मिलर कंपनी को 15 दिन का अल्टीमेटम; काम पूरा नहीं हुआ तो अनुबंध होगा समाप्त

छिंदवाड़ा। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त और मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान विभिन्न नगरीय विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इसके बाद आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में रॉ वाटर ग्रेविटी पाइपलाइन विस्तार कार्य में देरी पर जियो मिलर कंपनी को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया। तय समय में काम पूरा नहीं होने पर कंपनी की बैंक गारंटी राजसात कर अनुबंध समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
फायर स्टेशन और सीवरेज परियोजना का निरीक्षण
संकेत भोंडवे ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत नगर निगम छिंदवाड़ा में बनाए जा रहे फायर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद विश्वबैंक सहायतित सीवरेज परियोजना के तहत निर्मित मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली और संधारण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम कार्यालय का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जियो मिलर कंपनी को 15 दिन की मोहलत
निरीक्षण के बाद हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नगरीय निकायों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। रॉ वाटर ग्रेविटी पाइपलाइन विस्तार कार्य में सुस्ती पर जियो मिलर कंपनी को 15 दिन के भीतर काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं होने पर कंपनी की बैंक गारंटी राजसात करते हुए अनुबंध समाप्त कर दिया जाए। इसके अलावा अमृत 2.0 के तहत चल रहे सीवरेज कार्यों को अगले दो महीने में पूरा करने के निर्देश दिए गए। मैनहोल निर्माण में केवल प्रीकास्ट सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।
पानी के टैंकरों की होगी कलर कोडिंग
पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नगरीय निकायों में इस्तेमाल होने वाले पानी के टैंकरों की कलर कोडिंग करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करने वाले टैंकरों का रंग नीला और अन्य उपयोग के पानी वाले टैंकरों का रंग पीला रखा जाएगा। आयुक्त ने सप्लाई किए जाने वाले पानी का समय-समय पर अनिवार्य रूप से लैब परीक्षण कराने और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को जल वितरण की मात्रा निर्धारित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही बोर और नलकूपों का नियमित ऑडिट कराने तथा जरूरत पड़ने पर निजी कुओं और बोरवेल के अधिग्रहण जैसे उपाय करने पर जोर दिया गया।
आवासीय परियोजनाओं की योजना तैयार करने के निर्देश
बैठक में बीएलसी 1.0 की किश्त की राशि की डिमांड भेजने और नगर निगम में आगामी समय में एएचपी प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। एएचपी योजना के तहत एलआईजी, एमआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणियों के लिए प्लान बनाने को कहा गया। इसके साथ ही भवनों की ऊंचाई बढ़ाने, शासकीय कार्यालयों और व्यावसायिक निर्माणों को योजना में शामिल करने तथा 3 का एफएआर लेने के निर्देश दिए गए। फायर स्टेशन के आसपास के वृक्षों को हटवाने और बाउंड्रीवॉल का निर्माण अगले दो महीने में पूरा करने को भी कहा गया।
ट्रांसपोर्ट नगर प्रोजेक्ट एमपीयूडीसी को सौंपने के निर्देश
समीक्षा बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना को संचालनालय स्तर पर मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) को दिए जाने के निर्देश दिए गए। वहीं, बस टर्मिनल के निर्माण कार्य को फिलहाल होल्ड पर रखने और दोबारा समीक्षा के बाद ही शुरू करने को कहा गया।
छिंदवाड़ा के चौरई माता मंदिर चोरी का खुलासा, 4 नाबालिग समेत 8 आरोपी पकड़े; 2.44 लाख का मशरूका बरामद
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रमुख अभियंता आनंद सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कार्यपालन यंत्री जीवेंद्र सिंह, नगर निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त सी.पी. राय, एमपीयूडीसी के परियोजना प्रबंधक गोपाल गुप्ता सहित निगम और विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




















