PlayBreaking News

Bihar Election 2025 Date :बिहार में 2 फेज में होंगे विधानसभा चुनाव, 6 और 11 नवंबर को वोटिंग... 14 को आएंगे नतीजे, आचार संहिता लागू

- 40 दिन चलेगी पूरी चुनावी प्रक्रिया, आयोग ने लॉन्च किया ‘ECI Net’ ऐप
Follow on Google News
बिहार में 2 फेज में होंगे विधानसभा चुनाव, 6 और 11 नवंबर को वोटिंग... 14 को आएंगे नतीजे, आचार संहिता लागू
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्य में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर (गुरुवार) को, दूसरे चरण की 11 नवंबर को होगी, जबकि वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी। चुनावी प्रक्रिया कुल 40 दिन तक चलेगी।

    इस घोषणा के साथ ही बिहार में आचार संहिता लागू हो गई है। राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर करीब 7.43 करोड़ मतदाता अपने जनप्रतिनिधि चुनेंगे।

    Twitter Post

    एक नजर में बिहार विधानसभा चुनाव 2025

    • पहला चरण मतदान: 6 नवंबर (गुरुवार)
    • दूसरा चरण मतदान: 11 नवंबर (मंगलवार)
    • मतगणना: 14 नवंबर
    • गजट अधिसूचना जारी करने की तिथि : 10 अक्टूबर 2025 (पहला फेज), 13 अक्टूबर (दूसरा फेज)
    • नामांकन करने की अंतिम तिथि: 17 अक्टूबर 2025 (पहला फेज), 20 अक्टूबर 2025 (दूसरा फेज)
    • नामांकन की जांच की तिथि: 18 अक्टूबर 2025 (पहला फेज), 21 अक्टूबर 2025 (दूसरा फेज)
    • उम्मीदवारों की नाम वापसी की अंतिम तिथि: 20 अक्टूबर 2025 (पहला फेज), 23 अक्टूबर 2025 (दूसरा फेज)
    • कुल विधानसभा सीटें: 243
    • कुल मतदाता: 7.43 करोड़
    • पहली बार वोटर: 14 लाख+
    • कुल मतदान केंद्र: 90,712
    • 100% वेबकास्टिंग और मॉडल बूथ: 1,350
    • नई पहल: ECI Net ऐप, फॉर्म 12D, वोटर हेल्पलाइन 1950

    बिहार में कुल 7.43 करोड़ वोटर

    निर्वाचन आयोग के अनुसार, बिहार में कुल 7.43 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 3.92 करोड़ पुरुष, 3.50 करोड़ महिलाएं और 1,725 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 7.2 लाख दिव्यांग मतदाता और 4.04 लाख 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक भी वोट देने के पात्र हैं।

    सबसे दिलचस्प बात यह है कि बिहार में 14 हजार से अधिक शतायु (100 वर्ष या उससे अधिक उम्र के) मतदाता भी इस बार लोकतंत्र के महोत्सव में भाग लेंगे। राज्य में 1.63 करोड़ युवा मतदाता (20-29 वर्ष) और 14.01 लाख प्रथम बार वोट देने वाले (18-19 वर्ष) वोटर हैं।

    पहली बार वोट डालने वालों की संख्या 14 लाख से ज्यादा

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार 14 लाख से अधिक लोग पहली बार मतदान करेंगे। वहीं, जिन मतदाताओं का पता बदला है, उन्हें चुनाव आयोग नया वोटर कार्ड जारी करेगा। उन्होंने कहा, SIR (Systematic Information Revision) के तहत वोटिंग लिस्ट अपडेट की गई है। जो नाम छूट गए हैं, वे नामांकन से 10 दिन पहले तक जोड़े जा सकते हैं।

    ‘एक बूथ पर 1200 से ज्यादा वोटर नहीं होंगे’

    ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस बार एक मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। हर बूथ पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो और नाम बड़े अक्षरों में EVM पर दर्ज रहेंगे, जिससे मतदाताओं को पहचानने में आसानी होगी। साथ ही उम्मीदवार अपने बूथ मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर ही स्थापित कर सकेंगे।

    बिहार में 90,712 मतदान केंद्र 

    • बिहार में कुल 90,712 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 76,801 ग्रामीण क्षेत्रों में, जबकि 13,911 शहरी इलाकों में होंगे।
    • हर मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था (100%) रहेगी।
    • साथ ही आयोग ने 1,350 मॉडल मतदान केंद्र भी तैयार किए हैं, ताकि मतदाताओं को बेहतर सुविधा मिल सके।
    • औसतन प्रति मतदान केंद्र 818 मतदाता रजिस्टर्ड हैं।

    ‘फॉर्म 12D’ भरकर घर से कर सकेंगे मतदान

    आयोग ने बताया कि जो मतदाता पोलिंग बूथ तक नहीं जा सकते, वे फॉर्म 12D भरकर घर से वोट डाल सकेंगे। इस सुविधा का लाभ 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता और दिव्यांगजन उठा सकेंगे।

    BLO और वोटर हेल्पलाइन नंबर की नई व्यवस्था

    • निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए एक बड़ी पहल की है।
    • राज्य में 90,712 बीएलओ (BLOs), 243 ईआरओ (EROs) और 38 डीईओ (DEOs) तैनात किए गए हैं।
    • अब मतदाता सीधे अपने BLO या चुनाव अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
    • जानकारी के लिए 1950 (Voter Helpline) नंबर जारी किया गया है।
    • मतदाता केवल अपने जिले का STD कोड लगाकर +91-STD Code-1950 डायल करें- जैसे पटना के लिए +91-612-1950।
    • साथ ही, ‘ECI Net’ ऐप के जरिए मतदाता अपने BLO से कॉल बुक भी कर सकते हैं।

    लॉन्च हुआ ‘ECI Net’

    CEC ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने नया ऐप ‘ECI Net’ लॉन्च किया है। इसे ‘मदर ऑफ ऑल इलेक्शन ऐप्स’ कहा जा रहा है। यह ऐप बिहार चुनाव के दौरान पूरी तरह सक्रिय रहेगा और इसके माध्यम से निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रमुख प्रक्रियाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी।

    SIR पर बोले CEC

    ज्ञानेश कुमार ने कहा कि SIR को लेकर सोशल मीडिया पर कई बातें कही गईं, लेकिन सच्चाई यह है कि राजनीतिक दलों ने ही इस प्रक्रिया की मांग की थी। उन्होंने कहा, 24 जून 2025 से मतदाता सूची का शुद्धिकरण शुरू हुआ था। 1 अगस्त को ड्राफ्ट सूची जारी की गई और 30 सितंबर को फाइनल सूची प्रकाशित की गई। अगर किसी मतदाता का नाम अभी भी छूटा है, तो वह जिलाधिकारी के पास अपील फाइल कर सकता है।

    चुनाव पारदर्शी और शांतिपूर्ण होंगे : CEC ज्ञानेश कुमार

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में कहा- मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि बिहार चुनाव पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होंगे। सभी दलों को समान अवसर दिया जाएगा और मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts