भोपाल में युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में असफलताओं का जिक्र; लेबर इंस्पेक्टर की परीक्षा देने आया था

भोपाल। पुलिस को होटल के कमरे से सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और अन्य सामान मिला है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि पवन ने जहरीला पदार्थ खाया था। सुसाइड नोट में उसने सरकारी नौकरी की तैयारी के दौरान लगातार मिल रही असफलताओं और अपनी परेशानी का जिक्र किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कमरे से बाहर नहीं आया तो कर्मचारियों को हुआ शक
होटल कर्मचारियों के मुताबिक, शनिवार देर रात तक पवन अपने कमरे से बाहर नहीं आया था। कर्मचारियों ने जब कमरे की जांच की तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया तो पवन अंदर मृत मिला, इसके बाद पुलिस ने कमरे और घटनास्थल की जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें: इंदौर में ‘कुछ बड़ा होने वाला है’ ने मचाया हड़कंप, बैनर का राज खुला तो पुलिस भी रह गई हैरान!
कमरे से मिला सुसाइड नोट, मोबाइल और अन्य सामान
पुलिस को पवन के कमरे से सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और अन्य सामान मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने जहरीला पदार्थ खाया था। शनिवार देर रात ही पुलिस ने पवन के परिजन को उसकी मौत की सूचना दे दी थी, जिसके बाद होटल के कमरे को सील कर दिया गया। रविवार को परिजन की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरकारी नौकरी को सपना मानकर कर रहा था तैयारी
पवन के बड़े भाई टीएस बामनिया ने बताया कि उनके पिता सरकारी नौकरी में हैं और परिवार के अन्य सदस्य भी सरकारी सेवा में हैं। पवन भी लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था और कई प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हो चुका था। लगातार कोशिशों के बावजूद सफलता नहीं मिलने से वह परेशान था। भाई के मुताबिक, सरकारी नौकरी पवन के लिए सिर्फ रोजगार का जरिया नहीं थी, बल्कि उसका सपना थी और वह लंबे समय से इसे हासिल करने की तैयारी कर रहा था।
लगातार असफलताओं से अंदर से टूट गया था पवन
पवन के भाई के मुताबिक, अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रयास करने के बावजूद सफलता नहीं मिलने से वह अंदर से टूट गया था। परिवार का कहना है कि इसी तनाव और मानसिक परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया हो सकता है। पवन के लिए सरकारी नौकरी जीवन का एक बड़ा लक्ष्य बन चुकी थी और लगातार मिल रही असफलताओं का उस पर असर पड़ रहा था। पुलिस भी पवन की मानसिक स्थिति और परीक्षा से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: LPU रेप मामले में देर रात प्रदर्शन और तोड़फोड़, अब FIR दर्ज, वायरल वीडियो पर भी पुलिस की सफाई
सुसाइड नोट में माता-पिता और बहनों से मांगी माफी
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में पवन ने अपनी परेशानी और लगातार मिल रही असफलताओं का जिक्र किया है। उसने लिखा कि उसने बहुत कोशिश की, लेकिन उससे नहीं हो पा रहा था और बार-बार फेल होने और पीछे रह जाने से वह अंदर से टूट चुका था। नोट में उसने सरकारी नौकरी को अपना सपना और जीवन का आधार बताया और जिंदगी में मिली असफलता, हताशा, अकेलेपन और चिंता का जिक्र किया। उसने परिवार के साथ अपने रिश्तों की बात भी लिखी और माता-पिता तथा दोनों बहनों से माफी मांगी।


















