धर्मांतरण या प्रार्थना…बैतूल में राष्ट्रीय हिंदू सेना ने किया विरोध प्रदर्शन, दो लोग हिरासत में

बैतूल।कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर स्थित एक स्कूल में रविवार को प्रार्थना सभा को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। राष्ट्रीय हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने यहां लोगों का धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय के अनुसार संगठन को सूचना मिली थी कि स्कूल में 100 से अधिक लोगों को एकत्र कर धर्मांतरण कराया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उनका दावा है कि वहां प्रार्थना सभा चल रही थी और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल थे।
आरोप लगाकर कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। इसके बाद राष्ट्रीय हिंदू सेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्कूल परिसर के पास पहुंच गए और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। काफी देर तक कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को समझाइश दी। पुलिस ने मामले की जांच करने और जांच के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
ये भी पढ़ें: गुना में महिला की मौत के बाद बवाल, अस्पताल में तोड़फोड़, ओवरब्रिज पर 2 घंटे चक्काजाम
पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है। जांच में धर्मांतरण कराया जाना पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय हिंदू सेना की ओर से मामले को लेकर कोतवाली थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस फिलहाल शिकायत और मौके से सामने आए तथ्यों की जांच कर रही है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने आरोप लगाया कि कुछ मिशनरी से जुड़े लोग भोली-भाली जनता को कथित तौर पर लालच देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन की ओर से आंदोलन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की जांच जारी है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: ‘हर महीने सोना खरीदती हूं’... रील्स में दिखाती थीं गहनों का कलेक्शन, घर में हुई बड़ी चोरी; 1 करोड़ का सामान गायब!




















